Bihar: चार साल की मासूम बेटी ने झूठा कर दिया छठ का प्रसाद, गुस्साई मां ने पीट-पीटकर मार डाला; समस्तीपुर में सन्न कर देने वाली वारदात
छठ महापर्व की तैयारियों के बीच समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां छठ पूजा के प्रसाद का पकवान जूठा करने से नाराज मां ने अपनी ही चार साल की मासूम बेटी को पीट पीटकर मार डाला।
- भारत
- 2 min read

छठ महापर्व की तैयारियों के बीच समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां छठ पूजा के प्रसाद का पकवान जूठा करने से नाराज मां ने अपनी ही चार साल की मासूम बेटी को पीट पीटकर मार डाला। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है। मृत बच्ची की पहचान मोहम्मदपुर बिरौली गांव के वार्ड संख्या 12 निवासी राजू पासवान की 4 वर्षीय बेटी सुहानी कुमारी के रूप में हुई है, आरोपी मां का नाम रीना कुमारी है।
जानकारी के मुताबिक यह घटना पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बिरौली गांव के वार्ड नंबर 12 की है। यहां रहने वाले राजू पासवान की पत्नी रीना कुमारी छठ पूजा के लिए पकवान और प्रसाद तैयार कर रही थी। इसी दौरान उनकी चार वर्षीय बेटी सुहानी कुमारी प्रसाद खाने की जिद करने लगी। मां ने उसे ऐसा करने से रोका, लेकिन बच्ची ने प्रसाद उठाकर जूठा कर दिया।
इसी बात से रीना कुमारी नाराज हो गई और उसने अपनी बेटी की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में सुहानी गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद मां आनन-फानन में बच्ची को लेकर एक निजी अस्पताल पहुंची और उसे भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घरवाले घाट बनाने गए थे, पीछे हुई दर्दनाक घटना
Advertisement
मृत बच्ची के पिता राजू पासवान के मुताबिक, परिवार के अन्य सदस्य छठ पूजा के लिए घाट बनाने गए हुए थे। इसी दौरान घर में यह घटना हो गई। परिवार में तीन बच्चे हैं। इनमें सात साल की शिवानी कुमारी, चार साल की सुहानी कुमारी और डेढ़ साल का बेटा राजा कुमार शामिल हैं। सुहानी की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पिता की सख्त मांग, पुलिस की कार्रवाई
Advertisement
राजू पासवान ने अपनी पत्नी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि वह अपनी पत्नी को कठोर से कठोर सजा दिलाने का प्रयास करेंगे। इस घटना ने गांव के लोगों को झकझोर कर रख दिया है और सभी इस पर चर्चा कर रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया। बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया गया। पूसा थाना प्रभारी राकेश कुमार ने कहा कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।