पटना में Live Encounter, कमांडो ने संभाला मोर्चा, हाथों में खतरनाक हथियार; मौके पर 4 थानों की पुलिस
Bihar news: बिहार की राजधानी पटना के कंकड़बाग इलाके में फायरिंग के बाद करीब 4 बदमाश एक घर में छिपे हैं। मौके पर 4 थानों की पुलिस ने घर को घेर लिया है।
- भारत
- 3 min read

Live Encounter in Patna : बिहार की राजधानी पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र में पुलिस और STF की टीम ने Live Encounter के लिए पोजिशन ले ली है। खतरनाक हथियार लिए पुलिस और STF के जवानों को मदद देने के लिए कमांडो को भी उतारा गया है। राम लखन पथ पर अचानक फायरिंग की घटना के बाद इलाके में ये LIVE एनकाउंटर के हालत बने हैं।
इलाके में फायरिंग और भारी पुलिस बल तैनात होने के बाद सनसनी फैल गई है। भीड़भाड़ वाला इलाका और मौके की गंभीरता को देखते हुए 4 से 5 थानों की पुलिस मौके पर सक्रिय है। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो अपराधी एक घर में घुस गए थे। पुलिस और STF की टीम ने पूरे इलाके को घेर रखा है और अपराधियों से आत्मसमर्पण करने के लिए कहा है।
4 बदमाशों ने की फायरिंग
ये पूरी घटना पटना के कंकड़बाग इलाके में मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे हुई। जब एक घर के बाहर 4 बदमाश फायरिंग कर पास के ही घर में छिप गए। बदमाशों ने गोली किसके ऊपर चलाई फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। मौके पर 4 से 5 थानों की पुलिस के साथ STF पहुंच चुकी है। फोर्स ने पूरी बिल्डिंग को चारों तरफ से घेर लिया है। पटना पुलिस अपराधियों से सरेंडर करने की अपील कर रही है।
घरों के खिड़की-दरवाजे बंद
मौके की गंभीरता को देखते हुए पटना SSP के साथ ही तमाम आला अफसर मौके पर हैं। कंकडबाग के जिस घर में बदमाश छिपे हुए हैं वो उपेंद्र सिंह नाम के शख्स का है। पटना पुलिस ने आसपास के लोगों से घरों में ही रहने की अपील की है। पुलिस की अपील के बाद लोगों ने घरों के खिड़की-दरवाजे बंद कर दिए हैं। पुलिस ने लोगों से घटनास्थल से दूरी बनाए रखने की अपील की है। लोग अपने घरों की छतों से पुलिस की कार्रवाई को देख रहे हैं।
Advertisement
'हर दिन 200 राउंड फायरिंग'
पटना में LIVE एनकाउंटर पर RJD नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार सरकार को घेरा है। उन्होंने बिहार में अपराध बढ़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि ‘ऐसा कोई दिन बिहार में नहीं जा रहा जब 200 राउंड से कम गोली ना चले। हिरासत में लोगों की मौतों का कोई जवाब नहीं देता है, लॉ एंड ऑर्डर का क्रिमिनल डिसऑर्डर हो गया है। मुख्यमंत्री अचेत हो गए हैं, उनका कोई लेना-देना नहीं है। जितना अधिकारी लिखकर देते हैं, उतना ही देखते हैं।’