गोरखपुर में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सैनिक स्कूल का किया उद्घाटन, CM योगी भी रहे मौजूद
India News: देशभर में आज गणेश चतुर्थी की धूम देखने को मिली। जगह जगह पंडाल में गणपति बप्पा विराजमान हुए। वहीं, आज रांची में BJP की एक अहम बैठक भी हुई। जम्मू-कश्मीर और हरियाणा चुनाव को लेकर सियासी पारा हाई है।
- भारत
- 14 min read

महाराष्ट्र में एक इमारत में आग लगने से तीन लोग घायल हो गए
महाराष्ट्र के कुर्ला इलाके में एक इमारत में आग लगने से तीन लोग घायल हो गए। बृहन्मुंबई नगर निगम ने जानकारी दी है कि फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और आग अब नियंत्रण में है। आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चला है।
रामकृष्ण महाविद्यालय में प्लैटिनम जुबली कार्यक्रम में शामिल हुए CM माणिक साहा
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा आज उनाकोटि जिले के कैलाशहर में रामकृष्ण महाविद्यालय में प्लैटिनम जुबली कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में उन्होंने घोषणा की कि राज्य में उच्च शिक्षा में छात्राओं का सकल नामांकन अनुपात बढ़ा है।
Advertisement
अंबानी परिवार ने भी की भगवान गणेश की पूजा
महाराष्ट्र में अंबानी परिवार ने अपने आवास पर गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान गणेश की पूजा की।
उधमपुर पश्चिम से BJP उम्मीदवार पवन गुप्ता ने भरा नामांकन
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार पवन कुमार गुप्ता ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। जम्मू-कश्मीर में 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए तीन चरणों में मतदान होगा। मतदान का पहला चरण 18 सितंबर को होना है, अन्य दो चरण 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को होंगे। मतगणना 8 अक्टूबर को होगी।
Advertisement
लखनऊ हादसे पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने जताया दुख
रक्षा मंत्री और लखनऊ से लोकसभा सांसद राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, " लखनऊ में एक भवन के गिरने से हुई दुर्घटना का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मैंने लखनऊ के ज़िलाधिकारी से फ़ोन पर बातचीत करके घटनास्थल पर हालात की जानकारी प्राप्त की है। स्थानीय प्रशासन मौक़े पर राहत एवं बचाव कार्य कर रहा है और पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।"
सीएम योगी ने लखनऊ हादसे का लिया संज्ञान
सीएम योगी आदित्यनाथ ने ट्रांसपोर्ट नगर, लखनऊ में बिल्डिंग गिरने से हुए हादसे का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री जी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों, SDRF और NDRF की टीमों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है: यूपी सीएमओ
39वें चक्रधर समारोह में शामिल हुए CM साय
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रामलीला मैदान में 39वें चक्रधर समारोह में शामिल हुए। उन्होंने इस दौरान भगवान गणेश की पूजा की।
बिहार में 8 नए मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं: जेपी नड्डा
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने श्री कृष्णा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा, "इस ब्लॉक में बेड की संख्या बढ़ाई जाएगी। इस व्यवस्था के तहत 1205 बेड हो जाएंगे...आज 8 नए मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं और इसी के साथ बिहार में 35 मेडिकल कॉलेज हो जाएंगे।"
बिहार में अब डबल इंजन सरकार विकास की गति बढ़ा रही: डिप्टी सीएम विजय सिन्हा
बिहार डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा, "बिहार के अंदर विकास की गति बढ़ी है। पीएम मोदी और बिहार सीएम नीतीश कुमार का विकास के प्रति समर्पण विकसित बिहार बनाने का संकल्प है। बिहार में अब डबल इंजन सरकार विकास की गति बढ़ा रही है।"
