सुसाइड करने के लिए पहाड़ी पर चढ़ गया बेटा, बचाने गया पिता बेटे के साथ खाई में गिरा; सदमे में मां ने भी लगा दी छलांग तीनों की दर्दनाक मौत, VIDEO
संभाजीनगर जिले के तिसगांव गांव के खावड़ा पहाड़ी से सुसाइड करने की जिद पर अड़े बेटे को बचाने में पिता की भी जान चली गई। पति और बेटे की मौत के सदमे में मां ने भी उसी पहाड़ी से छलांग लगा दी। देखें पूरी घटना का VIDEO
- भारत
- 3 min read
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले से शुक्रवार को एक ऐसी दुखद घटना सामने आई कि जिसने भी सुना और देखा उसकी आंखे नम हो गई। जिले के खावड़ा पहाड़ी पर कुछ ही घंटों में एक हंसता खेलता परिवार हमेशा के लिए खत्म हो गया। देवलाई इलाके के 18 वर्षीय युवक कुणाल किसी वजह से परेशान होकर पहाड़ी पर पहुंच गया और जान देने की बात करने लगा। जैसे ही माता-पिता को इस बात की जानकारी मिली दोनों मौके पर पहुंचे और बेटे को समझाने की कोशिश करने लगे। मगर होनी को कुछ और मंजूर था।
कुणाल सुबह करीब 10 बजे पहाड़ी के किनारे पहुंच गया और जान देने की धमकी देने लगा। वह बार-बार माता-पिता से कह रहा था कि वह कूदने जा रहा है। करीब तीन घंटे तक गांववाले, स्थानीय लोग, सरपंच और परिवार के सदस्य उसे समझाने की कोशिश करते रहे। उसे भविष्य और माता-पिता के बारे के बारे में सोचने का आग्रह किया गया। सरपंच ने तो आईफोन देने तक की पेशकश की, लेकिन युवक किसी की बात नहीं माना।
सुबह 10 बजे से 1 बजे तक पहाड़ी पर चढ़ा रहा कुणाल
दोपहर करीब 1 बजे तक यह सिलसिला चलता रहा। समझाने की कोशिशों के दौरान पिता मुरलीधर पहाड़ पर बेटे के पास पहुंचे और उसे पकड़ने की कोशिश की। इसी बीच दोनों पहाड़ से नीचे गिर गए। यह देखकर मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए। पुलिस और अग्निशमन दल भी वहां मौजूद थे। अचानक हुई इस घटना से अफरा-तफरी और सदमा फैल गया।
खौफनाक वीडियो देख खड़े हो जाएंगे रोंगटे
पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसे देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कुणाल पहाड़ की ऊंची चोटी पर बिल्कुल किनारे जाकर खड़ा है। माता-पिता रोते हुए उसे बार-बार वापस आने को कह रहे हैं। वहां, मौजूद भीड़ भी कुणाल को समझाने की कोशिश कर रही है। वीडियो में कुणाल का परेशान चेहरा साफ नजर आ रहा है।
Advertisement
साथ में पहाड़ से खाई में गिरा बाप-बेटा
वीडियो में दिख रहा है कि कुणाल कि मां पहाड़ी पर बैठकर लगातार रो रही है। वहीं, पिता उसे बार-बार अपने पास बुला रहे हैं, मगर वो एक कदम भी आगे नहीं बढ़ाया। आखिर में पिता थोड़ा और करीब पहुंचे और कुणाल को बचाने की कोशिश की। जैसे ही पिता ने कुणाल को पकड़ने की कोशिश की, कुणाल ने नीचे छलांग लगा दी और इस प्रयास में उसके पिता भी पहाड़ी से गिर गए।
सदमे में मा ने लगाई छलांग
अपने पति और बेटे के साथ हुई घटना को देखकर मां संगीता भी सदमे में आ गईं और उन्होंने भी पहाड़ से छलांग लगा दी। इस तरह परिवार के तीनों सदस्यों की मौत हो गई।घटना के दौरान वहां मौजूद पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने वीडियो भी बनाए। पूरा मामला बेहद दुखद और सदमे वाला बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।