Bankipur Bypoll: तेज प्रताप यादव को करारा झटका, नामांकन के तुरंत बाद JJP कैंडिडेट वीणा मानवी गिरफ्तार, बेहद गंभीर है आरोप
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। तेज प्रताप यादव को करारा झटका लगा है। उनकी पार्टी जनशक्ति जनता दल की उम्मीदवार वीणा मानवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
- भारत
- 2 min read

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। तेज प्रताप यादव को करारा झटका लगा है। उनकी पार्टी जनशक्ति जनता दल की उम्मीदवार वीणा मानवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वीणा मानवी ने कुछ देर पहले ही JJP पार्टी की टिकट पर नामांकन दाखिल किया था। पुलिस के मुताबिक वीणा मानवी को 420 (धोखाधड़ी) के एक मामले में गिरफ्तार किया गया है।
इस मामले में कोर्ट ने गैरजमानती वारंट जारी किया था। पुलिस टीम के पहुंचते ही वीणा मानवी वहां से निकलने का प्रयास करती नजर आईं, लेकिन पुलिस ने कुछ देर की मशक्कत के बाद उन्हें हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के दौरान वीणा मानवी लगातार विरोध करती रहीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई राजनीतिक दबाव में की गई है। उनका कहना था कि उन्होंने कोई अपराध नहीं किया है और हार के डर से भाजपा यह सब करवा रही है। गिरफ्तारी के समय वह रोती रहीं और खुद को छोड़ने की गुहार लगाती रहीं, लेकिन पुलिस उन्हें अपने साथ लेकर चली गई।
गिरफ्तारी के बाद समर्थकों ने किया हंगामा
Advertisement
वीणा मानवी की गिरफ्तारी का उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध किया। पुलिस ने उन्हें समझाने-बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने। इसके बाद समाहरणालय परिसर के बाहर जमकर हंगामा हुआ। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सम्राट चौधरी सरकार ने साजिश के तहत वीणा मानवी को गिरफ्तार कराया है। उनका कहना है कि बांकीपुर विधानसभा सीट से वीणा मानवी की जीत तय थी, इसलिए राजनीतिक साजिश के तहत उन्हें गिरफ्तार किया गया। कार्यकर्ताओं ने इस कार्रवाई को अन्यायपूर्ण बताया।