अपडेटेड 18 March 2025 at 11:41 IST
Bihar Election: पवन सिंह के बाद पत्नी ज्योति भी राजनीति में आजमाएंगी हाथ, इस VIP सीट से ठोकेंगी ताल
भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह के राजनीति में हाथ आजमाने की चर्चा जोरों पर है। अब उन्होंने खुद इसकी पुष्टि कर दी है।
- भारत
- 3 min read

Bihar Assembly Election: बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। चुनाव के मद्देनजर सियासी समीकरण भी बनने लगे हैं। पार्टियों ने हर सीट पर तैयारी भी शुरू कर दी है। इस बीच भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह ( Pawan Singh) की पत्नी ज्योति सिंह के राजनीति में हाथ आजमाने की चर्चा जोरों पर है। पति के बाद अब ज्योति सिंह भी चुनाव में अपना किस्मत आजमाएंगी। पावर स्टार की पत्नी ने ये भी बता दिया है कि वो किस विधानसभा सीट से मैदान में उतरेंगी।
लोकसभा चुनाव 2024 में भोजपुरी स्टार पवन सिंह ने राजनीति में एंट्री की थी। वो काराकाट सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतरे थे, मगर उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। अब पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह (Jyoti Singh) भी राजनीति में एंट्री करने जा रही है। ज्योंति इस साल बिहार विधानसभा चुनाव में हाथ आजमाएंगी। इसकी जानकारी उन्होंने खुद दी है। उन्होंने अपने पति पवन सिंह के लिए प्रचार करने की बात कही है।
इस विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेगीं ज्योति
पिछले दिनों रोहतास में होली मिलन समारोह में पहुंची ज्योति सिंह ने चुनाव लड़ने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि वो काराकाट सीट (Karakat Seat) से विधानसभा चुनाव लड़ेगीं। पत्रकारों ने जब उनसे चुनाव लड़ने की संभावनाओं के बारे में पूछा तो जवाब में उन्होंने कहा, देखिए चुनाव तो कोई भी लड़ सकता है और पवन सिंह जी तो लोकसभा चुनाव लड़ भी चुके हैं तो मुझे बहुत खुशी है कि इस बार हम दोनों चुनाव लड़ने जा रहे हैं। ज्योति सिंह ने यह भी साफ कर दिया कि लोकसभा के बाद पवन सिंह विधानसभा चुनाव में दो-दो हाथ करेंगे। मगर पवन सिंह की तरफ से उनके चुनाव लड़ने पर कोई बयान नहीं आया है।
पवन सिंह के लिए ज्योति करेगी प्रचार
जब पत्रकारों ने ज्योति सिंह से पूछा कि क्या पति-पत्नी एक ही पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ंगे तो ज्योति ने कहा कि बिल्कुल अगर हमें मौका मिलता है तो यह हमारे लिए बड़ी खुशी की बात होगी। जब उनसे से यह पूछा गया कि क्या आप काराकाट सीट ही चुनाव लड़ेंगी? इसके जवाब में ज्योति सिंह ने कहा, हां मैं काराकाट से ही चुनाव लड़ूंगी। वहीं, पति के लिए चुनाव प्रचार करने के सवाल पर उन्होंने कहा, रिश्ते में समय निकालना पड़ता है। मैंने पहले भी उनके लिए किया है और अगर वो विधानसभा चुनाव लड़ते हैं तो मुझसे जितना हो सकता है मैं हर कदम पर उनके साथ खड़ी रहूंगी।
Advertisement
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 18 March 2025 at 11:37 IST