अपडेटेड 8 August 2024 at 12:46 IST
राजस्थान से भाजपा विधायक अमृत लाल मीणा का निधन
राजस्थान के उदयपुर की सलूम्बर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अमृत लाल मीणा का बुधवार रात हृदयाघात से निधन हो गया।
- भारत
- 2 min read

राजस्थान के उदयपुर की सलूम्बर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अमृत लाल मीणा का बुधवार रात हृदयाघात से निधन हो गया। वह 65 वर्ष के थे।
राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ,पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित तमाम नेताओं ने मीणा के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
पार्टी से जुड़े सूत्रों ने बताया कि सीने में दर्द होने के बाद मीणा को उदयपुर के एमबी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार रात उनका निधन हो गया। मीणा 2013 से तीन बार विधायक रहे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधायक के निधन पर शोक व्यक्त किया।
Advertisement
शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अत्यन्त दुःखद! सलूंबर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक अमृत लाल मीणा का हृदयाघात से निधन के समाचार से स्तब्ध हूं। यह भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।’’
मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता के अनुसार मुख्यमंत्री के बृहस्पतिवार के सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। शर्मा सलूम्बर जाकर मीणा को श्रद्धांजलि देंगे।
Advertisement
मीणा के निधन से राज्य की 200 सीटों वाली विधानसभा में अब छह सीटें खाली हो गईं। इस समय राज्य विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के 114 व कांग्रेस के 66 विधायक हैं। इसके अलावा भारत आदिवासी पार्टी के तीन, बहुजन समाज पार्टी के दो व राष्ट्रीय लोकदल का एक विधायक है। निर्दलीय विधायकों की संख्या आठ है।
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 8 August 2024 at 12:46 IST