अपडेटेड 2 June 2023 at 07:44 IST
भोजपुरी सिंगर Nisha Upadhyay को लाइव परफॉर्मेंस के दौरान लगी गोली, अस्‍पताल में भर्ती
बिहार में एक लाइव प्रोग्राम के दौरान भोजपुरी सिंगर निशा उपाध्याय फायरिंग का शिकार हो गईं। क्या है मामला आइए जानते हैं...

Bhojpuri Singer Nisha Upadhyay: भोजपुरी सिंगर निशा उपाध्याय छपरा में एक स्टेज शो के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि निशा उपाध्याय के पैरों में गोली लगी है। जिसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना एक निजी कार्यक्रम के दौरान उस समय हुई,जब निशा जनता बाजार थाना के गांव सेंधुआर में मंच पर गाना गा रही थीं। गोली निशा के पैर में लगी। जिसके बाद उन्हें पटना के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
फायरिंग के बाद लोग फरार
घटना मंगलवार रात की है। पुलिस के मुताबिक निशा उपाध्याय को वीरेंद्र सिंह ने उपनयन संस्कार में परफॉर्म करने के लिए सेंधुआर गांव बुलाया था। इसी दौरान हवा में फायरिंग शुरू कर दी गई, जिसमें से एक गोली बाएं पैर की जांघ में जा लगी। घटना स्थल पर अफरातफरी मच गई और फायरिंग करने वाले मौके से फरार हो गए। इस कार्यक्रम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है जिसमें सिंगर फायरिंग से कुछ देर पहले ढोल बजा रही हैं।
जनता बाजार पुलिस स्टेशन के एसएचओ ने बताया कि भोजपुरी गायिका निशा उपाध्याय के पैर में गोली लगी है। आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि हमें लिखित में शिकायत नहीं मिली है।
Advertisement
तबियत में सुधार
सोशल मीडिया पर खबर फ्लैश होते ही वायरल हो गई। फैन्स परेशान हो गए। इस बीच सोशल प्लेटफॉर्म पर ही गायिका की अस्पताल के बेड से तस्वीर सामने आई। जिसमें उनके हाथों में ड्रिप लगी हुई है और वो परिजनों से मिलती दिख रही हैं।
कौन है निशा उपाध्याय?
निशा उपाध्याय जानी मानी भोजपुरी गायिका हैं। ये बिहार के सारन स्थित गांव गौर बसंत की रहने वाली हैं और पटना में रहती हैं। विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में ये परफॉर्म करती हैं। सोशल मीडिया पर फैन फॉलोइंग तगड़ी है। इनके कुछ लोकप्रिय गीतों में- नवकर मंत्र , हंसी हंसी जान मारेला और गुजराती गरबा फेमस सांग ढोलिड़ा ढोल रे वगाड़ शामिल है।
Advertisement
बिहार में पहली बार नहीं हुआ ऐसा
बिहार में ऐसा नहीं है कि इस तरह की घटनाएं पहली बार हो रही हो। भोजपुरी सिनेमा के कई बड़े कलाकार भी फैन्स की अति का खामियाजा भुगत चुके हैं। खेसारी लाल यादव, पवन सिंह से लेकर अक्षरा सिंह समेत कई भोजपुरी स्टार्स प्रशंसकों के अति उत्साह के कारण शर्मसार हुए हैं या मुसीबत में फंसे हैं।
2022 में नवादा जिले में खेसारी लाल यादव के एक कार्यक्रम में भीड़ बेकाबू हो गई थी और प्रोग्राम में मची भगदड़ के चलते कई लोग बुरी तरह से घायल भी हो गए थे। ऐसा ही झारखंड में अक्षरा के कार्यक्रम में हुआ था।
Published By : Kiran Rai
पब्लिश्ड 2 June 2023 at 07:38 IST
