Assam: कोयला खदान में फंसे एक और खनिक का शव बरामद, अधिकारी ने दी जानकारी

असम के दीमा हसाओ जिले में कोयला खदान में फंसे एक और खनिक का शव शनिवार को बचाव अभियान के दौरान बरामद किया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Undertrail person dies
Assam: कोयला खदान में फंसे एक और खनिक का शव बरामद, अधिकारी ने दी जानकारी | Image: PTI

असम के दीमा हसाओ जिले में कोयला खदान में फंसे एक और खनिक का शव शनिवार को बचाव अभियान के दौरान बरामद किया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि अब तक दो शव बरामद किए जा चुके हैं। पहला शव बुधवार को खदान से निकाला गया था।

दोनों खनिक उन नौ खनिकों में शामिल थे जो सोमवार को उमरंगसो स्थित खदान में अचानक पानी भर जाने के कारण फंस गए थे। अधिकारी ने बताया, 'बचाव अभियान आज सुबह फिर से शुरू हुआ और फंसे हुए खनिकों की तलाश के छठे दिन एक और शव बरामद किया गया। नेपाल के रहने वाले एक खनिक का शव पहले ही बरामद किया जा चुका है।'

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि…

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि बचाव अभियान 'अटूट संकल्प' के साथ जारी है और मृतकों की पहचान कर ली गई है। अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान 27 वर्षीय लिजेन मगर के रूप में हुई है, जो दीमा हसाओ के कलामाटी के एक गांव से है।

उन्होंने बताया कि सेना और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के गोताखोर जब खनिक को बाहर निकालने गए तो मगर का शव खदान में भरे हुए पानी में तैरता हुआ मिला। मुख्यमंत्री ने कहा, 'उमरंगसो में बचाव कार्य निरंतर जारी है। दुखद बात यह है कि आज सुबह एक और शव बरामद किया गया...।'

Advertisement

उन्होंने कहा, ‘हमारी संवेदनाएं शोक संतप्त लोगों के साथ हैं।’ अधिकारी ने बताया कि तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) और कोल इंडिया द्वारा लाई गई विशेष मशीनों से 340 फुट गहरी खदान से पानी निकालने का काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने दावा किया था कि यह खदान 12 वर्ष पहले बंद कर दी गई थी और तीन वर्ष पहले तक यह असम खनिज विकास निगम के अधीन थी। शर्मा ने शुक्रवार रात को कहा, 'यह कोई अवैध खदान नहीं थी, बल्कि इसे बंद कर दिया था। उस दिन खनिक पहली बार कोयला निकालने के लिए खदान में घुसे थे।'

Advertisement

उन्होंने बताया कि खनिकों के मुखिया को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभियान पर शर्मा ने कहा कि बृहस्पतिवार से पानी निकालने का काम जारी है और अब तक सात मीटर पानी निकाला जा चुका है।

उन्होंने बताया, ‘‘चार गड्ढों में पानी 26 मीटर तक भर गया है। अगर गड्ढों से पानी निकाल दिया जाए तो हम कुछ नतीजे की उम्मीद कर सकते हैं।' शर्मा ने कहा कि नागपुर से एक और मशीन मंगाई गई है और शनिवार सुबह से इसका संचालन शुरू हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि यदि यह ठीक काम करेगी तो उम्मीद है कि शाम तक पानी निकाल लिया जाएगा। इस घटना में दीमा हसाओ स्वायत्त परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य (सीईएम) देबोलाल गोरलोसा के परिवार के सदस्य की कथित संलिप्तता पर मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह मानवीय त्रासदी है और हमें इसका राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए।'

ये भी पढ़ें - Aaj Ka Rashifal: रिश्तों में आ सकती है खटास! पढ़ें आज का राशिफल

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By:
 Garima Garg
पब्लिश्ड