अपडेटेड 21 March 2026 at 08:21 IST
'खुलकर कहिए युद्ध गलत है, आप न्यूट्रल होते तो...', मिडिल ईस्ट तनाव को लेकर सरकार पर बरसे ओवैसी, PM मोदी के इजरायल दौरे पर भी उठाए सवाल
Owaisi attack Government: AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि हम खुद को आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया कहते हैं, लेकिन 60 प्रतिशत गैस आयात करते हैं। तेल और गैस होर्मुज स्ट्रेज के रास्ते आते हैं। सरकार कहती है कि कोई कमी नहीं है।
- भारत
- 4 min read

Asaduddin Owaisi statement: AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मिडिल ईस्ट में जारी जंग को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने पीएम मोदी पर जंग के दौरान अमेरिका और इजरायल के साथ खड़े होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर आप न्यूट्रल होते तो शायद आपकी बातों का वजन होता। ओवैसी ने मुस्लिम देशों से तेल और गैस खरीदने को लेकर भी सरकार को घेरा।
ओवैसी ने बताया- ईरान के बाद अगला टारगेट कौन?
हैदराबाद में एक कार्यक्रम में असुदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि ट्रंप और नेतन्याहू गाजा की तरह ईरान को बर्बाद करना चाहते हैं। अगर कोई समझ आ रहा है कि ईरान बर्बाद हो जाएगा तो उसके बाद कुछ नहीं होगा। तुर्किये की बारी आएगी। पूरे अरब की बारी आएगी। नुकसान किसका हो रहा है, अरबों का हो रहा है।
PM मोदी के दौरे पर उठाए सवाल
ओवैसी ने पीएम मोदी के इजरायल दौरे पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दोस्त नेतन्याहू ने उन्हें वहां बुलाया। वे वहां क्यों गए? उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता था कि ऐसा होगा। इसके लिए रॉकेट साइंस की जरूरत नहीं है। आप वहां गए, यह जानते हुए कि हमला होगा ही। आप जैसे ही वहां से निकले, हमला शुरू हो गया।
AIMIM प्रमुख ने एलपीजी संकट का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि हम खुद को आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया कहते हैं, लेकिन 60 प्रतिशत गैस आयात करते हैं। तेल और गैस होर्मुज स्ट्रेज के रास्ते आते हैं। सरकार कहती है कि कोई कमी नहीं है।
Advertisement
उन्होंने कहा कि मैं शुरू से यही कह रहा हूं कि हम न तो ईरान के साथ हैं, न अरब देशों के साथ, हम सबके साथ हैं। फिलिस्तीनियों के मुद्दे को हम अपना मुद्दा मानते हैं। पीएम ने क्या किया? उन्होंने खुद को ट्रंप और नेतन्याहू के खेमे में खड़ा कर लिया। आप अगर न्यूट्रल रहते तो शायद आपके शब्दों में वजन होता।
AIMIM ने कहा कि खुले तौर पर कहो कि युद्ध गलत है। आपको ईरान, कतर, सऊदी अरब, बहरीन, कुवैत से कोई लगाव नहीं है, तो कम से कम दुबई, अबू धाबी, शारजाह, दोहा, कुवैत, बहरीन और सऊदी अरब में रहने वाले भारतीयों जो काम करते हैं, उनके लिए तो रखो। देश की विदेशी मुद्रा का 50 प्रतिशत वे कमाते हैं। उनकी अर्थव्यवस्था कमजोर हुई तो हमारे लोग वापस आएंगे। उनके बारे में तो सोचो।
Advertisement
‘अब मुसलमानों का तेल और गैस क्यों ले रहे हो?’
उन्होंने दावा किया कि हमारे पास सिर्फ साढ़े 9 दिन का SPR (स्ट्रेटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व) है। अगर ओएमसी (ऑयल मार्केटिंग कंपनियां) को जोड़ें तो 74 दिन होते हैं। ओवैसी ने कहा कि आप फिल्म देखने के बाद कहते हैं कि मुसलमानों से कोई खरीदारी नहीं करेंगे। अब मुसलमानों का तेल और गैस क्यों ले रहे हो। बोलो हम नहीं लेंगे कतर का गैस, बोलो हम नहीं लेंगे सऊदी का पेट्रोल, बोले UAE का निवेश हम गुजरात में नहीं चाहेंगे। इतनी नफरत हो चुकी है।
पाकिस्तान को बताया इजरायल का छोटा भाई
इस दौरान ओवैसी ने अफगानिस्तान पर हमला करने के लिए पाकिस्तान को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि हमारा पड़ोसी पाकिस्तान भी इजरायल का छोटा भाई है। यह दोनों ऐसे देश हैं, जो अपने पड़ोसियों को कभी भी शांति से नहीं रहने देंगे। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर बमबारी की और 400 लोगों को मार दिया। पाकिस्तान बड़ा दावा करता है, उसे इस्लाम की बुनियादी बातें भी नहीं पता।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 21 March 2026 at 08:21 IST