अपडेटेड 16 March 2025 at 11:07 IST

Bihar: भागलपुर में भीड़ के हमले में 5 पुलिसकर्मी घायल

Bihar: बिहार के भागलपुर में भीड़ के हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।

Follow : Google News Icon  
CSBC Bihar Police Constable Recruitment Exam 2024 Result Declared: Check Here
प्रतीकात्मक तस्वीर | Image: PTI/ Representational

Bihar: बिहार के भागलपुर जिले में भीड़ के हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना कहलगांव उपमंडल के अंतीचक में शनिवार रात उस समय हुई जब दो समूहों के बीच झगड़े की सूचना मिलने पर पुलिस का एक दल वहां पहुंचा।

यह पिछले पांच दिन में राज्य में पुलिस पर हमले की तीसरी घटना है। मुंगेर जिले में शनिवार को लोगों के एक समूह के हमले में एक सहायक उपनिरीक्षक की मौत हो गई थी। इससे पहले बुधवार को अररिया जिले में पुलिस और लोगों की भीड़ के बीच झड़प में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई थी।

अधिकारियों ने बताया कि ताजा घटना में एक उपनिरीक्षक, तीन कांस्टेबलों और एक चौकीदार को चोटें आई हैं।

Advertisement

अंतीचक के थाना प्रभारी आशुतोष कुमार ने कहा, ‘‘यह घटना उस समय हुई जब पुलिस का एक दल दो लड़कों के बीच झगड़े के मामले की जांच करने गया था। लड़कों में से एक ने पुलिस दल पर पत्थर फेंके। इसके बाद स्थानीय लोगों ने भी पत्थर फेंकने शुरू कर दिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अतिरिक्त बलों को तुरंत इलाके में भेजा गया और स्थिति को नियंत्रित किया गया।’’

Advertisement

अधिकारी ने बताया कि घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया।

कुमार ने कहा, ‘‘मुख्य आरोपी भाग गया। घटना के समय स्थानीय मजिस्ट्रेट संजीव चौधरी भी वहां मौजूद थे। चौधरी के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।’’

इस घटना से कुछ घंटे पहले मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नंदलालपुर गांव में भीड़ द्वारा किए गए हमले में सहायक उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह की मौत हो गई थी। सिंह दो पक्षों के बीच विवाद से जुड़े एक मामले की जांच करने शुक्रवार को नंदलालपुर गांव गए पुलिस दल में शामिल थे। शराब के नशे में धुत कुछ लोगों ने उनके सिर पर धारदार हथियार से हमला किया जिसके बाद शनिवार को पटना के एक अस्पताल में उनकी मौत हो गई।

ये भी पढ़ें: FPI ने मार्च के पहले पखवाड़े में बेचे 30,000 करोड़ रुपये के भारतीय शेयर

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Kajal .

पब्लिश्ड 16 March 2025 at 11:07 IST