Bihar: मोतिहारी में पकड़ा गया 10 लाख का इनामी खालिस्तानी आतंकी, NIA का बिहार में बड़ा एक्शन
NIA और जिला पुलिस ने बिहार के मोतिहारी में विशेष छापेमारी अभियान चलाकर खालिस्तान समर्थक कश्मीर सिंह उर्फ गलवाड्डी उर्फ बलबीर को गिरफ्तार कर लिया।
- भारत
- 2 min read

बिहार के मोतीहारी में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और जिला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई में खालिस्तान समर्थक कश्मीर सिंह उर्फ गलवाड्डी उर्फ बलबीर को गिरफ्तार कर लिया गया है। खालिस्तानी आतंकी के सिर पर 10 लाख का इनाम रखा गया था। आतंकी पर पंजाब पुलिस पर ग्रेनेड से हमले करने समेत कई गंभीर आरोप है। लंबे समय से जांच एजेंसी को इसकी तालाश थी।
NIA और जिला पुलिस ने रविवार को मोतिहारी में विशेष छापेमारी अभियान चलाकर खालिस्तान समर्थक कश्मीर सिंह उर्फ गलवाड्डी उर्फ बलबीर को गिरफ्तार किया। कश्मीर सिंह को मोतिहारी के नगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने 20 अगस्त 2022 को केस नंबर-आरसी37/2022/एनआईए/डीएलआई के तहत एनआईए थाना दिल्ली में विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज किया था।
खालिस्तानी आतंकी कश्मीर सिंह मोतिहारी से गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक खालिस्तानी आतंकी कश्मीर सिंह पंजाब के लुधियाना निवासी हरि सिंह का पुत्र है। NIA ने कश्मीर की गिरफ्तारी के लिए उसके सिर पर दस लाख रुपये नकद पुरस्कार की घोषणा कर रखी थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस और एनआईए की टीम ने काश्मीर सिंह का सदर अस्पताल में मेडिकल कराया। जिसके बाद किसी गुप्त स्थान पर उससे पूछताछ कर रही है।। इसकी पुष्टि पूर्वी चंपारण एसपी स्वर्ण प्रभात ने किया है।
NIA ने 10 लाख का रखा था इनाम
कश्मीर सिंह पर पंजाब के मोहाली में घातक विस्फोट करने का आरोप है। इसके नेतृत्व में मोहाली के पंजाब पुलिस के खुफिया विंग मुख्यालय पर रॉकेट चालित ग्रेनेड हमला करने का भी आरोप है। इतना ही नहीं खालिस्तान लिबरेशन फ्रंट, बब्बर खालसा इंटरनेशनल और द इंटरनेशनल सिख यूथ फेडरेशन द्वारा देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने के लिए रची गई साजिश से संबंधित मामले में इसका नाम दर्ज है।