Khan Sir Coaching Firing: खान सर कोचिंग फायरिंग केस में आया बड़ा ट्विस्ट, उन्हीं के 2 गार्ड को उठा ले गई पुलिस
बिहार की राजधानी पटना में फेमस टीचर खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुए हमले मामले में चौंकाने वाला ट्विस्ट सामने आया है। पुलिस खान सर की कोचिंग के ही दो गार्ड्स को उठा ले गई है।
- भारत
- 3 min read

Khan Sir Coaching Firing: खान सर (खान ग्लोबल स्टडीज) के कोचिंग सेंटर पर मंगलवार रात हुए हमले के मामले में नया ट्विस्ट आया है। पुलिस खान सर की कोचिंग के दो गार्ड्स को उठा ले गई है।
जानकारी के मुताबिक, पटना पुलिस ने गोली चलाने का वीडियो वायरल होने के बाद ये कार्रवाई की है। खान सर के कोचिंग सेंटर से जुड़े दो गार्ड्स को हिरासत में लिया गया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
वायरल वीडियो में क्या दिखा?
दरअसल, हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें दो लोग बंदूक में गोली लोड कर हवाई फायरिंग करते दिखाई दिए। वायरल हो रहा ये वीडियो विवाद के दौरान का बताया गया। रिपोर्ट्स की मानें तो रोशन आनंद की कोचिंग के लोगों और खान सर की कोचिंग के लोगों में जो मारपीट की घटना हुई थी, उसके बाद खान सर के ही गार्ड्स ने गोलीबारी की थी।
वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई पुलिस
बताया जा रहा है कि इस घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी शख्स ने अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। कहा ये भी जा रहा है कि इस वीडियो को डिलीट करा दिया गया था। लेकिन बाद में ये सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया। इस वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई पुलिस ने खान सर की कोचिंग के ही दो गार्ड्स को हिरासत में ले लिया।
Advertisement
रौशन आनंद समेत तीन गिरफ्तार
गौरतलब है कि खान सर के कोचिंग सेंटर (खान ग्लोबल स्टडीज) पर 2 जून की रात हुए हमले के मामले में पुलिस तीन लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद को पटना के दीघा खाने में रखा गया है। रौनश आनंद के साथ उनके दो सहयोगी अभिषेक और गौरव भी पुलिस की गिरफ्त में है।
तीनों को बुधवार, 3 जून की शाम पटना सिविल कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेज दिया गया।
Advertisement
24 घंटे से भी कम समय में बयान से पलटे खान सर
बता दें कि पटना के मुसल्लहपुर में स्थित खान सर के कोचिंग सेंटर में 2 जून की रात मारपीट और तोड़फोड़ की घटना हुई थी। इसका आरोप ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े लोगों पर लगाया गया था। इसके बाद खान सर ने कई राउंड फायरिंग का भी आरोप लगाया था। लेकिन पटना पुलिस को दी गई शिकायत में फायरिंग का कोई जिक्र नहीं था। बाद में 24 घंटे से भी कम समय के भीतर वह अपने बयान से भी पलट गए।
पटना पुलिस ने फायरिंग की बात को नकारा
पटना पुलिस ने भी अपने बयान में फायरिंग की बात को नकारा था। SSP कार्तिकेय शर्मा ने बताया था कि यह पूरी घटना कोचिंग संस्थानों के बीच आपसी प्रतिस्पर्धा के कारण हुई है।