Bihar Stampede: 'बहुत ज्यादा भीड़ हो गई, लोग एक-दूसरे पर चढ़ गए, एंबुलेंस एक घंटा लेट पहुंची इसलिए...', चश्मदीद ने बताया कैसे हुआ हादसा

नालंदा जिले के शीतला माता मंदिर में हुई भगदड़ में 8 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। अब चश्मदीदों ने बताया कि अचानक कैसे मंदिर में अफरा-तफरी मच गई और फिर भगदड़ जैसे हालत हो गए।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
stampede at sheetla mata temple nalanda
नालंदा ने शीतला मंदिर में भगदड़ | Image: ANI/Republic

बिहार के नालंदा जिले में आज, 31 मार्च को बड़ा हादसा हो गया। मघड़ा गांव स्थित माता शीतला अष्टमी मंदिर में चैत्र मास के अंतिम मंगलवार को भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई। इस हादसे में 8 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि बड़ी संख्या में श्रद्धालु घायल हो गए। केंद्र और राज्य सरकार ने घटना पर दुख जताते हुए मुआवजे का ऐलान किया है। वहीं, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने भगदड़ के पीछे की पूरी कहानी बताई है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आ गया। एसडीपीओ सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घायलों को आनन-फानन में बिहारशरीफ के मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। जहां उनका इलाज चल रहा है। कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। चश्मदीदों के मुताबिक, मंदिर में भारी भीड़ उमड़ी थी और प्रशासन की ओर से कोई तैयारी नहीं थी।

चश्मदीद की जुबानी हादसे की कहानी

एक महिला चश्मदीद ने बताया कि शीतला अष्टमी के पावन अवसर पर सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी थी। मंगला मेला लगने के कारण भीड़ और बढ़ गई। अचानक मची अफरा-तफरी में लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई। मंदिर परिसर में इस हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल छा गया।

कुप्रबंधन की वजह से हुआ हादसा- चश्मदीद

ममता देवी नाम की एक श्रद्धालु ने बताया, "मंगलवार को यहां हमेशा भीड़ रहती है। लोग शीतला माता के दर्शन के लिए आते हैं। हमलोग भी पटना से दर्शन के लिए आए हैं। लेकिन अचानक भगदड़ मच गई, और लोगों की जान चली गई। यह सब कुप्रबंधन की वजह से हुआ। यहां बहुत ज्यादा भीड़ थी और प्रशासन का कोई भी व्यक्ति यहां मौजूद नहीं है।"

Advertisement

लोग मंदिर के अंदर बेहोश होकर गिरने लगे थे

अस्पताल में मौजूद गुड्डू सिंह नाम के एक व्यक्ति ने बताया कि वहां बहुत ज्यादा भीड़ थी। लोगों के पास मंदिर के अंदर जाने की भी जगह नहीं थी। बहुत तेज धूप थी और क्योंकि ज्यादातर लोग सुबह-सुबह खाली पेट थे, इसलिए कुछ लोगों का BP कम हो गया, तो कुछ लोग बेहोश हो गए। एम्बुलेंस बहुत देर से पहुंची। एम्बुलेंस तुरंत उपलब्ध क्यों नहीं कराई गई?"

नीतीश ने किया मुआवजे का ऐलान

हादसे पर दुख जताते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुआवजे का ऐलान किया है। CMO ने बताया नालंदा के शीतला माता मंदिर में हुई भगदड़ पर सीएम ने दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के लिए आपदा प्रबंधन विभाग से 4 लाख रुपये और मुख्यमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपये (कुल 6 लाख रुपये प्रति व्यक्ति) की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

Advertisement

 PMO ने रिलिफ फंड से भी मदद

नालंदा मां शीतला मंदिर भगदड़ पर पीएम मोदी ने भी दुख जताया है। PMO ने PMNRF से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। घायलों को 50,000 रुपये प्रति व्यक्ति दिए जाएंगे।

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ट्वीट किया, "नालंदा स्थित माता शीतला मंदिर में हुई भगदड़ की दुखद घटना अत्यंत हृदयविदारक है। इस दुर्घटना में जिन श्रद्धालुओं की जान चली गई और जो घायल हुए, उन सभी के परिवारों के प्रति मैं अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। सरकार प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता और राहत प्रदान कर रही है। घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था की गई है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवारों को दुख की इस घड़ी में संबल दें। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।"

यह भी पढ़ें: बिहार के नालंदा में शीतला माता मंदिर में भगदड़, 8 श्रद्धालुओं की मौत

Published By:
 Rupam Kumari
पब्लिश्ड