Budget 2024: बजट के खिलाफ कांग्रेस ने किया संसद के बाहर प्रदर्शन करने का ऐलान
Budget 2024 Live: मोदी सरकार के लगातार तीसरे कार्यकाल में पहला आम बजट पेश किया रहा है। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण 7वीं बार बजट पेश कर रही हैं। किसानों, गरीबों, महिलाओं और युवाओं पर बजट में फोकस किया गया है।
- भारत
- 23 min read

बजट पर त्रिपुरा के मुख्यमंत्री का बयान
केंद्रीय बजट 2024-25 पर त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा, "मैंने आज तक इतना अच्छा बजट नहीं देखा। इस बजट से प्रधानमंत्री मोदी का विकसित भारत का विजन पूरा होगा। भारत की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मैं धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने इतना अच्छा बजट पेश किया। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को 5 साल तक बढ़ा दिया गया। गांवों का संपूर्ण विकास हो उसका भी ध्यान रखा गया है। 5 साल में युवाओं को किस तरह से रोजगार दिया जाए इस बजट में उसका ध्यान रखा गया है। पूर्वोत्तर के लिए एक बहुत अच्छी बात यह देखने को मिली कि यहां बैंक सेवाओं (इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक) की 100 से अधिक शाखाओं का विस्तार किया गया है। इस बजट से सभी लोग खुश हैं।"
जेपी नड्डा का ट्वीट
केंद्रीय मंत्री-भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने ट्वीट किया, "आपदाएं भले ही थोड़े समय के लिए हों, लेकिन उनका असर हमें सालों तक सताता रहता है। पिछले साल देवभूमि हिमाचल प्रदेश ने अपने इतिहास की सबसे भीषण आपदाओं में से एक का सामना किया। आज वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी ने हिमाचल प्रदेश को सहायता की घोषणा की, जहां केंद्र सरकार बहुपक्षीय विकास सहायता के माध्यम से पुनर्निर्माण और पुनर्वास के लिए राज्य को सहायता प्रदान करेगी।"
Advertisement
झारखंड की कृषि मंत्री का बजट पर बयान
केंद्रीय बजट 2024-25 पर झारखंड कृषि मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा, "इस बजट की कई सारी चीजें उन्होंने कांग्रेस के घोषणापत्र से ली हैं। ये चीजें जब धरातल पर आ जाएंगी तो हम समझेंगे कि केंद्र सरकार की कथनी और करनी में फर्क नहीं है। मुझे खासकर कृषि बजट को लेकर चिंता है कि उसमें झारखंड का कोई जिक्र नहीं है।"
'बजट महिलाओं-गरीबों और किसानों को समर्पित'
बजट पर राजस्थान CM भजनलाल शर्मा ने कहा, "ये बजट महिलाओं, गरीबों और किसानों को समर्पित है। ये प्रधानमंत्री मोदी के 2047 तक विकसित बनाने के संकल्प को मजबूत करने वाला बजट है। टैक्स में छूट से मध्यम वर्ग को बड़ी राहत मिली है।"
Advertisement
बजट से सबको निराशा हुई- संजय सिंह
बजट 2024-25 पर AAP नेता संजय सिंह ने कहा, "देश के करोड़ों किसानों को इस बजट से निराशा हुई है क्योंकि उन्हें उम्मीद थी कि इस बजट से MSP दोगुना होगी। देश के करोड़ों युवाओं को उम्मीद थी कि अग्निवीर योजना को खत्म करके सेना की पुरानी भर्ती आप बहाल करेंगे। करोड़ों लोगों को उम्मीद थी कि महंगाई से आप राहत देंगे, डीजल पेट्रोल के टैक्स में आप छूट देंगे लेकिन आपने ऐसा नहीं किया। शेयर मार्किट गिरा है। इस बजट से शेयर बाजार को भी निराशा हुई है और आम लोगों को भी निराशा हुई है।"
बजट पर कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी का बयान
कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने बजट को लेकर कल यानी बुधवार को संसद के बाहर प्रदर्शन करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि संसद के अंदर भी अपनी आवाज उठाएंगे। शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक ढंग से अपनी बात रखेंगे। भारत के संघीय ढांचे के खिलाफ बजट है। भारत सरकार के बजट को ऐसा किया गया है जैसे बीजेपी का बजट हो। कल सुबह साढ़े 10 बजे मकर द्वार, एंट्री प्वाइंट (संसद) पर आप आमंत्रित हैं।
