अपडेटेड 16 March 2026 at 22:51 IST

'हम बिहार के विकास को गति देंगे...', राज्यसभा में NDA की प्रचंड जीत पर बोले नितिन नवीन, गिरिराज की दहाड़- तेजस्वी को विपक्ष के नेता…

Bihar Rajya Sabha Election NDA Result 2026: बिहार राज्यसभा चुनाव 2026 में NDA ने प्रचंड जीत हासिल करते हुए सभी 5 सीटों पर कब्जा जमा लिया है। इसके बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तेजस्वी यादव से इस्तीफे की मांग की है।

Follow : Google News Icon  
Bihar Rajya Sabha Election NDA Result 2026
Bihar Rajya Sabha Election NDA Result 2026 | Image: ANI

Bihar Rajya Sabha Election NDA Result 2026: बिहार से राज्यसभा चुनाव 2026 में NDA ने पांच सीटें अपने नाम की हैं। NDA की ओर से नीतीश कुमार, नितिन नवीन, उपेंद्र कुशवाहा, रामनाथ ठाकुर और शिवेश राम मतगणना के बाद विजयी घोषित किए गए हैं, जिससे जश्न का माहौल है। वहीं, विपक्षी खेमे में 'क्रॉस वोटिंग' और विधायकों की गैरमौजूदगी ने खलबली मचा दी है।

बिहार से तीन राष्ट्रीय अध्यक्षों की जीत

इस चुनाव की सबसे खास बात यह रही कि NDA की ओर से तीन अलग-अलग पार्टियों के राष्ट्रीय अध्यक्ष मैदान में थे और तीनों ने ही जीत दर्ज की है। जेडीयू की ओर से खुद नीतीश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा विजयी घोषित किए गए। वहीं जेडीयू के रामनाथ ठाकुर ने जीत की हैट्रिक लगाई, जबकि भाजपा के शिवेश राम ने पहली बार राज्यसभा में अपनी पारी शुरू की है।

तेजस्वी को लगा झटका

वहीं, इस चुनाव में RJD नेता तेजस्वी यादव ने इस चुनाव के लिए AIMIM और बसपा तक का समर्थन जुटाया था, लेकिन वह अपने ही गठबंधन के विधायकों को एकजुट नहीं रख पाए। नतीजा ये हुआ कि राजद के उम्मीदवार अमरेंद्रधारी सिंह उर्फ एडी सिंह को करारी हार का सामना करना पड़ा। 

चुनाव के दौरान कांग्रेस के 3 और राजद के 1 विधायक ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया, जिसने NDA के पांचवें उम्मीदवार शिवेश राम की राह आसान कर दी। MLA मनोहर प्रसाद सिंह, सुरेंद्र कुशवाहा, मनोज विश्वास और फैसल रहमान के वोट न डालने से विपक्षी रणनीतियों की धज्जियां उड़ गईं।

Advertisement

जीत के बाद क्या बोले नितिन नवीन?

जीत के बाद भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा, ‘मैं NDA की प्रचंड जीत के लिए पूरी NDA टीम को बधाई देता हूं। बिहार की इकाई ने एक प्रचंड जीत दी है... NDA ने एक बार फिर यह साबित किया है कि बिहार की जनता NDA के नेतृत्व में आगे बढ़ने को तैयार है। इस जीत का श्रेय पूरी बिहार टीम को जाता है... हम बिहार के विकास को अधिक गति देंगे…’

गिरिराज सिंह की दहाड़- ‘इस्तीफा दें तेजस्वी यादव’

वहीं, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजद और कांग्रेस के विधायकों ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को आईना दिखा दिया है। गिरिराज सिंह ने मांग की कि नैतिक आधार पर तेजस्वी यादव को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद से तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।

Advertisement

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने भी नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसदों को बधाई देते हुए इसे बिहार के विकास की जीत बताया। राज्यसभा के इन नतीजों ने विपक्षी खेमे में मची आंतरिक कलह को उजागर कर दिया है। जहां एक तरफ NDA एकजुट दिख रहा है, वहीं दूसरी तरफ राजद और कांग्रेस के बीच समन्वय की कमी उनके लिए बड़ी चुनौती बनती दिख रही है। 

ये भी पढ़ें:  BREAKING: बिहार में महागठबंधन को बड़ा झटका, राज्यसभा चुनाव में नीतीश कुमार समेत NDA के पांचों उम्मीदवारों की जीत, देखें पूरी LIST
 

Published By : Kunal Verma

पब्लिश्ड 16 March 2026 at 22:51 IST