'हर सनातनी दुखी है, अगर आप चाहते हैं कि चंदा चोरों को सजा मिले तो सरकार...', राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर केजरीवाल का जोरदार हमला
अरविंद केजरीवाल ने अयोध्या में राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी को लेकर यूपी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि अगर चंदा चोरों को सजा दिलवानी है तो सरकार बदलनी होगी।
- भारत
- 4 min read

Arvind Kejriwal on Ram Mandir Donation Theft: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को अयोध्या में राम मंदिर दान में कथित हेराफेरी को लेकर केंद्र और यूपी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जो लोग चढ़ावा और दान चोरी करने वालों को सजा दिलाना चाहते हैं उन्हें सरकार बदलनी होगी।
अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, 'राम मंदिर में चोरी करने वालों का तीन लेवल पर नाश होगा। इन्हें लगता है कि भगवान राम कोई पत्थर की मूर्ति हैं। उनके चढ़ावे की चोरी करने वालों का कुछ नहीं होगा। लेकिन उन्हें यह नहीं पता कि भगवान राम कितने शक्तिशाली हैं। वह सर्वव्यापी और सर्वशक्तिमान हैं। वह चंदा चोरी करने वालों को वह ऐसा दंड देंगे, जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की होगी।'
'चंदा चोरों को सजा दिलानी है तो सरकार बदलनी पड़ेगी'
उन्होंने आगे कहा, 'एक दंड तो भगवान देंगे और दूसरा कानून को दंड देना चाहिए। मुझे उम्मीद नहीं है कि जब तक बीजेपी की सरकार है कानून चोरों को दंड देगा। केंद्र से और उत्तर प्रदेश से इनकी सरकार जाएगी, तभी चोरों को सजा मिलना संभव हो पाएगा। हर राम भक्त को सोचना चाहिए कि अगर आप चंदा चोरों को दंड दिलवाना चाहते हैं तो सरकार बदलनी पड़ेगी। नई सरकार ही आकर दंड देगी। मौजूदा केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार चोरों को बचाने में लगी हैं।'
पूरे समाज को चोरों का बहिष्कार करना चाहिए- केजरीवाल
केजरीवाल ने दोहराते हुए कहा कि अगर चोरों को सजा दिलानी है, तो सरकार बदलना बेहद जरूरी है। पूरे समाज को ऐसे लोगों और उनका साथ देने वालों का पूरी तरह बहिष्कार करना चाहिए।
Advertisement
अमित शाह से पूछे पांच सवाल
इससे पहले उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह पर तीखा प्रहार किया था। उन्होंने उनसे ढाई सालों से अब तक राम मंदिर का दर्शन नहीं करने से जुड़े सवाल भी पूछे। केजरीवाल ने कहा, ‘राम मंदिर बनने के बाद गृहमंत्री अमित शाह एक बार भी दर्शन के लिए राम मंदिर नहीं गए। भगवान राम और राम मंदिर के नाम पर वोट मांगने का समय है, लेकिन उनके चरणों में आशीर्वाद लेने जाने का समय नहीं है। मैं अमित शाह से पांच सवाल पूछना चाहता हूं- राम मंदिर क्यों नहीं गए? क्या आपका भगवान राम के दर्शन करने का मन नहीं करता? क्या आपका राम मंदिर जाने का मन नहीं करता? क्या आपको भगवान राम के आशीर्वाद की जरूरत है? क्या आप राम चंद्र जी को भगवान मानते हैं?’
‘सत्ता के लिए भगवान राम के नाम का इस्तेमाल किया’
अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'यह लोग भगवान को राम नहीं मानते हैं। अगर भगवान मानते तो कभी चढ़ावे की चोरी नहीं करते। उन्हें अंदर से डर लगता कि अगर हमने चोरी कर दी, तो भगवान देख रहे हैं। हमें महापाप लगेगा, हमारा भविष्य खराब हो जाएगा। लेकिन इन्हें कोई डर नहीं है। यह खुलेआम चोरी कर रहे हैं। अगर यह राम को भगवान मानते तो कभी चोरी नहीं करते, लेकिन यह भगवान राम को भगवान मानते ही नहीं है। इन्होंने आज तक केवल और केवल सत्ता के लिए इस्तेमाल किया है। भगवान ने इन्हें क्या नहीं दिया? 21 राज्यों में भगवान राम चंद्र जी ने इनकी सरकार बनवा दी, केंद्र में इनकी सरकार बनवा दी। अमित शाह कम से कम भगवान का धन्यवाद करने ही राम मंदिर चले जाते।'