हरीश रावत का बजट पर बयान
केंद्रीय बजट 2024-25 पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा, "इस बजट में कई बातें सामान्य हैं लेकिन कई बातें हमारे (कांग्रेस) घोषणापत्र से भी लिए हैं। मुझे सबसे ज्यादा निराशा तीन बिंदुओं पर हुई है। पहला कृषि क्षेत्र जिसका व्यय घटा है। स्वास्थ्य और शिक्षा का भी व्यय घटा है। समाज कल्याण के लिए भी कुछ पुरानी योजनाओं का व्यय खत्म है। शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज कल्याण ऐसे क्षेत्र हैं जहां सरकार को बजट बढ़ाना चाहिए थाष हिमाचल प्रदेश को आपदा के मामले में छोड़ दिया जो बड़ा निंदनीय है।"
मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर पहुंचे राहुल गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी संसद सत्र को लेकर INDI गठबंधन की एक बैठक के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर पहुंचे।
बजट में विकसित भारत बनाने की नींव रखी गई- विजय सिन्हा
बजट पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा, "बिहार के उत्थान और विकसित भारत बनाने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। बहुत सारी योजनाओं की घोषणा की गई है। बजट में भारत को विकसित भारत बनाने की नींव रखी गई है।"
'विकसित भारत के निर्माण में एक नया अध्याय लिखेगा यह बजट'
हरियाणा CM नायब सिंह सैनी ने बजट पर कहा, "यह बजट विकसित भारत के निर्माण में एक नया अध्याय लिखेगा। इस बजट में कृषि को अधिक लाभकारी बनाने, अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने, अधिक से अधिक रोजगार सृजित करने का विज़न दिखाई देता है।"
'MSP की गारंटी पर सरकार ने कुछ नहीं कहा'
केंद्रीय बजट 2024-25 पर सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा, "उम्मीद थी कि बहुत सारी कल्याणकारी योजनाओं, नौजवानों और किसानों पर बात की जाएगी। बेरोजगारों को और बेरोजगार करने का इंतजाम किया गया है। महंगाई पर कोई लगाम नहीं लगाई गई। MSP की गारंटी पर सरकार ने कुछ नहीं कहा। स्वास्थ्य का बजट नहीं बढ़ाया गया... SC-ST और OBC के लिए पूरे बजट में मुझे कोई कल्याणकारी योजना नहीं दिखाई दी... सफाई कर्मचारियों के लिए अलग से बजट की व्यवस्था की जानी चाहिए थी... ऐसा लगता है कि यह बजट खोखला है और जनता ठगी गई है।"
'सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाला है बजट'
केंद्रीय बजट 2024-25 पर केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल वर्मा ने कहा, "यह देश की उम्मीदों से भरा बजट है जिसमें देश के गरीबों, युवाओं और मध्य वर्ग को सशक्त करने के प्रावधान किए गए हैं। मैं कह सकता हूं कि यह बजट सभी वर्गों को साथ लेकर विकास के रास्ते पर चलने वाला बजट है।"
'बजट में हिमाचल की अनदेखी हुई'
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, "हम चाहते हैं कि आपदा के लिए हमने 9 हजार करोड़ की जो मांग की थी वह हमें मिले। आंध्र प्रदेश और बिहार के साथ अपने समझौते को आगे बढ़ाने के लिए पैसा दिया गया होगा...यह बहुत खेद की बात है कि बजट में हिमाचल की अनदेखी हुई है।"
विपक्ष को हरदीप सिंह पुरी की सलाह
केंद्रीय बजट 2024-25 पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, "विपक्ष का तो काम है खुश न होना लेकिन मेरी उनको एक राय है कि वे बजट को एक बार पढ़ लें। हम बजट का निरंतर विश्लेषण कर रहे हैं। अगर हम पूरे पूर्वी क्षेत्र के लिए कुछ कर रहे हैं और उसमें बिहार का भी लाभ होता है तो हम ऐसा क्यों नहीं करेंगे?"
