अपडेटेड 11 March 2026 at 13:55 IST
LPG Crisis: 'देशभर में 1 करोड़ लोग अचानक बेरोजगार हो जाएंगे, PM मोदी ने सबसे बड़ी ये गलती की...', अरविंद केजरीवाल ने सरकार पर उठाए सवाल
LPG Crisis: AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने देश में LPG गैस को लेकर पैदा हो रही स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस समय देश गंभीर ऊर्जा संकट का सामना कर रहा है। गैस सिलेंडर की कमी से होटल-रेस्टोरेंट बंद हो रहे हैं, जिससे लोगों की नौकरी खतरे में है।
- भारत
- 3 min read

Arvind Kejriwal on LPG Crisis: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने LPG गैस की कमी को लेकर मोदी सरकार को घेरा है। उन्होंने पीएम मोदी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का गुलाम तक कह दिया। केजरीवाल ने प्रधानमंत्री दौरे पर भी सवाल खड़े किए।
केजरीवाल ने सरकार को घेरा
बुधवार (11 मार्च) को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कहा, "इस वक्त देश बहुत गंभीर संकट से गुजर रहा है। पूरे देश में LPG गैस की भारी किल्लत हो गई है। उसका कारण है कि देश में LPG का उत्पादन लगभग 50% तक घट चुका है।"
उन्होंने कहा कि हमारी देश में जितनी LPG की खपत है, उसका 60% इंपोर्ट होता है। उस 60% इंपोर्ट का 90 प्रतिशत स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से आता है। इसका सबसे ज्यादा खामियाजा रेस्टोरेंट और होटल झेल रहे हैं।
केजरीवाल ने दावा किया कि सरकार ने आदेश जारी किया है कि रेस्टोरेंट्स और होटल को LPG सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराए जाएंगे। इस फैसले के कारण देश के बड़े शहरों में कई रेस्टोरेंट और होटल बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं। इस समय देशभर में शादी-ब्याह का सीजन चल रहा है। अगर यही हालात रहे तो लोगों को अपनी शादियां तक टालनी पड़ सकती हैं।
Advertisement
उन्होंने यह कहा कि अगर यही स्थिति बनी रही तो देश भर में करीब एक करोड़ लोगों के बेरोजगार होने का खतरा पैदा हो सकता है।
‘PM मोदी की सबसे बड़ी गलती ये थी कि…’
AAP प्रमुख ने यह भी कहा कि अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमला किया हुआ है। ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर कब्जा किया हुआ है। वहां से केवल रूस और चीन के जहाजों को ही गुजरने दिया जा रहा है।
Advertisement
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे बड़ी गलती की है कि किसी भी युद्ध में हमें किसी भी पक्ष का साथ नहीं देना चाहिए था, न्यूट्रल रहना चाहिए था। भारत की Non Aligned Policy जो पिछले 75 सालों से चली आ रही थी, जिसकी प्रधानमंत्री ने धज्जियां उड़ा दीं। वो जाकर सीधा अमेरिका और इजरायल के साथ और ईरान के खिलाफ जाकर खड़े हो गए।
केजरीवाल ने सवाल उठाए कि युद्ध शुरू होने के एक दिन पहले उन्हें इजरायल जाने की क्या जरूरत थी? नेतन्याहू को गले लगाने की क्या जरूरत थी? यह करके उन्होंने पूरे देश को संकट में डाल दिया है। ईरान जो हमारा पुराना दोस्त था, उसको हमने अपना दुश्मन बना लिया।
ट्रंप के दबाव में काम कर रहे PM मोदी- केजरीवाल
उन्होंने आगे कहा कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी पूरी तरह डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में काम कर रहे हैं। हालात ऐसे दिख रहे हैं मानो भारत जैसे महान देश को अमेरिका का उपनिवेश बना दिया गया हो। ट्रंप जो भी आदेश देते हैं, मोदी जी उसे मानो “जी हुजूर” कहकर स्वीकार कर लेते हैं।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 11 March 2026 at 13:55 IST