सावधानी हटी, दुर्घटना घटी! वंदे भारत एक्सप्रेस के सामने खैनी थूकना पड़ा भारी, पटना में तेज रफ्तार ट्रेन के चपेट में आने से व्यक्ति की मौत, VIDEO

Vande Bharat Accident: राजधानी पटना के नजदीक बाढ़ रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहां खैनी थूकने के दौरान एक यात्री तेज रफ्तार वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon

Patna Vande Bharat Express Accident: कहते हैं कि रेलवे ट्रैक पर एक सेकंड की लापरवाही भी जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। ऐसा ही एक दर्दनाक वाकया पटना के नजदीक बाढ़ रेलवे स्टेशन पर देखने को मिला। मंगलवार को यहां एक यात्री अपनी ट्रेन का इंतजार कर रहा था, लेकिन एक मामूली-सी आदत ने उसकी जान ले ली। 

जानकारी के मुताबिक, प्लेटफॉर्म नंबर दो पर मौजूद यात्री खैनी थूकने के लिए पटरी की ओर झुका, तभी वहां से गुजर रही तेज रफ्तार पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

ट्रेन पकड़ने स्टेशन आए थे मिथिलेश यादव

इस भीषण हादसे का शिकार हुए व्यक्ति की पहचान भदौर थाना क्षेत्र के लालपुर गांव निवासी मिथिलेश यादव के रूप में हुई है। दरअसल, मिथिलेश किसी काम से बाहर जाने के लिए ट्रेन पकड़ने स्टेशन आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वे प्लेटफॉर्म के किनारे पोल संख्या 480 के पास खड़े थे। 
जैसे ही उन्होंने खैनी थूकने के लिए अपना सिर नीचे किया, उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि सामने से मौत इतनी रफ्तार में आ रही है। वंदे भारत जैसी अत्याधुनिक और तेज चलने वाली ट्रेन को देख पाने या संभलने का उन्हें मौका ही नहीं मिला और वे गंभीर रूप से घायल होकर ट्रैक के किनारे जा गिरे।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्टेशन पर मौजूद अन्य यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही रेल पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और लहूलुहान हालत में मिथिलेश को तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया, लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। 

Advertisement

रेल पुलिस के SI वीरेंद्र प्रसाद ने बताया कि शुरुआती जांच में यह पूरी तरह से लापरवाही का मामला लग रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

लापरवाही पड़ सकती है भारी

इस दुखद घटना के बाद रेलवे प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि लोग अक्सर प्लेटफॉर्म के किनारे खड़े होकर पटरी पर थूकने या झांकने जैसी छोटी गलतियां करते हैं, जो जानलेवा साबित होती हैं। खासकर वंदे भारत जैसी सेमी-हाई स्पीड ट्रेनों की आवाज और रफ्तार का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। 

Advertisement

रेलवे ने साफ किया है कि पटरी पार करना या प्लेटफॉर्म की पीली पट्टी के बाहर खड़ा होना कानूनन जुर्म तो है ही, साथ ही यह आपकी जान के लिए भी सबसे बड़ा खतरा है।

ये भी पढ़ें:  Dhurandhar 2 में दिखाई गई अतीक अहमद के पाकिस्तान कनेक्शन में कितनी सच्चाई? पूर्व IG ने किया खुलासा
 

Published By:
 Shashank Kumar
पब्लिश्ड