सिंहासन को बचाने के लिए लाया गया बजट- मल्लिकार्जुन खड़गे
केंद्रीय बजट 2024-25 पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "यह बजट बहुत निराशाजनक बजट है। अपने सिंहासन को बचाने के लिए यह बजट लाया गया है। किसानों के लिए हमारी MSP को लेकर अपेक्षा थी वो इसमें नहीं है। रेल को लेकर जितनी दुर्घटनाएं हो रही हैं। रेलवे बजट भी काफी कमजोर बनाया गया है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक, केरल में बाढ़ की स्थिति है। उसे लेकर भी कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।"
बजट पर क्या बोले जेपी नड्डा?
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा, "इस बजट में मातृ शक्ति के आगे बढ़ने की छाप है, कृषि विकास का आधार भी है। नौजवानों को आगे बढ़ने के लिए खुला आसमान है, गरीबों के चेहरे पर लाने वाली मुस्कान भी है। यह रोजगार के सृजन के प्रति समर्पित बजट है। मैं इस बजट के लिए प्रधानमंत्री मोदी, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और उनकी पूरी टीम को बधाई देता हूं और धन्यवाद देता हूं। प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम शुरू करने का निर्णय सराहनीय है। 63,000 आदिवासी गांव इसमें कवर किए जाएंगे।"
Budget 2024 Live: बजट पर क्या बोले सीएम योगी?
Budget 2024 Live: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्ग दर्शन में देश की नई संसद में वित्त मंत्री ने देश का आम बजट प्रस्तुत किया है। ये बजट 140 करोड़ देशवासियों की आशा, आकांक्षा और अमृत काल के संकल्पों को पूरा करने वाला सिद्ध होगा। आम बजट 2024-25 आत्मनिर्भर और विकसित भारत का एक दस्तावेज है। इस बजट में अंत्योदय की पावन भावना विकास की असीम संभावना है। इस बजट में किसानों की समृद्धि के लिए 1 लाख 52 हजार करोड़ रुपए कृषि और सहायक सेक्टर के लिए, महिला सशक्तिकरण के लिए 3 लाख करोड़ से अधिक का प्रावधान किया गया है। देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश की आबादी इससे लाभान्वित होने वाली है।"
Budget 2024 Live: चंद्रबाबू नायडू ने PM मोदी का किया धन्यवाद
Budget 2024 Live: CM चंद्रबाबू नायडू ने पीएम मोदी का धन्यवाद किया। उन्होंने लिखा आंध्र प्रदेश के सीएम एन चंद्रबाबू नायडू ने ट्वीट किया, "आंध्र प्रदेश के लोगों की ओर से, मैं प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को हमारे राज्य की जरूरतों को पहचानने और वित्त वर्ष 24-25 के केंद्रीय बजट में राजधानी, पोलावरम, औद्योगिक नोड्स और आंध्र प्रदेश में पिछड़े क्षेत्रों के विकास पर ध्यान केंद्रित करने के लिए धन्यवाद देता हूं। केंद्र से यह सहायता आंध्र प्रदेश के पुनर्निर्माण में एक लंबा रास्ता तय करेगी। मैं आपको इस प्रगतिशील और आत्मविश्वास बढ़ाने वाले बजट की प्रस्तुति के लिए बधाई देता हूं।"
Budget 2024 Live: बिहार के लिए बहुत कुछ है और आगे बहुत कुछ आना है: भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी
Budget 2024 Live: भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा, "जिस प्रकार से इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन इन सभी विषयों के लिए, विशेषकर रोजगार के लिए प्रधानमंत्री ने हमारी मांगों को पूरा करने के लिए जो शुरुआत की है, विशेषकर बाढ़ प्रबंधन के लिए जो निवेश किया जाएगा वह अपने आप में ऐतिहासिक है। बिहार के लिए बहुत कुछ है और आगे बहुत कुछ आना है।"
Budget 2024 Live: केंद्रीय बजट से नाखुश राकेश टिकैत
Budget 2024 Live: केंद्रीय बजट 2024 पर किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा, "उन्हें (केंद्र को) यह बजट कागजों पर तो ठीक लगता होगा, लेकिन जमीनी स्तर पर इससे किसानों को कोई फायदा नहीं होने वाला है...सरकार को फसलों की कीमत देनी चाहिए, मुफ्त बिजली, सस्ती खाद देनी चाहिए, खेती के उपकरणों पर जीएसटी कम करना चाहिए..."
