BREAKING: मथुरा में बांके बिहारी मंदिर के पास बड़ा हादसा, मकान का छज्जा गिरने से अफरा-तफरी, 8 लोग घायल
Mathura: मथुरा के बांके बिहारी के पास एक बड़ा हादसा हो गया है। मंदिर के पास मकान का छज्जा गिरने से करीब 8 श्रद्धालु घायल बताए जा रहे हैं। वहीं, कुछ भक्त की हालत गंभीर बताई जा रही है।
- भारत
- 2 min read

Mathura: मथुरा के प्रसिद्ध और पवित्र मंदिरों में से एक बांके बिहारी मंदिर के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक से एक मकान का छज्जा भरभराकर श्रद्धालुओं के ऊपर गिर गया। मिली जानकारी के अनुसार इस हादसे में करीब 8 श्रद्धालु घायल हो गए। वहीं, कुछ श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद मंदिर के आसपास हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग घायलों को अस्पताल पहुंचाने में जुट गए।
घटना कैसे हुई?
मिली जानकारी के अनुसार वृंदावन विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर के पास स्थित गली नंबर-5 में एक जर्जर मकान का छज्जा गिरने से उसके नीचे से गुजर रहे करीब 8 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि हादसे की वजह वहां मौजूद बंदरों की आपसी उछल-कूद की वजह से अचानक से छज्जा गिर गया।
मंदिर के आसपास मचा हड़कंप
छज्जा गिरते ही गली में हड़कंप मच गया। इस घटना के बाद श्रद्धालुओं के सामान बिखर गए और आसपास खून भी फैल गया, जिसे देखकर वहां मौजूद लोग घबरा गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में तुरत घायलों को उठाकर पास के अस्पताल में पहुंचया। इस घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम भी मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य में जुट गई।
क्या हादसा टाला जा सकता था?
इस घटना ने मंदिर के आसपास मौजूद जर्जर छत और छज्जे को लेकर मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि अगर समय पर छज्जे की मरम्मत कर दी जाती, तो शायद यह हादसा टल सकता था। जानकारी के अनुसार मंदिर के आसपास कई पुराने छज्जे मौजूद हैं, जिससे भविष्य में फिर से नुकसान हो सकता है।