अपडेटेड 1 July 2024 at 23:10 IST

BJP ने पार्टी में फिर से शामिल होने के लिए आमंत्रित किया, निष्कासित नेता ईश्वरप्पा का दावा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से निष्कासित के एस ईश्वरप्पा ने सोमवार को कहा कि भाजपा की ओर से उन्हें पार्टी में फिर से शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।

Follow : Google News Icon  
S Eshwarappa
एस ईश्वरप्पा | Image: ANI

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से निष्कासित के एस ईश्वरप्पा ने सोमवार को कहा कि भाजपा की ओर से उन्हें पार्टी में फिर से शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी में फिर से शामिल होने को लेकर जल्दबाजी में नहीं हैं और फैसला करने से पहले इस पर विचार करेंगे।

ईश्वरप्पा ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘कुछ भाजपा नेताओं ने मुझसे संपर्क करके पार्टी में फिर शामिल होने के लिए कहा। मैंने अभी तक फैसला नहीं किया है। मैं जल्दबाजी में नहीं हूं।’’ ईश्वरप्पा ने इसके पहले पार्टी से बगावत किया था और आला कमान के निर्देशों को नजरअंदाज करके लोकसभा का चुनाव भी लड़ा। लेकिन लोकसभा चुनाव में ईश्वरप्पा को पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा के बड़े बेटे बी वाई राघवेन्द्र के हाथों हार का सामना करना पड़ा।

ईश्वरप्पा इसके पहले उपमुख्यमंत्री, कर्नाटक विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष जैसे कई अहम पदों पर रह चुके हैं। ईश्वरप्पा तब रुष्ट हो गये जब पार्टी ने आम चुनाव में हावेरी लोकसभा सीट से उनके बेटे के ई कांतेश को टिकट नहीं दिया।

Advertisement

इसके बाद उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता बी एस येदियुरप्पा और उनके दोनों बेटों राघवेंद्र और बी वाई विजयेन्द्र के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और कर्नाटक में भाजपा को एक ‘परिवारवादी पार्टी’ बनाने का आरोप लगाया। बी वाई विजयेन्द्र फिलहाल भाजपा की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष हैं।

Advertisement

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 1 July 2024 at 23:10 IST