Budget 2024 Live: पीएम मोदी ने दी बजट की बधाई
Budget 2024 Live: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बजट की बधाई देते हुए कहा, "देश को विकास की नई ऊंचाइ पर ले जाने वाले इस महत्वपूर्ण बजट के लिए मैं देशवासियों को बधाई देता हूं। यह बजट समाज के हर वर्ग को शक्ति देने वाला है, यह देश के गांव, गरीब, किसान को समृद्धि की राह पर ले जाने वाला है। पिछले 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं... नौजवानों को अनगिनत नए अवसर देने वाला बजट है। इस बजट से शिक्षा और स्किल को नई ऊंचाइ मिलेगी, यह मध्यम वर्ग को नई ताकत देने वाला बजट है। यह जनजातीय समाज, पिछड़ों को सशक्त करने की मजबूत योजना के साथ आया है। इस बजट से महिलाओं की आर्थिक भागीदारी सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। इस बजट में छोटे व्यापारियों, लघु उद्योगों की प्रगति का नया रास्ता मिलेगा। बजट में उत्पादन और इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी बल है, इससे आर्थिक विकास को नई गति और निरंतरता मिलेगी।"
Budget 2024 Live: नए टैक्स रिजीम में बड़ा बदलाव
Budget 2024 Live: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि आयकर अधिनियम-1961 की समीक्षा की जाएगी और इसे संक्षिप्त करने के साथ पढ़ने में आसान बनाया जाएगा। नई कर व्यवस्था को भी सरल बनाना जाएगा। साथ में वेतनभोगी कर्मचारियों को 17,500/- तक की टैक्स बचत होगी। स्टैंडर्ड डिडक्शन 50 हजार से बढ़ाकर 75 हजार करने का ऐलान हुआ है। पारिवारिक पेंशन पर कटौती को भी 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये किया गया है।
Budget 2024 Live: कॉर्पोरेट टैक्स की दर 40% से घटाकर 35%
Budget 2024 Live: निवेश, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा को बढ़ावा देने पर, केंद्रीय बजट 2024-25 में कई ऐलान किए गए हैं। भारतीय स्टार्ट-अप इको-सिस्टम को मजबूत करने के लिए सभी वर्गों के निवेशकों के लिए एंजेल टैक्स समाप्त किया जाएगा। विदेशी कंपनियों पर कॉर्पोरेट टैक्स की दर 40% से घटाकर 35% की जाएगी। देश में घरेलू क्रूज संचालित करने वाली विदेशी शिपिंग कंपनियों के लिए सरल कर व्यवस्था।
Budget 2024 Live: कैंसर के मरीजों के लिए कस्टम फ्री दवाई
Budget 2024 Live: सरकार ने अपने बजट में कैंसर रोगियों को राहत देने के लिए तीन और दवाओं पर सीमा शुल्क पूरी तरह हटाया जाएगा। मोबाइल फोन, मोबाइल पीसीबीए और मोबाइल चार्जर पर मूल सीमा शुल्क BCD को घटाकर 15% किया जाएगा। 25 महत्वपूर्ण खनिजों को सीमा शुल्क से छूट दी जाएगी और उनमें से दो पर बीसीडी कम किया जाएगा। देश में सौर कोशिकाओं और पैनलों के निर्माण में उपयोग के लिए छूट प्राप्त पूंजीगत वस्तुओं की सूची का विस्तार किया जाएगा।
Budget 2024 Live: एनर्जी सेक्योरिटी को लेकर सरकार की तैयारी
