अपडेटेड 14 December 2024 at 11:59 IST
चाय-पानी पर 114 करोड़,प्रचार के लिए 104 करोड़, नीतीश की यात्रा पर होगा 2 अरब का खर्चा; तेजस्वी भड़के
तेजस्वी यादव बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यात्रा को चुनावी पिकनिक बताते हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश गरीब के पैसे से अपनी छवि सुधारना चाहते हैं।
- भारत
- 4 min read

CM Nitish Kumar Mahila Samvad Yatra: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 15 दिसंबर यानी रविवार से बिहार की यात्रा पर निकल रहे हैं। नीतीश कुमार की प्रस्तावित राज्यव्यापी यात्रा को 'महिला संवाद यात्रा' नाम दिया गया है। इसके जरिए नीतीश कुमार सरकार के 7 निश्चय कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करेंगे। उसके अलावा महिलाओं के साथ बातचीत के जरिए बिहार में विधानसभा चुनावों से पहले जनता की नब्ज टटोलने की कोशिश होगी। हालांकि नीतीश कुमार की यात्रा से पहले इस पर विवाद शुरू हो चुका है। इसकी वजह नीतीश कुमार की यात्रा पर होने वाला खर्च है, जिसको लेकर राष्ट्रीय जनता दल और तेजस्वी यादव पर भड़के हुए हैं।
नीतीश कुमार अक्सर बिहार में यात्रा करते रहे हैं। खासकर चुनावों से पहले नीतीश कुमार का किसी यात्रा पर जाना कोई नई बात नहीं। इसी तरह जब बिहार में अगले साल चुनाव है तो नीतीश कुमार ने महिला संवाद यात्रा के जरिए राज्य भ्रमण का कार्यक्रम रखा है। महिला संवाद का कार्यक्रम दिसंबर 2024 से फरवरी 2025 तक होगा, जिस पर खर्च के लिए ग्रामीण विकास विभाग 225 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। हालांकि नीतीश कुमार की यात्रा के दौरान महिला संवाद कार्यक्रम पर होने वाले खर्च को लेकर तेजस्वी यादव भड़के हैं।
तेजस्वी यादव ने लगाए कई गंभीर आरोप
तेजस्वी यादव बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यात्रा को चुनावी पिकनिक बताते हैं और इस पर होने वाले खर्च को फिजूलखर्ची बता रहे हैं। बार-बार तेजस्वी यादव सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 'मात्र 15 दिनों की यात्रा में अरबों रुपये बिहार के खजाने से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने प्रचार प्रसार की बाढ़ में बहाने जा रहे हैं। नीतीश कुमार की ओर से पिछड़े और गरीब राज्य की गरीब जनता का 225.78 करोड़ रुपये अपनी चुनावी पिकनिक पर फिजूलखर्जी करना क्या जायज है?'
RJD नेता तेजस्वी यादव ने आरोप लगाए हैं कि 'मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, यात्रा और महिलाओं के नाम पर सोशल मीडिया इत्यादि पर प्रचार-प्रसार के लिए 104 करोड़, चाय-पानी और अल्पाहार के लिए 114 करोड़ रुपये सरकार के खजाने से अलट-पलट वाली छवि को सुधारने में खर्च करेंगे। इसके अलावा 150 करोड़ एक पीआर कंपनी को भी दिया जाएगा।' तेजस्वी 'X' पर लिखते हैं- 'हमारे 10 लाख सरकारी नौकरियों के प्रण पर हमसे ये पूछने वाले शख्स ने कि पैसा कहां से लाएगा? नौकरियों के लिए पैसा क्या बाप के घर से लाएगा? वही शख्स गरीब राज्य के खजाने का 225.78 करोड़ रुपये से अधिक अब अपनी बिगड़ी छवि सुधारने के प्रयास, प्रलोभन देने, सोशल मीडिया और चाय-पानी पर खर्च कर रहे हैं।'
Advertisement
नीतीश की यात्रा पर बीजेपी क्या कहती है?
तेजस्वी यादव और राजद के हमलों के बीच बीजेपी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बचाव में खड़ी हो चुकी है। बीजेपी नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कहते हैं- 'नीतीश कुमार ने पिछले 17 से 18 साल में कई बार यात्रा की है। अगर कोई मुख्यमंत्री जनता के बीच जाता है तो उसे क्या दिक्कत है? दर्द क्या है? उन्होंने काम किया है, उनको जनता पचा रही है। बाकी काम हम पूरा करेंगे।
तेजस्वी यादव को जवाब देते हुए सम्राट चौधरी कहते हैं- 'अगर बिहार में किसी के पास लूट का रिकॉर्ड है, तो वो लालू प्रसाद का है। लालू प्रसाद एक रजिस्टर्ड अपराधी हैं। राजनीतिक तौर पर इसके बाद क्या सर्टिफिकेट दिया जाए। आज की तारीख में सभी कोर्ट ने लालू प्रसाद को सजा दे दी है और लूट का सबूत साबित हो गया है। इसलिए सबसे पहले उनके पिता से जाकर पूछना चाहिए कि उनके परिवार के लोगों ने बिहार को कैसे लूटा है।'
Advertisement
बीजेपी नेतार और बिहार सरकार में मंत्री नीरज बबलू कहते हैं- 'नीतीश कुमार महिला संवाद यात्रा पर जा रहे हैं, इससे बड़ी खुशखबरी की बात क्या हो सकती है। एनडीए की सरकार मजबूती से सभी के लिए काम करती है। मुख्यमंत्री हर साल यात्रा करते हैं। इस बार महिलाओं से बातचीत करेंगे और उनके उत्थान के लिए काम करेंगे। हमें भरोसा है कि इस बार महिलाओं का विशेष विकास होगा।' तेजस्वी यादव के आरोपों पर नीरज बबलू कहते हैं- 'उनके पास कोई काम नहीं बचा है। वो बैठकर दिनभर ट्वीट करते रहते हैं। यही उनका काम रह गया है। जब जब एनडीए की सरकार बेहतर काम करती है, ये लोग अफवाह और भ्रम फैलाते हैं। जनता उनके सारे भ्रम और अफवाहों को समझ चुकी है। ऐसे लोगों को कहीं जगह मिलने वाली नहीं है।
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 14 December 2024 at 11:59 IST