बंगाल की 3 राज्यसभा सीटों पर उपचुनाव का ऐलान; कब होगी वोटिंग और काउंटिंग? TMC सांसदों के इस्तीफे से हुई थीं खाली; अब BJP पड़ेगी ममता पर भारी?
चुनाव आयोग ने बंगाल की 3 राज्यसभा सीटों पर 24 जुलाई को उपचुनाव कराने का ऐलान किया है, जो TMC सांसदों के इस्तीफे से खाली हुई थीं। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सुष्मिता देव, सुखेंदु शेखर रॉय और प्रकाश चिक बराइक के इस्तीफे दिए थे।
- भारत
- 2 min read

Rajya Sabha Elections 2026: चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल की राज्यसभा की तीन सीटों के लिए उपचुनाव का ऐलान कर दिया है। इन सीटों पर 24 जुलाई को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और उसी दिन शाम पांच बजे मतगणना भी कराई जाएगी। ये तीनों सीटें तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सुष्मिता देव, सुखेंदु शेखर रॉय और प्रकाश चिक बराइक के इस्तीफे से खाली हुई थी।
27 जुलाई तक पूरी होगी प्रक्रिया
चुनाव आयोग के आधिकारिक प्रेस नोट के मुताबिक, निर्वाचन प्रक्रिया की शुरुआत 7 जुलाई को अधिसूचना जारी होने के साथ होगी, जिसके बाद उम्मीदवार 14 जुलाई तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। इसके अगले दिन, यानी 15 जुलाई को सभी नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। अगर कोई उम्मीदवार अपना नाम वापस लेना चाहता है, तो उसके लिए 17 जुलाई तक का समय तय किया गया है। 27 जुलाई तक चुनाव की यह पूरी प्रक्रिया संपन्न करा ली जाएगी।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) में बड़ी सियासी उठापटक देखने को मिली है। पहले पार्टी के कई विधायकों ने ममता बनर्जी का साथ छोड़ दिया है और अपना अलग गुट बनाकर उन्हें चुनौती दी। बात विधायकों की बगावत तक ही नहीं रुकी। इसके बाद TMC के लोकसभा के कई सांसद बागी हो गए। वहीं, राज्यसभा के तीन सांसदों ने भी इस्तीफा दे दिया।
TMC सांसदों ने दिए थे इस्तीफे
सबसे पहले 8 जून को पार्टी के वरिष्ठ राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रॉय ने अपने पद और पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। इसके बाद 10 जून को सुष्मिता देव ने इस्तीफा सौंपा। सुष्मिता देव ने दिल्ली में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से मुलाकात भी की थी। इसके बाद कयास लगाए जा रहे थे कि वह BJP में शामिल हो सकती हैं और उन्हें असम से राज्यसभा भेजा जा सकता है। इसके एक दिन बाद 11 जून को राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बराइक ने भी इस्तीफा दे दिया था।