Budget 2024 Live: पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 1.28 करोड़ से अधिक पंजीकरण और 14 लाख आवेदन प्राप्त हुए। बिजली भंडारण और समग्र ऊर्जा मिश्रण में Renewable Energy के सुचारु एकीकरण के लिए पंप स्टोरेज नीति लाई जाएगी। एयूएससी प्रौद्योगिकी का उपयोग करके पूर्ण पैमाने पर 800 मेगावाट का वाणिज्यिक थर्मल प्लांट स्थापित करने के लिए NTPC और BHEL के बीच संयुक्त उद्यम।
Budget 2024 Live: चुनिंदा शहरों में 100 साप्ताहिक 'हाट' या स्ट्रीट फूड हब
Budget 2024 Live: केंद्रीय बजट 2024-25 प्रस्ताव में 30 लाख से अधिक आबादी वाले 14 बड़े शहरों में ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट योजनाएं होंगी। 1 करोड़ शहरी गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को PM आवास योजना शहरी 2.0 के तहत कवर किया जाएगा। चुनिंदा शहरों में 100 साप्ताहिक 'हाट' या स्ट्रीट फूड हब तैयार होगा।
Budget 2024 Live:Plug And Play- निवेश के लिए कई योजनाएं
Budget 2024 Live:100 शहरों में या उसके आसपास निवेश के लिए तैयार "प्लग एंड प्ले" औद्योगिक पार्क विकसित किए जाएंगे। राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास कार्यक्रम के तहत 12 औद्योगिक पार्क स्वीकृत।
Budget 2024 Live: युवाओं को टॉप कंपनियों में इंटर्नशिप
Budget 2024 Live: केंद्रीय बजट 2024-25 में कौशल को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री पैकेज का प्रस्ताव है। कौशल विकास कार्यक्रम एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों का उन्नयन किया जाएगा। इसमें हब और स्पोक व्यवस्था के तहत 5 साल में 1000 ITI का अपग्रेडेशन होगा। राज्यों और उद्योगों के सहयोग से परिणाम और गुणवत्ता पर फोकस होगा। इसके अलाव शीर्ष कंपनियों में 5 साल में एक करोड़ युवाओं को इंटर्नशिप भी कराई जाएगी। इसके अलावा 5 हजार रुपए मासिक मानदेय के साथ 12 माह की प्रधानमंत्री इंटर्नशिप दी जाएगी।
Budget 2024 Live: IBC और अधिकरण को लेकर केंद्रीय बजट 2024-25 प्रस्ताव
Budget 2024 Live: IBC संहिता के तहत परिणामों में सुधार के लिए एकीकृत प्रौद्योगिकी मंच स्थापित किया जाएगा। LLPs को स्वैच्छिक रूप से बंद करने के लिए सेंटर फॉर प्रोसेसिंग एक्सेलेरेटेड कॉरपोरेट एग्जिट की सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। ऋण वसूली न्यायाधिकरणों को मजबूत किया जाएगा और वसूली में तेजी लाने के लिए अतिरिक्त न्यायाधिकरणों की स्थापना की जाएगी।
Budget 2024 Live:आदिवासी समुदायों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए बड़ा ऐलान
Budget 2024 Live: आदिवासी समुदायों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान शुरू किया जाएगा। यह योजना आदिवासी-बहुल गांवों और आकांक्षी जिलों में आदिवासी परिवारों के लिए संतृप्ति कवरेज को अपनाएगी। इससे 63,000 गांवों को कवर किया जाएगा जिससे 5 करोड़ आदिवासी लोगों को लाभ होगा।
Budget 2024 Live: MSME के लिए खास तैयारियां
