सुकमा में जवानों संग नक्सलियों की मुठभेड़, एक को सुरक्षा बलों ने किया ढेर
जिले के कोंटा थाना क्षेत्र के बेलपोचा गांव के पास सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया।

Sukma Encounter Breaking News: सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने आधिकारिक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के कोंटा थाना क्षेत्र के बेलपोचा गांव के पास सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया। हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए हैं। सर्च ऑपरेशन चल रहा है।
उन्होंने बताया कि जिला रिजर्व गार्ड, बस्तर फाइटर्स और जिला बल- राज्य पुलिस की सभी यूनिट्स के कर्मियों को शामिल करते हुए यह ऑपरेशन बेलपोचा, जिनेटोंग और उस्कावेया गांवों के जंगलों में माओवादियों की मौजूदगी के बारे में इनपुट के आधार पर शुक्रवार रात शुरू किया गया था।
24 को ही अबूझमाड़ के ओरछा क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के बाद चार महिला और चार पुरुष नक्सलियों के शव बरामद हुए थे। अभियान से लौट रहे स्पेशल टास्क फोर्स के जवानों पर शुक्रवार को घात लगाकर नक्सलियों ने फिर हमला किया।
मृतक की पहचान अब तक नहीं
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक एसपी ने कहा कि जब गश्ती दल बेलपोचा के पास था तब दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी हुई। उन्होंने बताया कि फायरिंग थमने के बाद गश्ती दल ने मौके से एक नक्सली का शव, एक हथियार, भारी मात्रा में विस्फोटक और माओवादी से संबंधित सामग्री बरामद की। मृतक कैडर की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है और इलाके में तलाशी अभियान जारी है।
Advertisement
बीजापुर में भी मुठभेड़
सुकमा में ही नहीं प्रदेश के मिरतुर थाना क्षेत्र में भी नक्सलियों संग मुठभेड़ हुई। बीजापुर पुलिस ने जानकारी दी। बताया- यहां जप्पेमरका और कमकानार के जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में 2 नक्सली मारे गए। मौके से हथियार, वायरलेस सेट, कठपुतली, माओवादी वर्दी, दवाइयां, प्रतिबंधित माओवादी संगठन की प्रचार सामग्री, साहित्य और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की गई। इलाके में सघन सर्चिंग जारी है।
ये भी पढ़ें- आसमान में धुएं का गुबार और दूर तक हिल गई धरती, छत्तीसगढ़ बारूद फैक्ट्री ब्लास्ट का Live Video