लैंडिंग के वक्त पैसेंजर ने खोला विमान का इमरजेंसी गेट और लगा दी छलांग, चेन्नई एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप, एक घंटे तक बंद रहा रनवे
Passenger jumps Plane: चेन्नई एयरपोर्ट पर शारजाह से आई एयर अरेबिया की फ्लाइट में एक यात्री ने लैंडिंग के बाद टैक्सी करते विमान का इमरजेंसी गेट खोलकर छलांग लगा दी। तबीयत खराब होने की वजह से यात्री के घबराने की आशंका जताई जा रही है।
- भारत
- 2 min read

Chennai Airport Passenger jumps Plane: चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आज सुबह एक ऐसी घटना घटी जिसने सुरक्षा अधिकारियों और यात्रियों के होश उड़ा दिए। शारजाह से चेन्नई आ रही एयर अरेबिया की फ्लाइट में सवार एक यात्री ने विमान के लैंड होने के बाद, टैक्सीवे पर चलते समय अचानक इमरजेंसी एग्जिट (आपातकालीन दरवाजा) खोल दिया और बाहर छलांग लगा दी। इस दुस्साहस के कारण एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई और एहतियात के तौर पर मुख्य रनवे को एक घंटे के लिए बंद करना पड़ा।
लैंडिंग के तुरंत बाद टैक्सीवे पर हुई घटना
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, यह घटना तब हुई जब विमान रनवे पर सुरक्षित लैंड कर चुका था और पार्किंग स्टैंड की ओर टैक्सीवे पर धीरे-धीरे बढ़ रहा था। इसी बीच, एक पुरुष यात्री ने अचानक सुरक्षा नियमों को ताक पर रखकर आपातकालीन दरवाजा खोल दिया।
बता दें, इस दौरान विमान पूरी तरह अभी रुका नहीं था, बल्कि टैक्सीवे पर गति में ही था। घटना के बाद पायलट ने तुरंत ग्राउंड कंट्रोल और सुरक्षा टीम को अलर्ट किया। फिर CISF के जवानों ने तुरंत घेराबंदी कर यात्री को हिरासत में ले लिया। राहत की बात रही कि इस घटना में यात्री को कोई गंभीर चोट नहीं आई और विमान को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
क्यों कूदा यात्री?
शुरुआती जांच में यात्री के इस अजीबोगरीब व्यवहार के पीछे स्वास्थ्य कारणों की बात सामने आ रही है। एयरपोर्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उड़ान के दौरान यात्री की तबीयत ठीक नहीं लग रही थी। उसने विमान के भीतर दो बार उल्टी भी की थी।
Advertisement
अधिकारियों का अनुमान है कि संभवतः घबराहट या खराब शारीरिक स्थिति के कारण उसने अचानक दरवाजा खोलकर कूदने का फैसला लिया। हालांकि, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस मामले की गहराई से जांच कर रही हैं कि कहीं इसके पीछे कोई और मंशा तो नहीं थी।
रनवे बंद होने से उड़ानों पर असर
इस अप्रत्याशित घटना के बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत चेन्नई एयरपोर्ट के मुख्य रनवे को सुबह 03:23 बजे से 04:23 बजे तक बंद रखा गया। इस एक घंटे के दौरान आने-जाने वाली उड़ानों को दूसरे रनवे पर डायवर्ट किया गया। फिलहाल यात्री पुलिस की हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है कि उसने सुरक्षित तरीके से विमान के रुकने का इंतजार क्यों नहीं किया।