अपडेटेड 22 February 2025 at 13:14 IST

छत्तीसगढ़ : सुकमा के जंगल से विस्फोटक और नक्सली सामान बरामद

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों ने जंगल में छापेमारी कर विस्फोटक और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

Follow : Google News Icon  
security forces recovered bodies of 10 Naxalites in Sukma
सामान बरामद | Image: ANI/File

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों ने जंगल में छापेमारी कर विस्फोटक और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के चिंतागुफा थाना क्षेत्र के अंतर्गत चिंतावागु नदी के करीब गुंडराजगुडेम गांव के जंगल क्षेत्र से बड़ी संख्या में हथियार और अन्य सामान बरामद किया है।

उन्होंने बताया कि चिंतागुफा थाना क्षेत्र में नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर शुक्रवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का कोबरा बटालियन और जिला बल के संयुक्त दल को पीनाचंदा, गुंडराजगुडेम गांव और चिंतावागु नदी क्षेत्र के जंगल में रवाना किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि दल जब अभियान के दौरान गुंडराजगुडेम गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर चिंतावागु नदी के तट पर स्थित घने जंगल में था तब उसे नक्सलियों द्वारा छुपाकर कर रखे गए विस्फोटक और अन्य सामान मिले।

उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों ने जंगल से दो देशी हथियार, एक दूरबीन, 50 मल्टीपल मेडिसिन स्ट्रिप, पांच इंजेक्शन, 12 इंजेक्शन सिरिंज, 50 ग्राम विस्फोटक पाउडर, नक्सली साहित्य और अन्य सामान बरामद किया है। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है। 

Advertisement

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 22 February 2025 at 12:23 IST