Budget 2024 Live: MSME सेक्टर को दबाव के दौरान बैंक ऋण आसानी से मिलता रहे, इसके लिए नई व्यवस्था की घोषणा की गई। मुद्रा लोन की सीमा को 10 लाख से 20 लाख तक बढ़ाया जाएगा। खरीदारों को ट्रेडर्स प्लेटफॉर्म पर अनिवार्य रुप से शामिल करने के लिए कारोबार की सीमा को 500 करोड़ से घटाकर 250 करोड़ किया जाएगा। MSME क्षेत्र में 50 मल्टी-प्रोडक्ट फूड इरेडिएशन इकाइयां स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता दी जाएगी।
MSME और पारंपरिक कारीगरों को अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में अपने प्रोडक्ट्स बेचने में सहुलियत के लिए PPP मोड में ईकॉमर्स निर्यात केंद्र स्थापित किया जाएगा।
Budget 2024 Live: बजट में समावेशी मानव संसाधन विकास एवं सामाजिक न्याय के लिए खास बात
Budget 2024 Live: बजट में समावेशी मानव संसाधन विकास एवं सामाजिक न्याय के लिए खास ऐलान किया गया है। महिलाओं और लड़कियों को लाभ पहुंचाने वाली योजनाओं के लिए 3 लाख करोड़ रुपये आवंटित किए जाएंगे। पूर्वोत्तर क्षेत्र में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक की 100 से अधिक शाखाएं स्थापित की जाएंगी। राष्ट्र की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पोलावरम सिंचाई परियोजना का समापन। विशाखापत्तनम-चेन्नई औद्योगिक गलियारे में कोप्पार्थी क्षेत्र और हैदराबाद-बेंगलुरू औद्योगिक गलियारे में ओरवाकल क्षेत्र में आवश्यक अवसंचनाओं के लिए निधियां उपलब्ध कराई जाएंगी।
Budget 2024 Live: वर्किंग वुमेन के लिए हॉस्टल और बेबी केयर की स्थापना
Budget 2024 Live: केंद्रीय बजट 2024-25 में हर साल 25,000 छात्रों की मदद के लिए मॉडल कौशल ऋण योजना में संशोधन का प्रस्ताव है। घरेलू संस्थानों में उच्च शिक्षा के लिए 10 लाख रुपये तक के लोन के लिए ई-वाउचर हर साल 1 लाख छात्रों को डायरेक्ट लोन राशि के 3% की वार्षिक ब्याज छूट के लिए दिए जाएंगे। वर्किंग वुमेन के लिए हॉस्टल और बेबी केयर सेंटर की स्थापना की जाएगी। इसके लिए इंडस्ट्री के साथ मिलकर सरकार काम करेगी।
Budget 2024 Live: रोजगार से संबंधित पीएम मोदी की तीन योजनाएं
Budget 2024 Live: मोदी सरकार ने रोजगार से संबंधित तीन योजनाओं तो लाने का ऐलान किया है।
योजना ए: पहली बार आने वाले
योजना बी: विनिर्माण क्षेत्र में रोजगार सृजन
योजना सी: नियोक्ताओं को सहायता
योजना ए में पहली बार रोजगार पाने वाले कर्मचारियों यानि EPFO में पहली बार पंजीकृत कर्मचारियों को एक माह के वेतन का 15 हजार रुपए तक की तीन किश्तों में प्रत्यक्ष लाभ दिया जाएगा।
स्कीम 2 में रोजगार पाने के पहले 4 साल में उनके EPFO योगदान के अनुसार कर्मचारी और नियोक्ता दोनों को ही प्रत्यक्ष प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जाएगा।
स्कीम 3 के तहत नियोक्ताओं को प्रत्येक अतिरिक्त कर्मचारी के लिए 2 साल तक उनके प्रतिमाह तीन हजार तक के ईपीएफओ योगदान की पूर्ति की जाएगी।
Budget 2024 Live: बजट में किसानों के लिए क्या है?
