Ankita Bhandari Murder Case: अंकिता भंडारी मर्डर केस में CBI का बड़ा एक्शन, Ex MLA सुरेश राठौड़ से हरिद्वार वाले घर पर छापा; घंटों तक हुई पूछताछ
उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अपनी जांच का दायरा तेजी से बढ़ा दिया है। जांच एजेंसी ने इसी कड़ी में हरिद्वार और देहरादून में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
- भारत
- 3 min read
उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अपनी जांच का दायरा तेजी से बढ़ा दिया है। जांच एजेंसी ने इसी कड़ी में हरिद्वार और देहरादून में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मामले से जुड़े नए तथ्यों और सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक कथित ऑडियो के सामने आने के बाद, सीबीआई ने पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौड़ के हरिद्वार स्थित आवास पर छापेमारी की है, वहीं देहरादून के शिवालिक गेस्ट हाउस में उनसे पूछताछ की जा रही है।
अंकिता भंडारी हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी सीबीआई की टीम ने ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ के हरिद्वार स्थित आवास पर अचानक दबिश दी। इसके साथ ही, देहरादून के शिवालिक गेस्ट हाउस में उन्हें बैठाकर लगातार पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में मामले में सामने आए नए और अहम तथ्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। हालांकि, छापेमारी के दौरान जांच टीम को क्या हाथ लगा और पूछताछ में पूर्व विधायक ने क्या खुलासे किए हैं, इस संबंध में फिलहाल सीबीआई की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
कथित ऑडियो और 'VIP कनेक्शन' से गरमाया मामला
बीते दिसंबर महीने में अभिनेत्री उर्मिला सनावर का एक वीडियो सामने आया था, जिसके बाद पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ की एक कथित ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गई थी। इस वायरल ऑडियो में कथित तौर पर हत्याकांड से जुड़े 'VIP कनेक्शन' को लेकर बातचीत की गई थी।
Advertisement
ऑडियो में एक वरिष्ठ राजनीतिक नेता का नाम भी जोड़े जाने की चर्चा
सीबीआई अब इसी ऑडियो और उससे जुड़े हर एक पहलू की तकनीकी और कागजी जांच कर रही है। एजेंसी का मुख्य उद्देश्य इस कड़ी को जोड़कर मुख्य आरोपियों और इस मामले से जुड़े अन्य संभावित चेहरों तक पहुंचना है।
Advertisement
दिल्ली में सीबीआई अधिकारियों से मिले अंकिता के माता-पिता
इस हाई-प्रोफाइल जांच के बीच, अंकिता भंडारी के पिता वीरेंद्र भंडारी और माता सोनी देवी ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय पहुंचकर वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की।
ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग
परिजनों ने जांच अधिकारियों को मामले से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सौंपे और जल्द से जल्द न्याय दिलाने की मांग की। सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारियों ने पीड़ित माता-पिता को भरोसा दिलाया है कि मामले के हर पहलू की गहराई से और पूरी निष्पक्षता के साथ जांच की जा रही है।
इंडिया गेट प्रदर्शन के बाद बढ़ी सियासी सरगर्मी
इससे पहले अंकिता के माता-पिता ने न्याय की मांग को लेकर दिल्ली के इंडिया गेट पर धरना-प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन के दौरान राजनीतिक हलचल उस وقت तेज हो गई जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मौके पर पहुंचकर उन्हें अपना समर्थन दिया था। हालांकि, बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटा दिया था।