Budget Session 2026: राष्ट्रपति मुर्मू के संबोधन के दौरान विपक्ष ने G-RAM-G का किया विरोध, सदन में क्या-क्या हुआ?
Budget Session 2026: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जब विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VB-G RAM G) अधिनियम का जिक्र किया, तो विपक्षी सांसद खड़े हो गए। विपक्षी सांसदों ने इस दौरान नारेबाजी करते हुए कानून वापस लेने की मांग की।
- भारत
- 4 min read

विपक्षी पार्टियों द्वारा MGNREGA को खत्म करने का विरोध अभी भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में आज बुधवार को बजट सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति के संबोधन से पहले दोनों सदनों के विपक्षी सांसदों ने जोरदार हंगामा किया और अपना विरोध दर्ज कराया।
राष्ट्रपति के संबोधन के दौरान विरोध
बता दें, संसद का बजट सत्र आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करने के साथ शुरू हुआ था। लेकिन, 45 मिनट के संबोधन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जब विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VB-G RAM G) अधिनियम का जिक्र किया, तो विपक्षी सांसद खड़े हो गए। विपक्षी सांसदों ने इस दौरान नारेबाजी करते हुए कानून वापस लेने की मांग की।
MGNREGA को जबरन खत्म किया: कांग्रेस नेता जयराम रमेश
विरोध प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने X पर पोस्ट किया कि, “"आज, माननीय राष्ट्रपति के संसद के दोनों सदनों को संबोधन के दौरान, सभी विपक्षी पार्टियों ने MGNREGA को जबरन खत्म करने का सबसे सम्मानजनक और गरिमापूर्ण तरीके से विरोध किया। विपक्ष MGNREGA को बहाल करने की मांग के लिए सभी लोकतांत्रिक तरीकों का इस्तेमाल करेगा।”
कांग्रेस के हंगामे पर भड़के किरेन रिजिजू
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राष्ट्रपति के संबोधन के दौरान हंगामा करने के लिए विपक्षी पार्टियों की खूब आलोचना की। उन्होंने कहा कि विपक्ष का यह कृत्य देश को शर्मिंदा करता है। उन्होंने कहा कि देश कांग्रेस और उसके सहयोगियों को कभी माफ नहीं करेगा।
Advertisement
मंत्री ने कहा, ‘जब राष्ट्रपति संसद के दोनों सदनों को संबोधित कर रहे थे, तब विपक्ष ने जो किया, उससे देश शर्मिंदा हुआ है। देश कांग्रेस और उसके सहयोगियों को कभी माफ नहीं करेगा। क्या कोई जिम्मेदार सांसद ऐसा व्यवहार कर सकता है? जब वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ का जिक्र हो रहा था, बंकिम चंद्र चटर्जी को श्रद्धांजलि दी जा रही थी, जब श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस का जिक्र हुआ, जब बाबासाहेब अंबेडकर की 150वीं जयंती का जिक्र हुआ, तो तो पूरे विपक्ष ने हंगामा किया। वे नारे लगाकर उनका अपमान कर रहे हैं...मुझे लगता है कि देश उन्हें कभी माफ नहीं करेगा।’
क्या है VB-G RAM G ?
बता दें, VB-G RAM G एक्ट 2025 में संसद के शीतकालीन सत्र में पास किया गया था और यह 100 दिन की रोजगार गारंटी को 125 दिन की गारंटी से बदलता है। हालांकि, विपक्ष ने इस कानून की आलोचना की है क्योंकि इसमें महात्मा गांधी का नाम हटा दिया गया है, साथ हीं केंद्र और राज्यों के बीच फंड के 60:40 शेयर को हटा दिया गया है।
Advertisement
राष्ट्रपति ने अभिभाषण में क्या कहा?
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बजट सत्र के पहले दिन संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए सांसदों से सदन चलाने में सहयोग की अपील की। उन्होंने संसद में 45 मिनट स्पीच दिया। इस दौरान राष्ट्रपति ने 4 बड़ी बातें कहीं…
- ऑपरेशन सिंदूर: ऑपरेशन सिंदूर से भारतीय सेना का शौर्य पूरी दुनिया ने देखा है। भारतीय सेना ने आतंकी अड्डों को ध्वस्त किया। मिशन सुदर्शन चक्र पर काम चल रहा है।
- नई पीढ़ी को पूर्वजों से सीख मिलती है: जब देश अपने पूर्वजों के योगदान को याद करता है, तो नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है, जो विकसित भारत की ओर हमारी यात्रा को और तेज करती है।
- भारत का दुनिया में सेतु की भूमिका: भारत पर दुनिया के देश भरोसा व्यक्त करते हैं। भारत सेतु की भूमिका निभा रहा है। भारत ने ग्लोबल साउथ की आवाज को और मुखरता से तेज किया है।
- स्वदेशी अंतरिक्ष स्टेशन जल्द: देश में वर्तमान में 150 वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं। भारत अपना अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
बजट सत्र 2026 में खास..
भारत का आर्थिक सर्वेक्षण 29 जनवरी को पेश किया जाना है, जिसके बाद 1 फरवरी को केंद्रीय बजट 2026-27 पेश किया जाएगा। यह सत्र 65 दिनों में 30 बैठकों के साथ 28 जनवरी से 2 अप्रैल तक चलेगा, जो दो हिस्सों में होगा। पहला हिस्सा 28 जनवरी से 13 फरवरी तक और दूसरा हिस्सा 9 मार्च से 2 अप्रैल तक होगा।