बिहार: उर्दू में प्रार्थना कराये जाने को लेकर विवाद के बाद प्राचार्य और शिक्षक का तबादला

बिहार के गया जिले के एक सरकारी स्कूल में उर्दू में प्रार्थना कराये जाने को लेकर विवाद के बाद राज्य शिक्षा विभाग ने विद्यालय की प्राचार्य और एक शिक्षक का तबादला कर दिया।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
prayers
प्रार्थना | Image: Facebook

बिहार के गया जिले के एक सरकारी स्कूल में उर्दू में प्रार्थना कराये जाने को लेकर विवाद के बाद राज्य शिक्षा विभाग ने विद्यालय की प्राचार्य और एक शिक्षक का तबादला कर दिया। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। जिला शिक्षा अधिकारी (गया) ओम प्रकाश ने आंती थाना अंतर्गत जमालपुर इलाके में स्थित एक सरकारी स्कूल की महिला प्राचार्य और शिक्षक अजय प्रसाद को जिले में प्रतिनियुक्ति पर दूसरे स्कूल में स्थानांतरित कर दिया और दोनों से स्पष्टीकरण मांगा है।

यह मामला जमालपुर इलाके में स्थित सरकारी स्कूल में उर्दू में प्रार्थना कराये जाने से जुड़ा है। अधिकारी ने बताया कि प्रसाद पर आरोप है कि उसने प्राचार्य की इच्छा के खिलाफ उर्दू प्रार्थना का वीडियो बनाया। प्राचार्य और शिक्षक दोनों ही अलग-अलग समुदायों से हैं।

उन्होंने बताया कि प्रसाद द्वारा स्थानीय थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आठ मार्च को लोगों का एक समूह उनके पास आया और उक्त वीडियो की मांग की तथा वीडियो बनाने के लिए उन पर कथित रूप से हमला किया। प्रसाद ने बाद में स्थानीय थाने में उन नौ लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिन्होंने कथित रूप से उन पर हमला किया।

प्राचार्य और शिक्षक दोनों ने स्थानीय थाने में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। गया के जिला शिक्षा अधिकारी ओम प्रकाश ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “मामले की जांच विभाग द्वारा की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद दोनों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।”

Advertisement

उन्होंने बताया कि दोनों को अन्य विद्यालयों में प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया है और उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि क्षेत्र में सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ने का प्रयास किया गया था।

Published By:
 Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड