अपडेटेड 30 June 2025 at 18:22 IST

Bihar: चट्टान पर खड़े होकर पिकनिक मनाने गईं 6 लड़कियां कर रही थी मौज, तभी झरने में अचानक आया जलसैलाब, फिर क्या हुआ... VIDEO

झरने में नहा रही लगभग 6 लड़कियां पानी की तेज धार की चपेट में आ गईं और बहने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उनकी जान बचाई।

Follow : Google News Icon  

Gaya News: बिहार के गया में झरने में नहा रहे सैलानी एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। झरने में नहाने के वक्त 6 लड़कियां अचानक पानी के तेज बहाव में फंस गईं। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

दरअसल, गया के इमामगंज प्रखंड स्थित लंगूराही वॉटरफॉल में रविवार को छुट्टी मनाने गए सैलानियों के साथ एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पिकनिक मना रहे लोगों के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक झरने के पानी का बहाव तेज हो गया। इसके बाद मौके पर मौजूद कई सैलानी अपनी जान बचाकर भागे, लेकिन कुछ वहीं फंस गए।

वॉटरफॉल में आया सैलाब और फिर…

झरने में नहा रही लगभग 6 लड़कियां पानी की तेज धार की चपेट में आ गईं और बहने लगीं। मौके पर मौजूद लोग आनन-फानन में उनकी जान बचाने को भागे। उन्होंने तत्काल मदद की और चार लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं एक लड़की ने किसी तरह से पत्थर के सहारे खुद को बचाया, जबकि एक अन्य लड़की काफी देर तक पानी में फंसी रही और टीले को पकड़कर खुद को संभाले रही। बाद में दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

एक लड़की हुई चोटिल

जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में एक लड़की चोटिल हो गई है जिसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शुरुआत में मौसम सामान्य था। बड़ी संख्या में लोग वॉटरफॉल का लुत्फ उठा रहे थे। किसी को अंदेशा नहीं था कि अचानक इस तरह पानी का सैलाब आ जाएगा। इस रोंगटे खड़ी कर देने वाली घटना के बाद आनंद उठाने पहुंचे लोग डर के मारे वहां से रवाना हो गए। 

Advertisement

पर्यटकों के प्रवेश पर रोक

अब पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पानी के तेज बहाव में लोगों को बहते हुए देखा जा सकता है। खैर, इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने एहतियात के तौर पर लंगूराही वॉटरफॉल पर पर्यटकों के प्रवेश पर अगली सूचना तक रोक लगा दी है।

यह भी पढ़ें: तेलंगाना में केमिकल फैक्ट्री में भीषण धमाका, 8 लोगों की मौत, 26 घायल

Advertisement

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 30 June 2025 at 18:22 IST