'दिल्ली में टुकड़े-टुकड़े गैंग और 10 लाख की भीड़ की रैली रामलीला मैदान में होने वाली है, राहुल गांधी...', विपक्ष की महारैली पर गिरिराज सिंह का तंज
गिरिराज सिंह ने कहा कि दिल्ली में टुकड़े-टुकड़े गैंग और 10 लाख की भीड़ की रैली रामलीला मैदान में होने वाली है, ऐसा राहुल गांधी ने कहा है। मुझे शंका है कि कल भी संसद तक या प्रधानमंत्री मोदी के आवास तक पहुंचने की अराजक स्थिति हो सकती है।
- भारत
- 2 min read

Giriraj Singh: कांग्रेस और इंडी गठबंधन रविवार यानी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ रैली करेगा। इस पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि चुनाव में वोटों की चोरी नहीं हो रही है, बल्कि जनता ने चोरों को वोट देना बंद कर दिया है।
गिरिराज सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में एसआईआर, ईवीएम, वोट चोरी और रिजीम चेंज समेत अन्य मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष के पास चुनावी गड़बड़ी के प्रमाण हैं तो वे चुनाव आयोग के सामने क्यों नहीं रख रहा है?
दिल्ली में टुकड़े-टुकड़े गैंग की रैली- गिरिराज
इस दौरान उन्होंने कहा कि दिल्ली में टुकड़े-टुकड़े गैंग और 10 लाख की भीड़ की रैली रामलीला मैदान में होने वाली है, ऐसा राहुल गांधी ने कहा है। मुझे शंका है कि कल भी संसद तक या प्रधानमंत्री मोदी के आवास तक पहुंचने की अराजक स्थिति हो सकती है।
उन्होंने आगे कहा कि विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन मर्याताओं का पालन करना भी आवश्यक है। गिरिराज ने विपक्ष को महात्मा गांधी और जयप्रकाश नारायण के सत्याग्रह और अहिंसा के रास्ते पर चलने की भी नसीहत दी।
Advertisement
वोट चोरी का राग अलापने पर सुनाई खरी खोटी
केंद्रीय मंत्री ने ईवीएम को लेकर विपक्ष की आपत्तियों पर कहा कि चुनाव में हार के बाद विपक्ष कभी ईवीएम तो कभी वोट चोरी का राग अलापता है। उन्होंने आगे बैलेट पेपर से हुए चुनावों और त्रिपुरा की ग्राम समितियों के परिणामों का जिक्र करते हुए विपक्ष को आत्ममंथन करने की सलाह दे डाली।
लौह पुरुष को किया याद
गिरिराज सिंह ने लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर उन्हें याद करते हुए कहा कि उन्होंने 500 से अधिक रियासतों का एकीकरण किया और देश की एकता और अखंडता को मजबूत किया।