UP PCS Result 2025: इलाहाबाद HC ने रद्द किया प्रीलिम्स का रिजल्ट, अब नए सिरे से बनेगी मेरिट, जानिए पूरा मामला
इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) को UPPCS-2025 के 814 पदों के लिए प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम आरक्षण और मेरिट के आधार पर फिर से जारी करने का आदेश दिया है।
- भारत
- 2 min read

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की पीसीएस-2025 (UPPCS-2025) भर्ती प्रक्रिया को लेकर इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने एक बेहद महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। न्यायमूर्ति मनीष कुमार निगम की एकल-न्यायाधीश पीठ ने आयोग को निर्देश दिया है कि वह प्रारंभिक परीक्षा (Prelims) के परिणाम नए सिरे से घोषित करे। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों की याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने यह आदेश जारी किया है, जिससे अब पूरी चयन प्रक्रिया नए सिरे से आगे बढ़ेगी।
आरक्षण और मेरिट के आधार पर बनेगी नई सूची
अदालत ने UPPSC को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वह आरक्षण के नियमों और मेरिट के आधार पर एक संशोधित मेरिट सूची तैयार करे। कोर्ट ने कहा कि आरक्षित श्रेणी के जिन उम्मीदवारों ने अनारक्षित (सामान्य) वर्ग के अंतिम चयनित अभ्यर्थी से अधिक अंक प्राप्त किए हैं, उन्हें 'खुली श्रेणी' (Open Category) में शामिल किया जाना चाहिए। इसके साथ ही, न्यायालय ने आयोग से वर्गवार चुने गए सभी उम्मीदवारों द्वारा प्राप्त अंकों का पूरा विवरण भी तलब किया है।
दोबारा होगी मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार
इस फैसले के बाद भर्ती का आगे का चरण पूरी तरह बदल जाएगा। अब संशोधित मेरिट सूची के आधार पर मुख्य परीक्षा (Mains) का आयोजन फिर से किया जाएगा। इसके बाद, नई मुख्य परीक्षा के परिणामों के आधार पर सफल अभ्यर्थियों को साक्षात्कार (Interview) के लिए बुलाया जाएगा। हालांकि, याचिकाकर्ताओं के वकील अभिषेक शुक्ला ने स्पष्ट किया है कि प्रारंभिक परीक्षा दोबारा नहीं कराई जाएगी; बल्कि पहले हो चुकी परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर ही संशोधित परिणाम जारी होंगे।
क्या था पूरा विवाद और भर्ती के आंकड़े?
आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि अधिक अंक लाने के बावजूद उन्हें अनारक्षित श्रेणी में चयन का लाभ नहीं दिया गया। याचिकाकर्ताओं का तर्क था कि खुली श्रेणी किसी एक वर्ग के लिए आरक्षित नहीं है, बल्कि योग्यता के आधार पर हर वर्ग के अभ्यर्थी को इसमें स्थान मिलना चाहिए।
Advertisement
गौरतलब है कि UPPCS-2025 के तहत कुल 814 पदों पर भर्ती होनी है। हाईकोर्ट के इस हस्तक्षेप के बाद अब आयोग को नए सिरे से पूरी कवायद करनी होगी।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थी- 6,26,387
प्रारंभिक परीक्षा में शामिल- 2,65,270
मुख्य परीक्षा के लिए सफल- 11,727 (जिनमें से 10,284 परीक्षा में बैठे)
साक्षात्कार के लिए चयनित- 2,297