Khan Sir Coaching Firing: हमले के बाद खान सर के कोचिंग सेंटर पर लटका ताला? बड़ी संख्या में जुटे छात्र, लगाए जिंदाबाद के नारे
खान ग्लोबल स्टडीज के बाहर फायरिंग के बाद छात्रों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में जुटे छात्र खान सर के समर्थन में सड़कों पर उतर आए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ-साथ खान सर को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की।
- भारत
- 3 min read

Khan Sir Coaching Center Closed: छात्रों के बीच प्रसिद्ध खान सर ने हमले की घटना के बाद कोचिंग सेंटर को बंद रखने का फैसला लिया है। जानकारी के मुताबिक, खान ग्लोबल स्टडीज अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला लिया गया है।
बिहार की राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में स्थित खान सर के कोचिंग सेंटर पर कथिततौर पर गोलीबारी की घटना के बाद अब तक पढ़ाई शुरू नहीं हो सकी है। इस बीच बड़ी संख्या में छात्र कोचिंग परिसर के बाहर पहुंचे। इस दौरान खान सर ने छात्रों को बताया कि आज पढ़ाई नहीं हो पाएगी। हालांकि, कोचिंग खुलने को लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
ग्लोबल स्टडीज के बाहर जुटे छात्र
जानकारी के अभाव में खान ग्लोबल स्टडीज के बाहर बुधवार को छात्रों की भीड़ जुटती जा रही है। देखते ही देखते कोचिंग सेंटर में पढ़ने वाले छात्र हजारों की संख्या में इकट्ठा हो गए। सभी छात्र अपनी क्लासेस को लेकर असमंजस की स्थिति में हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरे छात्रों में भारी आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने विरोध प्रदर्शन करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए खान सर की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
क्या है पूरा मामला?
2 जून को खान सर के कोचिंग सेंटर (खान जीएस रिसर्च सेंटर) के बाहर उपद्रवियों ने हंगामा किया। इस दौरान जमकर पत्थरबाजी और कथिततौर पर फायरिंग की गई। इस गोलीबारी में एक सिक्योरिटी गार्ड घायल हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है।
Advertisement
गोलीबारी की अभी पुष्टि नहीं- सिटी एसपी
एसपी सिटी सेंट्रल दीक्षा ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, 'गोलीबारी करने वाले सामने वाले कोचिंग के लोग लग रहे हैं। इसमें अभी सबकुछ वेरीफाई किया जा रहा है। आवेदन लिया जा रहा है और आगे की कार्रवाई जारी है।'
उन्होंने आगे गोलीबारी को लेकर कहा कि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को बारीकी से खंगाला जा रहा है। पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि किन बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया है।
Advertisement
मामले में पूछताछ जारी
एसपी सिटी ने कहा कि इस घटना में एक व्यक्ति (सिक्योरिटी गार्ड) के घायल होने की सूचना है। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनसे भी पूछताछ की जा रही है।