अपडेटेड 31 May 2024 at 15:37 IST

बिहार में जानलेवा गर्मी, हिट स्ट्रोक से अब तक 50 से अधिक लोगों ने तोड़ा दम, जानें कब मिलेगी राहत

बिहार में जानलेवा गर्मी का कहर जारी है। हिट स्ट्रोक से अब तक 50 से अधिक लोगों ने दम तोड़ा दिया है तो अस्पताल में कई मरीजों का इलाज चल रहा है।

Follow : Google News Icon  
Bihar Severe heat
बिहार में भीषण गर्मी | Image: ANI

पूरा उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। बिहार में भी जानलेवा गर्मी का कहर जारी है। लू के थपेड़ों ने लोगों का जीना दुभर कर दिया है। लोग घरों में कैद होकर रहने को मजबूर हो गए हैं। वहीं, हिट स्ट्रोक की चपेट में आने से लोगों की जान भी जा रही है। अब तक 50 से अधिक लोग जानलेवा गर्मी की चपेट में आने से जान गंवा चुकें हैं। औरंगाबाद जिले में लू के कहर से एक दिन में 12 लोगों की मौत हो गई।

औरंगाबाद में लू के कहर से 12 लोगों की मौत हो गई है और 35 लोग सदर अस्पताल में भर्ती है जिनका इलाज चल रहा है।  सदर अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी अभिषेक कुमार में बताया कि हिट वेब का शिकार होकर दिनभर में लगभग 200 मरीज आए और उनका इलाज किया गया। इतनी बड़ी संख्या में हिट वेब के मरीज आने के बाद अफरा तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया।

औरंगाबाद में लू के कहर से 12 लोगों की मौत 

अस्पताल उपाधीक्षक ने बताया कि जिले में बढ़ते तापमान को लेकर भयावह स्थिति है। लेकिन अस्पताल में हिट वेब के भर्ती मरीजों के लिए पर्याप्त सुविधा उपलब्ध है और हर परिस्थिति से सामना करने के लिए अस्पताल प्रबंधन कटिबद्ध है। उन्होंने बताया कि 5 मरीज इलाज के दौरान जबकि 7 मरीज ब्राउट टू डेड आए। इस प्रकार कुल मृतकों की संख्या 12 हो गई है।

अलग-अलग जिलों में 8 ने तोड़ा दम

शुक्रवार को भी अलग-अलग जिलों से लू की चपेट में आने से लोगों की मौत की खबर आई। बिहार में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहने के बीच शुक्रवार को लू के कारण आठ लोगों की मौत हो जाने की आशंका जतायी गयी है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने मौतों की संख्या की पुष्टि करते हुए यह स्पष्ट किया कि मौत के कारणों का तत्काल पता नहीं लगाया जा सका है। मगर गर्मी को देखते हुए आशंका है कि हिट स्ट्रोक से सभी मौत हुई है।

Advertisement

बक्सर में पारा सबसे हाई

आपदा प्रबंधन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘अरवल, बक्सर, रोहतास और बेगुसराय जिलों में संदिग्ध लू से आठ लोगों की मौत की खबर है। बिहार के कई हिस्सों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पार कर जाने के साथ बृहस्पतिवार को सबसे अधिक तापमान बक्सर में 47.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राज्य में भीषण गर्मी के बीच बिहार सरकार ने बुधवार को सभी निजी और सरकारी स्कूलों, कोचिंग संस्थानों और आंगनवाड़ी केंद्रों को आठ जून तक बंद करने का आदेश दिया।

कब मिलेगी गर्मी से राहत

मौसम विभाग ने कहा कि आने वाले दिनों में बिहार के कई हिस्सों में भीषण गर्मी जारी रहेगी। हालांकि, शनिवार से हीट वेव की स्थिति में थोड़ी कमी आने की संभावना है। राज्य के जिन अन्य स्थानों पर तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया उनमें औरंगाबाद (46.1 डिग्री सेल्सियस), डेहरी (46 डिग्री सेल्सियस), गया (45.2 डिग्री सेल्सियस), अरवल (44.8 डिग्री सेल्सियस) और भोजपुर (44.1 डिग्री सेल्सियस) शामिल हैं। बिहार की राजधानी पटना में आज अधिकतम तापमान और 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Advertisement

यह भी पढ़ें: राजस्थान में 50 डिग्री की भयावह गर्मी न झेल सकी 'लक्ष्मी', गश खाकर गिरी

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 31 May 2024 at 15:37 IST