Budget 2024 Live: मोदी सरकार ने अंतरिम बजट के अनुसार 4 अलग-अलग जातियों, गरीब, महिला, युवा और किसान पर फोकस रखा है। किसानों के लिए सभी प्रमुख फसलों के लिए उच्च न्यूनतम समर्थन मूल्य की घोषणा की है, जो लागत से कम से कम 50% मार्जिन के वादे को पूरा करता है। (पूरी खबर यहां पढ़ें)
Budget 2024 Live: वित्त मंत्री सीतारमण ने केंद्रीय बजट 2024 की 9 प्राथमिकताओं को बताया
Budget 2024 Live: अपना 7वां केंद्रीय बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री सीतारमण ने केंद्रीय बजट 2024 की 9 प्राथमिकताओं को बताया-
1. कृषि में उत्पादकता और लचीलापन
2. रोजगार और कौशल
3. समावेशी मानव संसाधन विकास और सामाजिक न्याय
4. विनिर्माण और सेवाएं
5. शहरी विकास
6. ऊर्जा सुरक्षा
7. बुनियादी ढांचा
8. नवाचार, अनुसंधान और विकास
9. अगली पीढ़ी के सुधार
Budget 2024 Live: बजट में बिहार के लिए खास सौगात
Budget 2024 Live: बजट में केंद्र सरकार बिहार के लिए खास सौगात लेकर आई है। बिहार में केंद्र सरकार तीन एक्सप्रेस-वे बनाएगी।
- बोधगया-वैशाली एक्सप्रेस वे
- बक्सर भागलपुर एक्सप्रेस वे
- पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस वे
इसके साथ ही बक्सर में गंगा नदी पर फोर लेन ब्रिज बनाया जाएगा। केंद्र सरकार बिहार में सड़क पर 26 हजार करोड़ खर्च करेगी। इसके साथ ही बिहार में नए मेडिकल कॉलेज और गया में इंडस्ट्रियल सेक्टर को बढ़ावा दिया जाएगा। 21 हजार करोड़ के पॉवर प्लांट का एलान। बिहार को वित्तीय सहायता मिलेगी।
Budget 2024 Live: हायर स्टडी के लिए 10 लाख तक एजुकेशन लोन
Budget 2024 Live: बजट में हायर एजुकेशन के लिए 10 लाख तक लोन का जिक्र किया गया है। हर साल 1 लाख बच्चों को दिया जाएगा।
Budget 2024 Live: युवाओं में स्किल्स विकसित करने के लिए स्पेशल प्रोग्राम
Budget 2024 Live: राज्य सरकारों और इंडस्ट्री के साथ मिलकर युवाओं को स्कील्स सिखाने के लिए प्रोग्राम का आयोजन किया जाएगा।
Budget 2024 Live: युवाओं के लिए रोजगार के लिए पीएम मोदी के 3 प्रमुख स्कीम
Budget 2024 Live: प्रधानमंत्री योजना के तहत युवाओं के रोजगार के लिए कई प्रोग्राम शुरू किए जाएंगे। पीएम स्कीम के तहत फर्स्ट टाइम एंप्लॉयर को इंसेंटिव दिया जाएगा। सभी फॉर्मल सक्टर में तीन किस्त में 210 लाख युवाओं के लिए ये शुरू किया जाएगा। रोजगार दिया जाएगा इसके साथ ही महिलाओं की भागीदारी को प्राथमिकता दी जाएगी। वर्किंग वुमेन के लिए इंडस्ट्री के साथ मिलकर हॉस्टल तैयार करने के साथ-साथ उनको स्कील्स सिखाने के लिए कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
Budget 2024 Live: वित्त मंत्री ने शुरू किया बजट भाषण
Budget 2024 Live: देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण शुरू कर दिया है। वित्त मंत्री थोड़ी देर में बजट पेश करेंगी।
Budget 2024 Live: बजट को लेकर कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने सरकार को घेरा
Budget 2024 Live: कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा, "जो हम पिछले कई वर्षो से देखते आ रहे हैं वही होने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने बजट के द्वारा अपने करीबी करोड़पतियों की मदद करेंगे। उनको नई जगह में निवेश करने के लिए सुविधाएं मिलेंगी। अपने कंपनियों को बैंकों से राहत मिले, टैक्स के द्वारा इस प्रकार के निर्देश हमें सुनने को मिलेगा। मध्यम वर्ग, छोटे दुकानदार और ईमानदार टैक्स पेयर को खोखले वादे के अलावा कुछ नहीं मिलेगा।"
Budget 2024 Live: बजट पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का बयान
Budget 2024 Live: बजट पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी की सरकार का 2014 से संकल्प है कि हमारा भारत आत्मनिर्भर बने और अमृतकाल के समय से जो संकल्प है कि हमारा देश विकसित भारत बने और श्रृंखलाबद्ध तरीके से इस दिशा में देश आगे बढ़ रहा है..."
Budget 2024 Live: बजट पर क्या बोले प्रह्लाद जोशी?
Budget 2024 Live: बजट को लेकर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, "आज बजट पेश होने वाला है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की जो आर्थिक प्रगति हुई है, वो प्रगति और भी आगे बढ़ेगी..."
