अपडेटेड 21 June 2024 at 17:06 IST
बांग्लादेश की PM शेख हसीना भारत पहुंचीं, खास होगा ये दौरा...PM मोदी ने दिया था निमंत्रण
PM नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना राजकीय यात्रा पर भारत आई हैं। राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने उनका स्वागत किया।
- भारत
- 2 min read

Bangladesh PM Sheikh Hasina: बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना दो दिवसीय यात्रा पर दिल्ली पहुंच गई हैं। 21 से 22 जून तक शेख हसीना राजकीय यात्रा पर भारत आई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शेख हसीना को भारत दौरे के लिए आमंत्रित किया था। नवनियुक्त राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने दिल्ली एयरपोर्ट पर बांग्लादेश की पीएम का स्वागत किया।
18वीं लोकसभा चुनाव के बाद भारत में सरकार बनने के बाद राजकीय यात्रा पर आने वाली बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना पहली राष्ट्राध्यक्ष हैं। ये जरूर है कि शेख हसीना उन विदेशी मेहमानों में शामिल थीं, जिन्होंने 9 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया था। अभी वो भारत के साथ द्विपक्षीय साझेदारी को बढ़ाने के लिए राजकीय यात्रा पर आई हैं।
बांग्लादेश भारत का एक प्रमुख साझेदार- MEA
विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ये यात्रा भारत-बांग्लादेश संबंधों को 'बड़ी मजबूती' देगी। जायसवाल ने पोस्ट में लिखा- 'बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना भारत की राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचीं। हवाई अड्डे पर एमओएस कीर्तिवर्धन सिंह ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। बांग्लादेश भारत का एक प्रमुख साझेदार और भरोसेमंद पड़ोसी है। ये यात्रा इस प्रतिष्ठित द्विपक्षीय साझेदारी को एक बड़ी मजबूती देगी।'
राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति से भी मिलेंगी शेख हसीना
विदेश मंत्रालय ने एक दिन पहले एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय परामर्श करने के अलावा शेख हसीना राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से भी मुलाकात करेंगी। विदेश मंत्री एस जयशंकर बांग्लादेश की प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे।
Advertisement
भारत और बांग्लादेश के मजबूत रिश्ते
पिछले कुछ सालों में भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में मजबूती आई है। दोनों पड़ोसियों के बीच मधुर संबंध हैं, जो पीएम मोदी और शेख हसीना के नेतृत्व में और नई उंचाई पर पहुंचे हैं। पिछले साल दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय गतिविधियों में तेजी देखी गई, जो संबंधों की मजबूती का प्रतीक है। दोनों प्रधानमंत्रियों ने 18 मार्च को भारत-बांग्लादेश मैत्री पाइपलाइन का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। दोनों प्रधानमंत्रियों ने 1 नवंबर 2023 को बांग्लादेश में तीन भारतीय बड़े प्रोजेक्ट का भी संयुक्त रूप से उद्घाटन किया था। ये परियोजनाएं अखौरा-अगरतला सीमा पार रेल लिंक, खुलना-मोंगला पोर्ट रेल लाइन और मैत्री सुपर थर्मल पावर प्लांट की यूनिट II हैं।
Advertisement
Published By : Amit Bajpayee
पब्लिश्ड 21 June 2024 at 17:06 IST