रत्नागिरी में माहौल बिगाड़ने की कोशिश; RSS का निकल रहा था मार्च, अराजक तत्वों ने लगाए धार्मिक नारे
महाराष्ट्र के रत्नागिरी में RSS के मार्च को रोकने की कोशिश की गई है। RSS के कार्यकर्ता शहर में मार्च कर रहे थे, तभी माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया।
- भारत
- 2 min read

Ratnagiri News: देश विजयादशमी का पर्व धूमधाम से मना रहा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भी इस त्योहार को जोरशोर से मनाता है। इसी क्रम में संघ के कार्यकर्ता शहर शहर मार्च निकाल रहे हैं। हालांकि महाराष्ट्र के रत्नागिरी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मार्च को रोकने की कोशिश की गई है। शुक्रवार शाम को आरएसएस के कार्यकर्ता शहर में मार्च कर रहे थे, तभी माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया। कुछ अराजक तत्वों ने आरएसएस कार्यकर्ताओं के मार्च के समय कथित तौर पर धार्मिक नारे लगाए। हालांकि पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया।
महाराष्ट्र विधानसभा में कणकवली से विधायक और बीजेपी नेता नितेश राणे ने एक तथाकथित वीडियो शेयर किया है, जिसमें कुछ लोगों को नारेबाजी करते हुए देखा गया था। घटना को लेकर नितेश ने वीडियो के साथ लिखा- 'इसका हिसाब तो होगा... इंटरेस्ट के साथ'
रत्नागिरी में शुक्रवार शाम निकला था RSS का मार्च
रत्नागिरी में शुक्रवार शाम को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता कदम ताल करते हुए बैंड बाजे के साथ मार्च कर रहे थे। संघ कार्यकर्ता कतार लगाकर चल रहे थे। इसी बीच कुछ अराजक तत्वों का झुंड इस मार्च को बाधित करने की कोशिश करते हुए दिखाई दिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी उन लोगों को रोककर खड़े हुए थे, ताकि आरएसएस का मार्च निकल सके।
वीडियो में देखा गया कि संघ कार्यकर्ताओं के आते ही वहां मौजूद अराजक तत्व नारेबाजी करने लगे। उन लोगों ने धार्मिक नारे लगाए। काफी देर तक ये लोग संघ कार्यकर्ताओं के मार्च के बीच नारेबाजी करते रहे। पुलिस वहां मोर्चा संभालकर डटी हुई थी और संघ का मार्च वहां से धीरे-धीरे आगे निकल गया था। फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच की बात कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले में वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही मामले में FIR दाखिल की जाएगी। अभी मामला शांत है।