अपडेटेड 1 November 2024 at 19:39 IST
BREAKING: जबलपुर में भीषण सड़क हादसा, अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, दो युवकों की मौत; एक गंभीर
जबलपुर में गुरुवार की रात करीब 3 बजे एक भीषण सड़क हादसे में 2 युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीसरे युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
- भारत
- 2 min read

Vehicle Ran over Bike: जबलपुर में गुरुवार (31 अक्टूबर ) की रात करीब 3 बजे एक भीषण सड़क हादसे में 2 युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीसरे युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा पनागर थाना क्षेत्र के ग्राम काला डूमर के पास हुआ, जब तेज रफ्तार अज्ञात 4 पहिया वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान मझौली निवासी अमित शर्मा और प्रियंक शर्मा के रूप में हुई है, जबकि गंभीर रूप से घायल शिवम का इलाज जबलपुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, मझौली के वार्ड नंबर 10 के निवासी शिवम अपनी मां को जबलपुर के एक निजी अस्पताल में देखकर लौट रहे थे। उनके साथ रिश्ते में भाई लगने वाले अमित शर्मा और प्रियंक शर्मा भी थे। तीनों युवक गुरुवार शाम करीब 8 बजे मझौली से जबलपुर पहुंचे थे और अपनी मां से मिलने के बाद रात डेढ़ बजे के आसपास बाइक से वापस मझौली के लिए रवाना हुए। बाइक अमित चला रहा था।
पीछे से अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
रात में जब वे राष्ट्रीय राजमार्ग के ग्राम बरौदा के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर से तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अमित और प्रियंक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया।
अज्ञात वाहन मौके से फरार
हादसे के बाद अज्ञात वाहन वहां से फरार हो गया। पनागर थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी अजय बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपी वाहन और चालक की पहचान के लिए गोसलपुर टोल नाका पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Advertisement
दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
फिलहाल मृतकों के परिवार वाले मेडिकल कॉलेज पहुंच चुके हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, जिसके बाद शुक्रवार को शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। त्योहार पर घर में खुशिया मातम में बदल गई।
Advertisement
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 1 November 2024 at 17:15 IST