जमुई के बाद समस्तीपुर में शर्मनाक वारदात... नाबालिग से मनचलों ने की बदसलूकी, पुलिस ने 4 को किया गिरफ्तार

समस्तीपुर जिले के कर्पूरी ग्राम थाना क्षेत्र में 15 सितंबर को हुई एक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह मामला जगतसिंहपुर बांध का है, जहां एक नाबालिग लड़की अपने साथी के साथ बाइक से पहुंची थी। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ मनचलों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने पहले लड़की के साथी के साथ मारपीट की और उसके साथ दुर्व्यवहार किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon

बिहार के जमुई में हुई घटना के बाद अब समस्तीपुर जिले से एक और शर्मनाक मामला सामने आया है। मनचलों की दबंगई और बेखौफ अंदाज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक नाबालिग लड़की के साथ बदसलूकी की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही समस्तीपुर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

बांध पर बातचीत के दौरान मनचलों ने घेरा

यह पूरी घटना समस्तीपुर जिले के कर्पूरी ग्राम थाना क्षेत्र स्थित जगतसिंहपुर गांव के बांध की है, जो 15 सितंबर की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, एक नाबालिग लड़का और लड़की बाइक से बांध पर पहुंचे थे और आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान कुछ मनचले युवकों ने उन्हें घेर लिया। मनचलों ने पहले लड़के के साथ मारपीट की, जिसके बाद वह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला।

लड़के के जाते ही मनचलों ने अकेली बची नाबालिग लड़की के साथ दुर्व्यवहार शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में लड़की इस हरकत का लगातार विरोध करती नजर आ रही है, लेकिन आरोपी बाज नहीं आए। वे उससे बार-बार पता पूछते रहे और जब लड़की ने साथ आए युवक को अपना भाई बताया, तो उसके साथ बेहद अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया।

वीडियो वायरल होते ही पुलिस हुई सक्रिय 

घटना के समय मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी वारदात को अपने मोबाइल में कैद कर लिया और सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो वायरल होते ही समस्तीपुर पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई। एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच के आदेश दिए और संबंधित थाने को एफआईआर दर्ज करने का निर्देश जारी किया।

Advertisement

मामले में चार आरोपी गिरफ्तार

सदर डीएसपी दुर्गेश दीपक ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान  राहुल कुमार, अवधेश पासवान,विकास शर्मा, रामबाबू सहनी शामिल हैं।  घटना के समय मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरा वाकया मोबाइल में कैद कर लिया और बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होते ही समस्तीपुर पुलिस सक्रिय हो गई।  पुलिस का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। 

ये भी पढ़ें - B-1 बॉम्बर की आवाज से चौंके शी जिनपिंग, बगल में खड़े ट्रंप मुस्कुराए; अमेरिका में चीनी राष्ट्रपति का अनोखा स्वागत
 

Advertisement
Published By:
 Aarya Pandey
पब्लिश्ड