हमारे आंदोलन का राजनीति से कोई लेनादेना नहीं था: बजरंग पुनिया
कांग्रेस नेता और पहलवान बजरंग पुनिया ने कहा, "मैं सभी का धन्यवाद करता हूं, हमें जितना प्यार कुश्ती में मिला है, मुझे लगता है कि उतना ही प्यार राजनीति में भी मिलेगा। हमने पहले ही बैठकर यह तय किया था कि विनेश चुनाव लड़ेगी और हम सब विनेश के साथ हैं... मैं संगठन में रहकर काम करूंगा... हमारे आंदोलन का राजनीति से कोई लेनादेना नहीं था...हमारे आंदोलन को लेकर उनका(भाजपा) काम है नैरेटिव फैलाना कि आंदोलन कांग्रेस ने आयोजत कराया था लेकिन ऐसा कुछ नहीं है, पूरे देश ने आंदोलन को देखा और पूरा देश खिलाड़ी बेटियों के साथ खड़ा है।"
ओडिशा सीएम मोहन चरण माझी ने आदिवासी परिवार के आवास पर
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और राज्य मंत्री संपद चंद्र स्वैन ने आज कटक के बारंग में एक आदिवासी परिवार के आवास पर दोपहर का भोजन किया।
पूर्व मंत्री बचन सिंह आर्य का बीजेपी से इस्तीफा
हरियाणा के पूर्व मंत्री बचन सिंह आर्य ने बीजेपी पार्टी से इस्तीफा दे दिया। बचन सिंह आर्य ने कहा, "मैं पहले भी कह चुका हूं। आज उन लोगों ने मुझे इसे (पार्टी) छोड़ने के लिए कहा....लोग उनके काम से संतुष्ट नहीं थे, जींद उनकी कार्यशैली के अनुकूल नहीं था...क्षेत्र के लोगों ने बीजेपी को नजरअंदाज किया है...मैं जनता के टिकट पर चुनाव लड़ रहा हूं, उन्होंने मुझे ऑफर दिया और मैंने इसे स्वीकार कर लिया क्योंकि वोट तो उन्हीं को देने हैं।''
संवेदनशीलता के साथ बच्चों का रखें ध्यान: UP पुलिस
ADCP नोएडा मनीष मिश्रा ने कहा, "5 सितंबर को एक ही परिवार के दो बच्चे माता-पिता से नाराज होकर स्कूल से घर लौटने के बजाय कहीं और चले गए थे। परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई, जिसमें बताया गया कि वे स्कूल से घर नहीं लौटे हैं। खोजबीन शुरू की गई। दोनों बच्चे सकुशल बरामद हुए हैं। परिजनों को सलाह है कि वे संवेदनशीलता के साथ बच्चों का ध्यान रखें, उनके अंदर ऐसा कोई ख्याल फिर से न आए जिससे ऐसी घटना दोबारा हो।"
पैरालंपिक खिलाड़ियों ने देश का गौरव बढ़ाया: मनसुख मंडाविया
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा, "इस ऑलिंपिक्स में हमारा पैरालंपिक खिलाड़ियों ने देश का गौरव बढ़ाया है। 27 मेडल अब तक प्राप्त हुए हैं। टोक्यो पैरालंपिक में 19 मेडल हासिल हुए थे। हमारे खिलाड़ी उत्साह के साथ खेल रहे हैं और देश में भी उत्साह का माहौल है।"
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने राहुल गांधी को घेरा
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा, "पीएम मोदी जी की वजह से ही मुमकिन हुआ है कि राहुल गांधी आज लाल चौक में जाकर के आइसक्रीम खा लेते हैं वरना जब उनकी सरकार केंद्र में थी तो वह साहस नहीं करते हैं कि बंद कमरे से बाहर निकलने की। आज वह इस कदर आजाद हैं उनकी आजादी, सुरक्षा इस प्रकार से बहाल करने का काम भी मोदी जी ने किया है। राहुल गांधी ने क्या कहा है उसका कोई अर्थ नहीं है जो लोग समझ रहे हैं वो सत्य है।"
उज्जैन की घटना पर CM मोहन यादव का बयान
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उज्जैन की घटना पर कहा, "हमारे मध्य प्रदेश में कानून का राज है। जो गलती करेगा उसके साथ सरकार सख्ती के साथ निपटेगी। किसी को नहीं बक्शा जाएगा... पीएम मोदी के नेतृत्व में हम सभी सुशासन के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस मामले पर राजनीति करने वाले लोगों को अपने राज्यों को सभालना चाहिए। कोलकाता की घटना में उन लोगों का मुंह नहीं खुलता है। हम सभी कानून से बंधे हुए हैं। जहां भी इस तरह की घटनाएं होंगी सरकार उससे कड़ाई से निपटेगी।"
उमर अब्दुल्ला का बयान भारत विरोधी- नित्यानंद राय
