BRICS Gala Dinner: दिनभर बैठकें, रात में शाही दावत... लेकिन डिनर टेबल पर न जिनपिंग आए न UAE के क्राउस प्रिंस, क्या रही वजह?
BRICS Gala Dinner: ब्रिक्स के सदस्य देशों के बीच शनिवार 12 सितंबर 2026 को बैठकों का दौर चला, जिसमें सदस्य देशों के साथ ही आमंत्रित देशों के प्रतिनिधियों ने भी शिरकत की। हालांकि, रात में गाला डिनर में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद शामिल नहीं हुए।
- भारत
- 4 min read

BRICS Gala Dinner: नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 18वें ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन के पहले दिन प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक नेताओं के सम्मान में एक भव्य गाला डिनर की मेजबानी की। इस शाही आयोजन में ब्रिक्स देशों के राष्ट्राध्यक्ष, प्रतिनिधि और कई विशिष्ट अतिथि शामिल हुए। हालांकि, इस भव्य रात्रिभोज में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग अनुपस्थित रहे। उनके अलावा, अबू धाबी (UAE) के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद भी इस डिनर में शामिल नहीं हुए।
मामले से अवगत एक सूत्र के मुताबिक, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग संभवत: आराम करने के लिए होटल लौट गए। वहीं अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के तुरंत बाद स्वदेश लौट गए। इसी कारण वे इस भव्य रात्रिभोज से अनुपस्थित रहे।
रात्रिभोज में कौन-कौन हुए शामिल?
भारत मंडपम में आयोजित इस भव्य शाही डिनर में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत ब्रिक्स देशों के तमाम वैश्विक नेता शामिल हुए। अंतरराष्ट्रीय दिग्गजों के अलावा, देश के कई केंद्रीय मंत्री और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस भव्य आयोजन का हिस्सा बने। केंद्रीय मंत्रियों में गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, अश्विनी वैष्णव, पीयूष गोयल, शिवराज सिंह चौहान, सर्बानंद सोनोवाल और किरेन रिजिजू समेत कई बड़े नेता एकजुटता दिखाते हुए दो बसों में सवार होकर एक साथ भारत मंडपम पहुंचे थे।
गाला डिनर का हिस्सा बने कई राज्यों के CM
वहीं कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों में यूपी के योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस, पश्चिम बंगाल के सुवेंदु अधिकारी, असम के हिमंत बिस्वा सरमा, उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी केंद्रीय मंत्रियों के साथ बसों में सवार होकर रात्रिभोज के लिए पहुंचीं। इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी साथ दिखे।
Advertisement
विश्व नेताओं ने चखा भारत का स्वाद
गाला डिनर मेन्यू में भारत की समृद्ध विरासत की झलक देखने को मिली। इसमें अलग-अलग राज्यों के पारंपरिक शाकाहारी व्यंजन शामिल रहे। गाला डिनर की शुरुआत स्टार्टर से हुई। विशिष्ट अतिथियों को खंडवी मिले-फॉय परोसा गया, जिसमें बेसन से बनी स्टीम्ड खंडवी को सरसों, नारियल और करी पत्ते के तड़के के साथ केसर आम, माइक्रोग्रीन्स और योगर्ट ड्रेसिंग के साथ पेश किया गया। खुंब गलौटी में तवे पर हल्के से ग्रिल हुए मशरूम कबाब को मिंट पर्ल्स और शीरमल ब्रेड के साथ परोसा गया।
हिमालयी गुच्छी से लेकर जलेबी-फिरनी तक, खास रहा मेन्यू
स्पेशल मेन्यू में पनीर लबाबदार, गुच्छी मार्मिक, कैरट बीन पोरियाल, ठक्काली बेले सारू, मिलेट पुलाव, बीटरूट रायता और विभिन्न प्रकार की रोटियों को शामिल किया गया था। गुच्छी मार्मिक को हिमालयी गुच्छी मशरूम और एस्पेरेगस के साथ केसर, किशमिश और ममरा बादाम से तैयार किया गया था। वहीं ठक्काली बेले सारू अरहर दाल और टमाटर से तैयार दक्षिण भारतीय शैली का हल्का सूप था।
Advertisement
इसके अलावा डेजर्ट में मेहमानों को ओल्ड दिल्ली फ्रूट क्रीम विद जलेबी परोसी गई, जो कि मौसमी फलों और हल्की व्हिप्ड क्रीम के साथ कुरकुरी जलेबी को शामिल कर बनाई गई थी। इसके साथ शहतूत फिरनी भी परोसी गई, जिसे धीमी आंच पर दूध और चावल से तैयार कर मीठे शहतूत और गोल्ड लीफ से डेकोरोट किया गया था।