BREAKING: दिल्ली के मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया में भीषण आग, दमकल की 16 गाड़ियां मौके पर; बचाव कार्य जारी
दिल्ली के मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र के फेज-2 स्थित एक जूते-चप्पल बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली दमकल सेवा की लगभग 16 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने में जुट गईं।
- भारत
- 2 min read
राजधानी दिल्ली के बाहरी इलाके में स्थित मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र (इंडस्ट्रियल एरिया) के फेज-2 में आज दोपहर एक जूते-चप्पल बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री में रबर, प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामग्री बड़ी मात्रा में मौजूद होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया।
घटना की सूचना मिलते ही आग पर काबू पाने के लिए दमकल की करीब 16 गाड़ियों को तुरंत मौके पर भेजा गया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग की लपटों पर नियंत्रण पा लिया है। दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल घटनास्थल पर कूलिंग ऑपरेशन जारी है ताकि आग दोबारा न भड़के।
राहत की बात यह है कि इस भीषण अग्निकांड में अभी तक किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं। शुरुआती तौर पर आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस व दमकल विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।