उमर अब्दुल्ला के बयान पर केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा, "उमर अब्दुल्ला का बयान आपत्तिजनक और भारत विरोधी है। इसकी जितनी निंदा की जाए वो कम है। अफजल गुरु और याकूब जैसे आतंकवादियों के पक्ष में बोलना देश विरोधी है। कांग्रेस ऐसे देश विरोधी बयानों के साथ है। इसे देश और कश्मीर बर्दाश्त नहीं करेगा।"
अनिल विज का कांग्रेस पर निशाना
BJP नेता अनिल विज ने कहा, "कांग्रेस पार्टी की एक छोटी सी उम्मीदवारों की सूची आई है जिसमें कई दागी लोगों के नाम हैं। एक उम्मीदवार अभी भी जेल में है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा के खिलाफ मामला चल रहा है जिसमें संपत्ति ज़ब्त की गई है। एक अन्य उम्मीदवार के खिलाफ ED की कार्रवाई चल रही है। ये है कांग्रेस पार्टी की पहचान।"
हम सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार- AAP प्रवक्ता
हरियाणा में AAP और कांग्रेस के बीच गठबंधन पर AAP की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा, "बातचीत चल रही है। अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। आम आदमी पार्टी हरियाणा में लगातार काम कर रही है। हम सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हमारा संगठन ज़मीन पर मज़बूत है। हम 1-2 दिन में उम्मीदवारों की घोषणा भी कर देंगे। लेकिन हमें उम्मीद है कि (गठबंधन को लेकर) कोई निष्कर्ष निकलेगा।"
गणेश चतुर्थी पर सीएम एकनाथ शिंदे ने की पूजा-अर्चना
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अपने आधिकारिक आवास वर्षा में गणेश चतुर्थी के अवसर पर पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा, "मैं गणेश चतुर्थी के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं देता हूं। राज्य सरकार ने महाराष्ट्र की जनता के विकास के लिए कई फैसले लिए हैं। युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर मिलेंगे। महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं लागू की गई हैं..."
कार्यकर्ता सम्मेलन में अमित शाह का संबोधन
जम्मू-कश्मीर में पलौरा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह चुनाव ऐतिहासिक है। पहली बार एक तिरंगे के नीचे मतदान होगा। 370 हटने के बाद पहली बार वोटिंग होगी। बीजेपी इस चुनाव में जीतने वाली है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव में इनकी जमानत जब्त होने वाली है।
गोरखपुर में सैनिक स्कूल का उद्घाटन
गोरखपुर में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के साथ उत्तर प्रदेश सैनिक स्कूल का उद्घाटन किया।
हाथरस हादसे में 17 लोगों की मौत
हाथरस सड़क हादसा पर एसपी हाथरस निपुण अग्रवाल ने बताया, "कल शाम 6.15 बजे एक रोडवेज बस और एक टाटा मैजिक में टक्कर हो गई। कुल 17 लोगों की मौत हुई है, 16 घायल हैं जिनका इलाज चल रहा है। मामला दर्ज़ करके रोडवेज चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।"
शहजाद पूनावाला का AAP-कांग्रेस पर निशाना
हरियाणा में AAP-कांग्रेस गठबंधन पर BJP नेता शाहजाद पूनावाला ने कहा, "INDI गठबंधन के पास कोई मिशन और विजन नहीं है। उनके पास सिर्फ अपनी महत्वाकांक्षाएं हैं। वे अपने भ्रष्टाचार को बचाना चाहते हैं। इसलिए वे कुछ जगहों पर गठबंधन बनाते हैं, हालांकि, बाद में यह टूट जाता है। पंजाब में AAP और कांग्रेस एक दूसरे के खिलाफ हैं। दिल्ली में वे पहले 'हम साथ-साथ हैं' थे। और अब हरियाणा में (AAP और कांग्रेस के बीच) 'कभी हां और कभी न' चल रहा है। यह हरियाणा में उनकी हताशा को दर्शाता है। हरियाणा में एक दूसरे के खिलाफ खड़े राजनीतिक दलों को भी एक साथ आना पड़ रहा है। इसका मतलब है कि अगर वे अकेले चुनाव लड़ते हैं तो उन्हें हरियाणा में लोगों का समर्थन मिलने की कोई गारंटी नहीं है।"
आंदोलन कांग्रेस के इशारे पर हो रहा था- WFI अध्यक्ष संजय सिंह
भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया के कांग्रेस में शामिल होने पर कहा, "ये होना ही था, सर्वविदित है कि ये पूरा आंदोलन कांग्रेस के इशारे पर हो रहा था। जिसके कर्ता धर्ता दीपेंद्र हुड्डा थे...ओलंपिक में कुश्ती के 4-5 मेडल आने वाले थे, आंदोलन करके उसमें भी बाधा पहुंचाई गई। अब ये कुश्ती संघ का कुछ भी नहीं कर पाएंगे। इनका कुछ भी असर हमारे कुश्ती संघ पर नहीं पड़ेगा।"
भारी बारिश के बाद जयपुर में जलभराव
भारी बारिश के चलते जयपुर शहर में कई जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
बहराइच में 'ऑपरेशन भेड़िया' जारी
बहराइच में वन विभाग द्वारा भेड़ियों को पकड़ने के लिए 'ऑपरेशन भेड़िया' जारी है। हरबक्श पुरवा इलाके से एक ड्रोन वीडियो सामने आया है।
खिलाड़ियों के आंदोलन के पीछे थीं कांग्रेस- बृजभूषण शरण सिंह
भारतीय पहलवान विनेश फोगट और बजरंग पुनिया के कांग्रेस में शामिल होने पर पूर्व WFI अध्यक्ष और BJP नेता बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, "18 जनवरी 2023 में जब जंतर-मंतर पर धरना प्रारंभ हुआ था तो मैंने पहले दिन कहा था कि यह खिलाड़ियों का आंदोलन नहीं है, इसके पीछे कांग्रेस है। विशेषकर भूपेंद्र हुड्डा, प्रियंका गांधी, राहुल गांधी। आज यह बात सच साबित हुई कि इस पूरे आंदोलन में जो हमारे खिलाफ षड्यंत्र के तहत किया गया उसमें कांग्रेस शामिल थी और इसका नेतृत्व भूपेंद्र हुड्डा कर रहे थे।"
इंदौर-जबलपुर ओवरनाइट एक्सप्रेस के 2 डिब्बे पटरी से उतरे
जबलपुर में इंदौर-जबलपुर ओवरनाइट एक्सप्रेस के दो डिब्बे प्लेटफार्म पर पहुंचने से पहले पटरी से उतर गए। पश्चिम मध्य रेलवे CPRO हर्षित श्रीवास्तव ने बताया, "इंदौर-जबलपुर ओवरनाइट एक्सप्रेस जो इंदौर से आ रही थी और जबलपुर जा रही थी, जब डेड स्टॉप स्पीड पर थी तब उसके दो डिब्बे पटरी से उतर गए। किसी भी यात्री को हानि नहीं हुई है। सभी सुरक्षित हैं और अपने घरों के लिए रवाना भी हो चुके हैं। यह घटना सुबह लगभग 5.50 बजे घटी है जब ट्रेन प्लेटफार्म पर पहुंच रही थी। स्टेशन से लगभग 150 मीटर की दूरी पर यह हादसा हुआ।"
होकाटो के ब्रॉन्ज मेडजल जीतने पर सीएम योगी ने दी बधाई
मेंस शॉटपुट F-57 के फाइनल में होकातो होतोजे सेमा के ब्रॉन्ज जीतने पर सीएम योगी ने उन्हें बधाई दीं। उन्होंने एक्स पर लिखा, “पैरालंपिक 2024में Men's Shot Put - F57 स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाने वाले Hokato Hotozhe Sema को हार्दिक बधाई! युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाली आपकी इस उपलब्धि पर देश को गर्व है। विजय पथ पर ऐसे ही बढ़ते रहें।”
सीएम योगी ने दी गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं
सीएम योगी ने देशवासियों को गणेश चतुर्थी की बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, "भगवान श्री गणेश की कृपा से सभी की विघ्न-बाधाओं का नाश हो और जीवन में सुख-शांति व समृद्धि का वास हो, यही प्रार्थना है।"
लालबागचा राजा मंदिर में भक्तों की उमड़ी भीड़
गणेश चतुर्थी के अवसर पर लालबागचा राजा मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ी।
सिद्धिविनायक मंदिर में हुई भव्य आरती
देशभर में आज गणेश चतुर्थी की धूम है। सिद्धिविनायक मंदिर में पहली आरती की गई। इस दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई।
जम्मू में अमित शाह की रैली
गृह मंत्री अमित शाह के जम्मू-कश्मीर दौरे का आज दूसरा दिन है। आज वह जम्मू के पलौरा में चुनावी रैली को संबोधित करने वाले हैं। इससे पहले शुक्रवार को उन्होंने चुनाव को लेकर बीजेपी का संकल्प पत्र जारी किया था।
रांची में बीजेपी की बैठक
झारखंड की राजधानी रांची में आज बीजेपी की एक महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है। इस मीटिंग में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा मौजूद रहेंगे। प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेई भी बैठक का हिस्सा बनेंगे।