Bihar: पटना में डालडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग से मची अफरा-तफरी, 50 लाख किलो का डालडा जलकर राख, काबू पाने में जुटी 20 दमकल गाड़ियां
पटना सिटी स्थित दीदारगंज थाना क्षेत्र में एक डालडा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई है। आग पर काबू पाने के लिए करीब 20 दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।
- भारत
- 2 min read
बिहार की राजधानी पटना से बड़ी खबर सामने आई है। पटना सिटी स्थित दीदारगंज थाना क्षेत्र के महुली रोड स्थित डालडा वनस्पति गोदाम में रविवार देर रात भीषण आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत सूचना दीदारगंज थाना और फायर ब्रिगेड को दी। आग पर काबू पाने के लिए करीब 20 दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं।
आग लगने की सूचना मिलते ही पटना के सभी फायर स्टेशनों को अलर्ट किया गया। 9 घंटे से ज्यादा का वक्त हो गया है, मगर आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया गया है। आग इतनी भीषण थी कि बुलडोजर की मदद से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के लिए रास्ता बनाया जा रहा था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस हादसे में 50 लाख किलो से अधिक का डालडा और खाद्य तेल जलकर राख हो गया। कुल नुकसान करोड़ों रुपये में बताए जा रहे हैं।
डालडा फैक्ट्री में भीषण आग
अग्निशमन पदाधिकारी ज्ञानानंद सिंह ने बताया कि तेल की आग होने के कारण इसे बुझाना बेहद चुनौतीपूर्ण है। इसलिए पानी के साथ फोम कंपाउंड का इस्तेमाल किया जा रहा है। दमकल कर्मी लगातार ड्यूटी पर मुस्तैद रहे। आग अब पहले की तरह भयावह नहीं है। कुछ घंटों में इस पर पूरी तरह से काबू पा लिया जाएगा।
शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। अधिकारियों की प्राथमिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि आग पूरी तरह बुझने के बाद ही विस्तृत जांच की जाएगी और आग लगने के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।