तेज प्रताप यादव के घर पर चोरी मामले में नया मोड़, अब ड्राइवर की पत्नी पहुंची थाने, PA पर लगाया था आरोप
तेज प्रताप के 42 हार्डिंग रोड स्थित आवास पर 22 जून को चोरी की घटना हुई थी। उन्होंने अपने निजी सहायक (PA) मोतीलाल राय पर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी।
- भारत
- 2 min read

Tej Pratap Yadav news: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव के आवास पर चोरी मामले में अब नया मोड़ आया है। अब उनके ड्राइवर अनिल यादव की पत्नी रंजू देवी थाने पहुंच गई हैं। रंजू ने चोरी मामले में उनके पति के गवाह बनने पर उन्हें और उनके परिवार को धमकी मिलने का आरोप लगाया है।
तेज प्रताप के 42 हार्डिंग रोड स्थित आवास पर 22 जून को चोरी की घटना हुई थी। उन्होंने अपने निजी सहायक (PA) मोतीलाल राय पर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। तेज प्रताप ने घर से 20 लाख रुपये कैश के साथ कई और चीजें चोरी होने का दावा किया था।
ड्राइवर ने मोतीलाल को भागते हुए देखा गया
तेज प्रताप ने अपनी शिकायत में बताया था कि उनके ड्राइवर अनिल यादव और एक साथी ने मोतीलाल को एक बैग लेकर उनके आवास की बाउंड्री फांदकर भागते हुए देखा था। ड्राइवर मोतीलाल से चोरी के मामले में मुख्य गवाह है। अब ड्राइवर की पत्नी का आरोप है कि मोतीलाल की पत्नी ने उन्हें धमकी दी है।
ड्राइवर की पत्नी पहुंची थाने
रंजू देवी के मुताबिक मोतीलाल की पत्नी, भाभी और ससुर ने घर पर जाकर उनको जान से मारने की धमकी दी है। उन्होंने बताया कि हमें धमकी दी कि हम गवाही न दें। इसीलिए उन्होंने थाने पहुंचकर मामले में शिकायत दर्ज कराई। वहीं, मोतीलाल का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है।
Advertisement
दूसरी ओर मोतीलाल राय की पत्नी प्रीति भारती ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने इसे सुनियोजित साजिश बताया। प्रीति ने भी थाने में एक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें परिवार को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था।
तेज प्रताप के घर से क्या-क्या चोरी हुआ?
तेज प्रताप यादव ने अपनी शिकायत में बताया था कि उनकी अलमारी से 20 लाख रुपये कैश के साथ 2 तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, सोनी की चार पेन ड्राइव, 2 हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक लैपटॉप, एक लेनेवो का लैपटॉप और चार आईफोन प्रो मैक्स मोबाइल फोन चोरी हुए। तेज प्रताप के मुताबिक, 20 लाख रुपये उनकी पार्टी के फंड के थे।