Budget 2024 Live: संसद भवन में कैबिनेट की मीटिंग जारी
Budget 2024 Live: बजट पेश होने से पहले संसद भवन में कैबिनेट की मीटिंग जारी है। बैठक में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृहमंत्री अमित शाह भी मौजूद हैं।
Budget 2024 Live: हरे निशान में खुला सेंसेक्स
Budget 2024 Live: बजट से पहले सेंसेक्स हरे निशान में खुला है। सेंसेक्स वर्तमान में 229.89 अंक की बढ़त के साथ 80,731.97 पर चल रहा है।
Budget 2024 Live: राष्ट्रपति मुर्मू से मिलीं निर्मला सीतारमण
Budget 2024 Live: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की है। राष्ट्रपति मुर्मू ने वित्त मंत्री को दही-चीनी खिलाकर शुभकामनाएं दी। वित्तमंत्री ने राष्ट्रपति मुर्मू को बजट की कॉपी सौंपी।
Budget 2024 Live: राष्ट्रपति भवन के लिए रवाना हुईं वित्त मंत्री
Budget 2024 Live: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज लगातार 7वीं बार बजट पेश करने जा रही है। हाथ में बजट लेकर वित्त मंत्री राष्ट्रपति भवन के लिए वित्त मंत्रालय से रवाना हो गई हैं।
Budget 2024 Live: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण वित्त मंत्रालय पहुंचीं
Budget 2024 Live: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण वित्त मंत्रालय पहुंची, आज वो केन्द्रीय बजट 2024-25 पेश करेंगी।
Budget 2024 Live: वित्त मंत्री का आज का शेड्यूल
Budget 2024 Live: देश की वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण आज बजट पेश करेंगी। इस वित्तमंत्री का ऐसा है आज का शेड्यूल-
सुबह 8.30 बजे- वित्त मंत्री नॉर्थ ब्लॉक के लिए रवाना होंगी
सुबह 9.00 बजे- बजट बनाने वाली टीम के साथ नॉर्थ ब्लॉक में फोटो सेशन
सुबह 9:10 बजे: वित्त मंत्री अपनी टीम के साथ राष्ट्रपति भवन पहुंचेंगी
9.45 बजे: वित्त मंत्री संसद के लिए रवाना होंगी
सुबह 10 बजे: वित्त मंत्री और राज्य मंत्री के संसद में प्रवेश करने का फोटो शूट
सुबह 10.15 बजे: संसद में कैबिनेट की बैठक
सुबह 11 बजे: वित्त मंत्री बजट पेश करेंगी
दोपहर 3.30 बजे: वित्त मंत्री और सचिवों द्वारा बजट के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस
Budget 2024 Live: बजट पर वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी का बयान
Budget 2024 Live: आज पेश होने वाले केंद्रीय बजट 2024 पर वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी का जो मंत्र है-सबका साथ सबका विकास...आपने देखा है कि बजट राष्ट्रहित में आता है और इसी प्रकार से यह बजट आएगा।"
Budget 2024 Live: अपने आवास से रवाना हुईं निर्मला सीतारमण
Budget 2024 Live: देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अपने आवास से रवाना हो गई हैं। वह आज संसद में केन्द्रीय बजट पेश करेंगी।
Budget 2024 Live: 11 बजे 7वीं बार निर्मला सीतारमण पेश करेंगी बजट
Budget 2024 Live: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज सुबह करीब 11 बजे लगातार सातवीं बार केंद्रीय बजट 2024-25 पेश करेंगी।
Budget 2024 Live: निर्मला सीतारमण पेश करेंगी बजट
Budget 2024 Live: केंद्रीय बजट, 2024-25: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक बयान (अंग्रेजी और हिंदी में) राज्यसभा में वर्ष 2024-25 के लिए सरकार की अनुमानित प्राप्तियाँ और व्यय पटल पर रखेंगी। वह लोकसभा में केंद्रीय बजट 2024-25 की प्रस्तुति के समापन के एक घंटे बाद बजट पेश करेंगी।
Budget 2024 Live: मोदी 3.O का पहला आम बजट होगा पेश
Budget 2024 Live: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज मोदी 3.O का पहला आम बजट पेश करने जा रही हैं। आम आदमी को इस बजट से कई उम्मीदें हैं। देखना ये होगा कि सरकार किसकी कितनी उम्मीदों को पूरा करती है।