Bihar: बिहार में खुलेगी BHU की ब्रांच, पढ़ाई के लिए अब नहीं जाना पड़ेगा वाराणसी, कैमूर से CM सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुंडेश्वरी धाम में एक घोषणा करते हुए राज्य की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने का संकल्प लिया है। इस पहल के तहत, अब बिहार में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) की शाखा स्थापित की जाएगी, जो राज्य के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के नए द्वार खोलेगी।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
kaimoor-bihar-cm-samrat-said-bhu-branch-and-model-schools-to-boost-education-system
kaimoor-bihar-cm-samrat-said-bhu-branch-and-model-schools-to-boost-education-system | Image: X

बिहार की शिक्षा व्यवस्था में परिवर्तन की नींव रखते हुए, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक बड़ी घोषणा की है। मुंडेश्वरी धाम परिसर में आयोजित 'सहयोग शिविर' को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार राज्य में शिक्षा के स्तर को इतना सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है कि अब सरकारी शिक्षण संस्थानों में आम नागरिकों के साथ-साथ बड़े अधिकारियों, विधायकों और मंत्रियों के बच्चे भी एक साथ शिक्षा ग्रहण करेंगे।

बिहार में खुलेगी BHU की शाखा 

मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम की जानकारी देते हुए बताया कि बिहार की धरती पर अब बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) की शाखा खोली जाएगी। उन्होंने दुख व्यक्त किया कि उच्च और तकनीकी शिक्षा के लिए बिहार के मेधावी विद्यार्थियों को मजबूरन दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए सरकार ने बीएचयू की शाखा को राज्य में लाने का निर्णय लिया है।

इस नई शाखा में आईआईटी (IIT), नीट (NEET) और अन्य सभी प्रकार की उच्च स्तरीय शिक्षा की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। श्री चौधरी का मानना है कि यदि बिहार में ही विश्वस्तरीय शिक्षा का माहौल मिल जाए, तो राज्य का हर तबका प्रगति की मुख्यधारा से जुड़ सकेगा।

'सरस्वती विद्या निकेतन' का होगा निर्माण

शिक्षा व्यवस्था को निचले स्तर तक मजबूत करने के लिए सरकार ने एक और महत्वाकांक्षी योजना बनाई है। राज्य के प्रत्येक प्रखंड में एक 'मॉडल स्कूल' खोला जाएगा, जिसका नाम 'सरस्वती विद्या निकेतन' रखा गया है। मुख्यमंत्री ने संकल्प दोहराया कि इन स्कूलों को आगामी दो वर्षों के भीतर पूरी तरह से धरातल पर उतार दिया जाएगा।

Advertisement

बदलेगी सरकारी स्कूलों की तस्वीर

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि  यह माना जाता रहा है कि सरकारी स्कूलों की खस्ताहाल स्थिति के कारण ही रसूखदार लोग अपने बच्चों को वहां नहीं पढ़ाते हैं। मॉडल स्कूलों के निर्माण से यह कड़वी हकीकत बदल जाएगी। 'सरस्वती विद्या निकेतन' के माध्यम से सबके लिए समान और अच्छी  शिक्षा सुनिश्चित होगी। अंत में उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा ही एकमात्र कुंजी है, और इस दिशा में सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ विशेष कार्य कर रही है।

ये भी पढ़ें - 'भ्रष्टाचार, मुलसमानों के साथ विश्वासघात...', AIMIM प्रमुख ओवैसी ने ममता बनर्जी की हार के बताए कारण, SIR को लेकर क्या कहा?

Advertisement
Published By:
 Aarya Pandey
पब्लिश्ड