अयोध्या: सज गया राम मंदिर, 56 भोग के साथ होगी पूजा... पुजारी सत्येंद्र दास ने बताया- कैसी है तैयारी
राम जन्मभूमि के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने कहा, रामनवमी बड़ी भव्यता और दिव्यता के साथ मनाई जाएगी क्योंकि भगवान राम अपने नए भवन में स्थापित हो गए हैं।
- भारत
- 3 min read

अयोध्या में रामनवमी की तैयारियां जोरों पर हैं। इस साल रामनवमी (Ram Navami 2024) पर अयोध्या में भव्य आयोजन होने जा रहे हैं। पूरे रामनगरी को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। राम मंदिर (Ram Mandir) में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद पहली बार रामनवमी समारोह के लिए लाखों भक्तों के शहर में आने की उम्मीद जताई जा रही है। इसे लकेर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। राम जन्मभूमि के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने तैयारियों को लेकर बड़ी जानकारी दी।
चैत्र नवरात्री के नौवें दिन रामनवमी का त्योहार मनाया जाता है। इसे भगवान राम की जयंती के तौर पर मनाई जाती है। इस साल यह 17 अप्रैल 2024 (बुधवार) को है। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होने के बाद पहली बार अयोघ्या में रामनवमी मनाई जाएगी। राम मंदिर में उत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। इस दिन रामलला की खास पूजा होगी उन्हें 56 प्रकार के भोग लगाए जाएंगे।
रामलला को लगेंगे छप्पन भोग-आचार्य सत्येंद्र दास
राम जन्मभूमि के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने कहा, रामनवमी बड़ी भव्यता और दिव्यता के साथ मनाई जाएगी क्योंकि भगवान राम अपने नए भवन में स्थापित हो गए हैं। मंदिर को सजाया गया है। 56 प्रकार के भोग लगाए जाएंगे। कल भगवान राम का जन्म उत्सव विधि विधान से मनाया जाएगा। रामलला कल पीले रंग का वस्त्र धारण करेंगे। सुबह 3 बजे से कार्यक्रम की शुरूआत हो जाएगी। रामलला का स्नान कराया जाए फिर उनका श्रृंगार होगा।
एक लाख ग्यारह हजार एक सौ ग्यारह किलो का लड्डू
जानकारी के मुताबिक, 17 अप्रैल को रामनवमी पर अयोध्या के राम मंदिर में प्रसाद के तौर पर 1,11,111 किलो (एक लाख ग्यारह हजार एक सौ ग्यारह किलो) लड्डू चढ़ाने और बांटने के लिए भेजे जाएंगे। प्रसाद के लिए ये लड्डू देवरहा हंस बाबा ट्रस्ट की तरफ से भेजे जाएंगे। रामनवमी समारोह के लिए भक्तों के अयोध्या में आने सिलसिला जारी है। ऐसे में राज्य सरकार ने इसके लिए विस्तृत व्यवस्था की है।
Advertisement
रामलला के दर्शन के लिए VIP पास रद्द
रामलला के भव्य मंदिर में रामनवमी के पर्व पर 15 अप्रैल से 18 अप्रैल तक भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना के चलते सभी वीआईपी पास रद्द कर दिये गये हैं। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय ने बताया कि सभी प्रकार के विशेष पास/दर्शन-आरती आदि की बुकिंग पहले ही रद्द कर दी गई है। उनके अनुसार सभी को एक ही रास्ते से जाना होगा। दर्शन का समय बढ़ाकर 19 घंटे कर दिया गया है, जो मंगला आरती से रात 11 बजे तक जारी रहेगा। राम जन्मोत्सव का प्रसारण करीब 100 बड़ी एलईडी स्क्रीन के जरिए किया जाएगा।