माथे पर चंदन, गेरुवा कुर्ता और हाथ में मोर पंख लगी बांसुरी... कृष्ण अवतार में नजर आए तेज प्रताप यादव, गोपियों के बीच बजाई बंसी- VIDEO
तेज प्रताप यादव का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वो भगवान कृष्ण के स्वरूप में मुरली बजाते नजर आ रहे हैं। जबकि उनके चारों ओर पारंपरिक पोशाक में गोपियां खड़ी हैं।
- भारत
- 3 min read

Tej Pratap Yadav: लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव अपने अनोखे अंदाज से सभी का ध्यान खींच लेते हैं। ऐसा ही कुछ इस बार भी देखने को मिला है। इस बार वो गोपियों के बीच श्रीकृष्ण की तरह बांसुरी बजाते दिखाई दिए।
तेज प्रताप यादव की भगवान के प्रति आस्था किसी से छिपी नहीं है। वे अधिकतर मंदिरों में दर्शन-पूजन करते दिखाई देते हैं। वह कभी भगवान शिव का रूप धारण कर पूजा करते, तो कभी गेरुआ वस्त्र और भस्म लगाए नजर आते हैं।
गोपियों के बीच बांसुरी बचाते तेज प्रताप
इस बीच उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें वे वृंदावन के वंशीवट पर कान्हा के रूप में पारंपरिक पोशाक पहने गोपियों के बीच मग्न होकर बांसुरी बजा रहे हैं। वो ठीक वैसे ही दिख रहे हैं जैसे धार्मिक कथाओं में भगवान श्रीकृष्ण का वर्णन मिलता है।
वीडियो ने लोगों का खींचा ध्यान
वीडियो के बैकग्राउंड में कृष्ण और गोपियों के बीच प्रेम भाव को दर्शाते हुए गाना 'आओ पधारो दरश मैं करूं, नयन से नयन का मिलन मैं करूं...' बज रहा है। इस धुन पर जेजेडी प्रमुख का ये वीडियो लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है।
Advertisement
JJD प्रमुख ने बताया वंशीवट का धार्मिक महत्व
तेज प्रताप यादव ने वीडियो को शेयर करते हुए वंशीवट का धार्मिक महत्व भी बताया। उन्होंने लिखा, 'वृंदावन के पावन धाम में स्थित वंशीवट वह दिव्य स्थान माना जाता है जहां भगवान श्रीकृष्ण अपनी मधुर बांसुरी बजाते थे। बांसुरी की मोहक धुन सुनकर गोपियां और भक्त उनकी ओर खिंचे चले आते थे।'
उन्होंने आगे लिखा, 'मान्यता है कि यहीं से भगवान श्रीकृष्ण ने प्रेम, भक्ति और दिव्य आनंद का संदेश दिया। आज भी वंशीवट श्रद्धालुओं के लिए आस्था, प्रेम और कृष्ण-भक्ति का पवित्र प्रतीक है।'
Advertisement
भोजपुरी फिल्म के लिए किया शूट
जानकारी के मुताबिक, तेज प्रताप यादव ने भोजपुरी एक्ट्रेस काजल राघवानी के साथ मथुरा में शूटिंग की। उन्होंने भोजपुरी फिल्म के लिए दोपहर 3 बजे तक भजन शूट किया। इससे पहले अपने साथियों के साथ 29 मई (शुक्रवार) को वृंदावन के वंशीवट पहुंचे थे। यहां उन्होंने शूटिंग को लेकर मंदिर के महंत गोविंद जी से बात की। लेकिन, शुक्रवार को मौसम खराब होने के चलते शूटिंग टालनी पड़ गई थी।
वृंदावन के प्रति खास लगाव रखते हैं तेज प्रताप
बता दें कि तेज प्रताप यादव कई मौकों पर वृंदावन के प्रति अपने खास लगाव को जाहिर कर चुके हैं। वो अपने कॉलेज के दिनों में भी वृंदावन की गलियां घूम चुके हैं। उन्हें जब भी समय मिलता है वे ब्रज आकर भगवान कृष्ण और राधा की भक्ति करने पहुंच जाते हैं।