Bharat Taxi Launch: उबर-ओला की अब होगी छुट्टी! पहली सरकारी कैब सर्विस 'भारत टैक्सी' आज से होगी शुरू; अमित शाह करेंगे लॉन्च
दिल्ली से आज भारत टैक्सी को ऑफिशियल तौर पर लॉन्च किया जा रहा है। अमित शाह 'Bharat Taxi' का उद्घाटन करेंगे। इसमें ड्राइवरों को जीरो कमीशन और 5 लाख रुपये का बीमा दिया जाएगा, इसके साथ 'भारत टैक्सी' की और भी कई खासियतें हैं, पढ़ें
- भारत
- 2 min read

Bharat Taxi Launch: दिल्ली में देश का पहला सहकारी राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म 'भारत टैक्सी' (Bharat Taxi) ऑफिशियल तौर पर आज से शुरू होने जा रहा है। गृहमंत्री अमित शाह इसका शुभारंभ विज्ञान भवन में करेंगे। ड्राइवरों को उनका हक दिलाने की दिशा में ये पहला कदम होगा, जिसमें ड्राइवरों को शोषण से मुक्ति मिलेगी और उन्हें असली मालिक बनने में मदद मिलेगी।
सहकारिता मंत्रालय के मुताबिक, भारत टैक्सी को 'सारथी ही मालिक' के सिद्धांत पर तैयार किया गया है। यहां ड्राइवरों को 'सारथी' कहा जाता है। वे सिर्फ ड्राइवर नहीं, बल्कि प्लेटफॉर्म के मालिक भी होंगे। भारत टैक्सी की कई खासियत होगी जिससे ना सिर्फ ड्राइवरों को फायदा मिलेगा, बल्कि आम जनता को भी सुरक्षा और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। जानते हैं भारत टैक्सी की खासियतों के बारे में कि किस तरह एक ऑफिशियल प्लेटफॉर्म से सभी को सुविधा मिलेगी।
'भारत टैक्सी' से मिलेंगे ये फायदे
- कमीशन फ्री: यात्रियों से कोई एक्स्ट्रा चार्ज नहीं लिया जाएगा। किराया पारदर्शी और सस्ता रहेगा।
- ड्राइवर स्वामित्व: ड्राइवरों को शेयर सर्टिफिकेट मिलेंगे। वे प्लेटफॉर्म के लाभ में हिस्सेदार होंगे।
- बीमा कवर: हर सारथी को 5 लाख रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा और 5 लाख रुपये का पारिवारिक स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा।
- सुरक्षा और सुविधा: इमरजेंसी असिस्टेंस, वेरिफाइड राइड डेटा और बाकी प्लेटफॉर्म पर भी काम करने की आजादी।
विज्ञान भवन में आयोजित होने जा रहे इस कार्यक्रम में टॉप 6 सारथियों को सम्मानित किया जाएगा। अमित शाह उन्हें शेयर सर्टिफिकेट देंगे। साथ ही, संचालन, डिजिटल सशक्तिकरण, सुरक्षा और सेवा के लिए 9 बड़े समझौते ज्ञापनों पर हस्ताक्षर होंगे।
बतादें पायलट प्रोजेक्ट दिसंबर 2025 में दिल्ली-NCR और गुजरात में शुरू हुआ था, अब तक 3 लाख से ज्यादा ड्राइवर इससे जुड़ चुके हैं। 1 लाख से ज्यादा यूजर्स रजिस्टर्ड हैं। रोजाना 10 हजार से ज्यादा राइड्स पूरी हो रही हैं। मंत्रालय का दावा है कि यह दुनिया का सबसे बड़ा ड्राइवर-स्वामित्व वाला मोबिलिटी प्लेटफॉर्म बन चुका है।
Advertisement
यात्रियों और ड्राइवरों के लिए फायदा
भारत टैक्सी से यात्रियों को सस्ती, सुरक्षित और भरोसेमंद सवारी मिलेगी। ड्राइवरों को निजी एग्रीगेटर कंपनियों पर निर्भर रहने से छुटकारा मिलेगा। वे अपनी कमाई का पूरा लाभ उठा सकेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सहकार से समृद्धि' के विजन से जुड़ी ये पहल बताई जा रही है। सरकार का लक्ष्य है कि 2 साल के अंदर भारत टैक्सी पूरे देश में फैल जाए। वहीं, यह ओला, उबर जैसी कंपनियों के लिए एक मजबूत ऑप्शन बन सकता है।