अपडेटेड 23 July 2024 at 09:21 IST
Budget: कभी समय बदला तो कभी तारीख, जुड़ती चली गई कई परंपराएं;जान लीजिए बजट से जुड़ी दिलचस्प बातें
Budget 2024: आमतौर पर बजट को 1 फरवरी को पेश किया जाता है। स्वतंत्र भारत का पहला आम बजट 26 नवंबर 1947 को पेश हुआ था, उसके बाद से कई बदलाव इसमें हो चुके हैं।
- भारत
- 4 min read

Union Budget 2024: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज संसद में वित्त वर्ष 2024-25 के लिए केंद्रीय बजट पेश करेंगी। आज सुबह 11 बजे मोदी 3.0 सरकार के तहत पहला पूर्ण बजट संसद के पटल पर पेश किया जाएगा। ये उम्मीदों का बजट होगा। केंद्र में लगातार तीसरी बार आने वाली नरेंद्र मोदी सरकार से अलग-अलग सेक्टर से जुड़े लोग बहुत आस लगाए बैठे हैं। सभी की निगाहें वित्त मंत्री की तरफ से की जाने वाली प्रमुख घोषणाओं पर होंगी, जिनमें अर्थव्यवस्था के बारे में सरकार के दूरगामी विजन को भी रखा जा सकता है। बजट में आयकर ढांचे में बदलाव और भारत में व्यापार करने में आसानी में सुधार पर ध्यान केंद्रित करने की संभावना है।
आमतौर पर बजट को 1 फरवरी को पेश किया जाता है। हालांकि भारत की आजादी के बाद से बजट को लेकर कई तरह के बदलाव देखे जा चुके हैं। स्वतंत्र भारत का पहला आम बजट 26 नवंबर 1947 को पेश हुआ, तब से लेकर बजट पेश करने के दिन और समय तक में बदलाव हो चुका है। अभी बजट से जुड़े कुछ ऐसी ही दिलचस्प बातों को जानने की कोशिश करते हैं...
बजट से जुड़ी दिलचस्प बातें
- पहले बजट पारंपरिक रूप से फरवरी के आखिरी दिन शाम 5 बजे पेश किया जाता था।
- 1999 में बजट पेश करने का समय बदला। अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में तत्कालीन वित्त मंत्री यशवंत सिंह ने सुबह 11 बजे बजट पेश किया था।
- 2017 में बजट पेश करने की तारीख बदली, जिसके बाद से एक फरवरी को बजट पेश किया जाने लगा।
- बरस 1964 तक केंद्रीय बजट और आर्थिक सर्वेक्षण एक साथ पेश किए जाते थे। उसके बाद परंपरा बदली। अभी आर्थिक सर्वेक्षण को केंद्रीय बजट से एक दिन पहले पेश किया जाता है।
- 1964 में टीटी कृष्णमाचारी देश के वित्त मंत्री थे, जब आर्थिक सर्वेक्षण को केंद्रीय बजट से एक दिन पहले पेश करने की शुरुआत हुई।
- पहला आर्थिक सर्वेक्षण 1950-51 में अस्तित्व में आया था, जब ये बजट दस्तावेजों का हिस्सा हुआ करता था।
बजट से पहले आर्थिक सर्वे करने की व्यवस्था क्यों?
बजट पेश किए जाने से एक दिन पहले सरकार आमतौर पर अपना आर्थिक सर्वेक्षण पेश करती है। इस बार 22 जुलाई को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आर्थिक सर्वेक्षण जारी किया। आर्थिक सर्वेक्षण देश में आर्थिक रुझानों को सामने लाता है। इसे मुख्य आर्थिक सलाहकार तैयार करते हैं। 3 बिंदुओं के जरिए आर्थिक सर्वेक्षण को सरलता से समझा जा सकता है।
Advertisement
पार्ट-1: इसमें अर्थव्यवस्था से जुड़ी अहम बातें शामिल होती हैं।
पार्ट-2: इसमें अलग-अलग सेक्टर का प्रदर्शन और उससे जुड़े आंकड़े होते हैं।
पार्ट-3: इसमें रोजगार, महंगाई, आयात-निर्यात, बेरोजगारी और उत्पादन जैसे क्षेत्रों से जुड़ी अहम जानकारियां होती हैं।
यह भी पढ़ें: निर्मला सीतारमण सैलरीड कर्मचारियों के लिए कर सकती हैं बड़ा ऐलान, टैक्स स्लैब में बदलाव संभव
Advertisement
बजट से पहले हलवा सेरेमनी की परंपरा
बजट पेश होने से पहले एक और महत्वपूर्ण कार्यक्रम 'हलवा सेरेमनी' का होता है। बजट पेश होने से कुछ दिन पहले सरकार में 'हलवा समारोह' आयोजित करने की परंपरा है, जो बजट दस्तावेज की छपाई की शुरुआत का प्रतीक है। नॉर्थ ब्लॉक में स्थित बेसमेंट के अंदर केंद्रीय बजट की छपाई 1980 से एक स्थायी विशेषता रही है। इस साल 2024-25 के पूर्ण बजट के लिए 'हलवा सेरेमनी' 16 जुलाई को वित्त मंत्री सीतारमण, राज्य मंत्री पंकज चौधरी और सचिवों की उपस्थिति में नॉर्थ ब्लॉक में आयोजित की गई। इस मौके पर बजट प्रक्रिया में शामिल अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद थे।
'हलवा सेरेमनी' का एक दिलचस्प पहलू ये है कि ये वित्त मंत्रालय में तालाबंदी की शुरुआत का भी प्रतीक है। इसका अर्थ है कि बजट प्रक्रिया में शामिल किसी भी अधिकारी को मंत्रालय परिसर छोड़ने की अनुमति नहीं है। बजट टीम के सभी लोगों को संसद में वित्तीय दस्तावेज पेश किए जाने के बाद ही बाहर जाने की अनुमति मिलती है। इस बीच में वो कड़ी निगरानी में रहते हैं।
बजट पेश करने से जुड़े कुछ तथ्य
- स्वतंत्र भारत का पहला आम बजट 26 नवंबर 1947 को पेश हुआ। देश के पहले वित्त मंत्री आर के शनमुखम चेट्टी ने इसे पेश किया।
- पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई ने वित्त मंत्री के तौर पर कुल 10 बजट पेश किए। उन्होंने जवाहरलाल नेहरू और बाद में लाल बहादुर शास्त्री के कार्यकाल में बजट को पेश किया था।
- वित्त मंत्री के तौर पर 2020 में निर्मला सीतारमण ने सबसे लंबा बजट भाषण देने का रिकॉर्ड बनाया।
- 1977 में हीरूभाई मुलजीभाई पटेल ने सबसे छोड़ा बजट भाषण दिया, जो सिर्फ 800 शब्दों का था। हालांकि ये अंतरिम बजट भाषण था।
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 23 July 2024 at 09:18 IST