दिल्ली पहुंचे चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, 7 साल बाद भारत की धरती पर रखा कदम; PM मोदी संग बैठक पर टिकीं निगाहें
BRICS समिट 2026 में हिस्सा लेने के लिए चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग नई दिल्ली पहुंच चुके हैं। उनका विमान जैसे ही पालम एयरपोर्ट पर उतरा, जिनपिंग को रेड कॉर्पेट वेलकम दिया गया। शी जिनपिंग ने 7 साल के लंबे अंतराल के बाद भारत की धरती पर कदम रखा हैं।
- भारत
- 3 min read

BRICS Summit 2026: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत पहुंच चुके हैं। करीब 7 साल के लंबे अंतराल के बाद यह उनका पहला भारत दौरा है। इस सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी जिनपिंग के बीच आज शाम अहम द्विपक्षीय बैठक होगी।
शी जिनपिंग का विमान शनिवार दोपहर दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर उतरा। विमान के लैंड करते ही जिनपिंग को रेड कॉर्पेट वेलकम दिया गया। केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने एयरपोर्ट पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
ताज होटल से भारत मंडपम जाएंगे जिनपिंग
शी जिनपिंग के साथ-साथ चीन का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल भी भारत पहुंचा है। इसमें चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की सेंट्रल कमेटी के पॉलिटिकल ब्यूरो की स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य काई ची और चीन के विदेश मंत्री वांग यी भी शामिल हैं। शी जिनपिंग कुछ देर में ताज होटल जाएंगे। उसके बाद वहां से भारत मंडपम के लिए रवाना होंगे।
रिश्ते सुधारने की पहल
शी जिनपिंग का यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण समय पर हो रहा है, जब दोनों देश 2020 में हुए गलवान संघर्ष के बाद अपने द्विपक्षीय संबंधों को एक बार फिर सामान्य बनाने की कोशिश कर रहे हैं। भारत हमेशा से इस बात पर जोर देता रहा है कि दोनों देशों के बीच संबंधों के निरंतर विकास और प्रगति के लिए भारत-चीन सीमा क्षेत्रों में पूर्ण शांति और स्थिरता का होना जरूरी है।
Advertisement
दोनों नेताओं के बीच SCO समिट में हुई थी मुलाकात
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच बिश्केक में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के दौरान सकारात्मक बातचीत हुई थी। अब नई दिल्ली में हो रहे ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन के इतर दोनों नेताओं के बीच एक अहम द्विपक्षीय बैठक होगी।
आज शाम पीएम मोदी संग होगी बैठक
पीएम मोदी और शी जिनपिंग की मुलाकात आज शाम ही होनी है। जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी और शी जिनपिंग की यह मुलाकात शाम 5.45 मिनट पर प्रस्तावित है। यह सबसे अहम हाई-लेवल मीटिंग होगी, जिसका सीधा अर्थ यह है कि ब्रिक्स समिट की सबसे पावरफुल तस्वीर मिलने वाली है। इस बैठक पर भारत-चीन समेत सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
Advertisement
दोपहर 2 बजे से ब्रिक्स समिट की शुरुआत
बता दें कि नई दिल्ली के 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का औपचारिक आगाज दोपहर 2 बजे से होगा। इसके बाद 2.30 बजे पहले सत्र की शुरुआत होगी, जिसमें समावेशी वैश्विक शासन और बहुपक्षीय व्यवस्था को मजबूत करने पर चर्चा होगी। बैठकों के दौर के बाद शाम 4:25 बजे सभी लीडर्स 'भारत इनोवेट्स एग्जिबिशन' देखने हॉल में जाएंगे। इसके बाद शाम 5:05 बजे भारत मंडपम के बाहरी परिसर में ऑफिशियल फैमिली फोटोग्राफ ली जाएगी, जिसके तुरंत बाद शाम 5:10 बजे एक संयुक्त वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इसके बाद शाम 5:45 बजे भारत मंडपम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच एक महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक होगी। फिर रात 7:30 बजे प्रधानमंत्री की मेजबानी में भारत मंडपम के लेवल-3 पर एक गाला डिनर का आयोजन किया जाएगा