नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में बिहार के मृतकों के लिए नीतीश सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान, 9 यात्रियों की हुई पहचान
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ की घटना में मारे गए राज्य के लोगों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है।
- भारत
- 3 min read

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ की घटना को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। भगदड़ की जांच के लिए रेलवे ने 2 सदस्य की एक कमेटी का गठन भी किया है। इस हादसे में अब तक 18 यात्रियों की मौत की पुष्टि हो गई है। मरने वालों में सबसे ज्यादा बिहार के यात्री थे। रेलवे की तरफ से हादसे पर मुआवजे का ऐलान कर दिया गया है। वहीं, अब नीतीश सरकार ने भी बिहार के मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात हुई भगदड़ में लोगों के मारे जाने पर रविवार को शोक व्यक्त किया।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ की घटना में मृतकों की सूची सामने आ गई है। मृतकों में 9 महिलाएं, 4 पुरुष और 4 बच्चे शामिल हैं। 18 में 9 महिलाएं हैं, इनमें सबसे ज्यादा बिहार के 9, दिल्ली के 8 और एक हरियाणा का रहने वाला है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भगदड़ की घटना पर शोक जताते हुए मारे गए राज्य के लोगों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है।
बिहार सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया, मुख्यमंत्री ने नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ में लोगों के मारे जाने पर शोक व्यक्त किया है। वह इस घटना में बिहार के लोगों की मौत से बहुत दुखी हैं और उन्होंने मृतकों के परिजन को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
सम्राट चौधरी ने घटना पर जताया शोक
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी घटना पर शोक जताया है। उन्होंने भगदड़ की घटना पर कहा, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई घटना दिल दहला देने वाली है। इस घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
Advertisement
भगदड़ में मारे गए बिहार के लोगों की लिस्ट
- 1. आहा देवी पत्नी रविन्दी नाथ निवासी बक्सर बिहार उम्र 79 वर्ष
- 2. पूनम देवी पत्नी मेघनाथ निवासी सारण बिहार उम्र 40 वर्ष
- 3. ललिता देवी पत्नी संतोष निवासी परना बिहार उम्र 35 वर्ष
- 4. सुरुचि पुत्री मनोज शाह निवासी मुजफ्फरपुर बिहार उम्र 11 वर्ष
- 5. कृष्णा देवी पत्नी विजय शाह निवासी समस्तीपुर बिहार उम्र 40 वर्ष
- 6. विजय साह पुत्र राम सरूप साह निवासी समस्तीपुर बिहार उम्र 15 वर्ष
- 7. नीरज पुत्र इंद्रजीत पासवान निवासी वैशाली बिहार उम्र 12 साल
- 8. शांति देवी पत्नी राज कुमार मांझी निवासी नवादा बिहार उम्र 40 वर्ष
- 9. पूजा कुमार पुत्री राज कुमार मांझी निवासी नवादा बिहार उम्र 8 वर्ष
रेलवे ने किया मुआवजे का ऐलान
बता दें कि रेलवे ने भगदड़ में जान गंवाने वाले और घायल हुए लोगों के लिए मुआवजे का ऐलान कर दिया है। मृतकों के परिजनों को 10 लाख का मुआवजा दिया जाएगा। वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों को 2.5 लाख और मामूली रूप से घायल लोगों को एक लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान हुआ।
केंद्र सरकार पर बरसे लालू यादव
मगर बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ की घटना को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। इसके साथ ही लालू ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के इस्तीफे की भी मांग की है। उन्होंने कहा, भगदड़ की घटना बहुत परेशान करने वाली है। इसने केंद्र सरकार द्वारा किए गए अपर्याप्त इंतजामों को उजागर कर दिया है। इस घटना के बाद रेल मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए।