अपडेटेड 20 November 2025 at 17:19 IST
Deepak Prakash: जींस-शर्ट और क्रॉक्स पहनकर नीतीश के साथ शपथ लेने वाला युवा कौन? जो बिना चुनाव लड़े बन गया बिहार में मंत्री
Deepak Prakash: दीपक प्रकाश का जन्म 22 अक्टूबर 1989 में हुआ। इनकी प्रारंभिक शिक्षा राजधानी पटना में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, साल 2005 में दीपक ने 10वीं और 2007 में 12वीं की परीक्षा पास की। उसके बाद इन्होंने साल 2011 में कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया।
- भारत
- 3 min read

Deepak Prakash: आज बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में प्रदेश में एनडीए सरकार का शपथ ग्रहण हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई केंद्रीय मंत्रियों, कई प्रदेश के मुख्यमंत्रियों और हजारों की संख्या में उपस्थित जन समूह के समक्ष नीतीश कुमार ने 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
सीएम नीतीश के अलावा करीब 26 अन्य नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इस बीच इन 26 मंत्रियों में से एक खास और नया चेहरा सामने आया है दीपक प्रकाश का। जी हां, दीपक प्रकाश के बारे में अभी आप शायद उतना नहीं जानते होंगे। इन्होंने बिना चुनाव लड़े बिहार में मंत्री के रूप में अपने राजनीतिक सफर का एक नए सिरे से आगाज किया है। आइए इनके बारे में जानते हैं...
जींस-शर्ट और क्रॉक्स पहनकर दीपक प्रकाश ने ली शपथ
दीपक प्रकाश कुशवाहा को बिहार की एनडीए सरकार में राष्ट्रीय लोक मोर्चा (Rashtriya Lok Morcha) कोटे से मंत्री बनाया गया है। यह पार्टी बिहार के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री और वर्तमान में राज्य सभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा की है। वहीं, दीपक उपेंद्र कुशवाहा के बेटे हैं। दीपक की मां स्नेहलता सासाराम की विधायक भी हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश के सामने जब गांधी मैदान में हजारों की संख्या में मौजूद लोगों के समक्ष दीपक मंत्री पद की शपथ लेने आए तब वे किसी नेता की तरह कुर्ता-पजामा नहीं पहने थे, बल्कि साधारण तरीके से जींस-शर्ट और क्रॉक्स (एक प्रकार का चप्पल) पहनकर अपना शपथ पत्र पढ़े।
Advertisement
मालूम हो कि उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी Rashtriya Lok Morcha एनडीए गठबंधन की हिस्सा है। बिहार चुनाव में इस पार्टी को 4 सीटों पर जीत मिली थी।
6 महीने के अंदर सदस्य बनना जरूरी
37 वर्षीय दीपक को सीएम नीतीश के इस मंत्रिमंडल में बिना विधायक का चुनाव लड़े ही शामिल किया गया है। नियम के तहत उन्हें अब 6 महीने के अंदर बिहार विधान परिषद या बिहार विधानसभा का सदस्य बनना होगा। उम्मीद की जा रही है कि दीपक बिहार विधान परिषद से एमएलसी बनेंगे।
Advertisement
शपथ लेने के बाद दीपक ने मीडिया से बात करते हुए कहा - मुझे यह अवसर देने के लिए मैं अपने नेता और पिता उपेंद्र कुशवाहा का आभार व्यक्त करता हूं, और पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करता हूं। मुझे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में काम करने का अवसर मिल रहा है, जिसके लिए मैं बहुत आभारी हूं।
पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर रहे हैं दीपक
दीपक प्रकाश का जन्म 22 अक्टूबर 1989 में हुआ। इनकी प्रारंभिक शिक्षा राजधानी पटना में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, साल 2005 में दीपक ने 10वीं और 2007 में 12वीं की परीक्षा पास की। उसके बाद इन्होंने साल 2011 में कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया। विभिन्न मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इसके बाद दीपक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम किए। हालांकि, कुछ दिनों के बाद उन्होंने अपना व्यवसाय भी शुरू किया।
बताया जाता है कि राजनीति में दीपक की सक्रिय भूमिका पार्टी स्तर से साल 2019-20 में शुरू हुई थी। उन्होंने तब संगठन को मजबूत करने और अपने पिता के साथ मिलकर रणनीति बनाने में अपनी भी अहम भूमिका निभाई।
अब दीपक ने बिहार में ही नहीं बल्कि देश के सामने आकर प्रदेश में मंत्री पद की शपथ ली है।
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 20 November 2025 at 17:19 IST